ट्रक से 268 पेटी शराब बरामद
रमेश गोयत
पंचकूला, 27 अगस्त। पंचकूला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 268 पेटी चंडीगढ़ मार्का अवैध शराब बरामद की है। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 13.5 लाख रुपये बताई गई है। शराब को स्पोर्ट्स सामान की आड़ में चंडीगढ़ से पश्चिम बंगाल और असम तक पहुंचाने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक ट्रक में करीब 2500 लीटर शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर एंटी नारकोटिक सेल पंचकूला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर की। एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज सौरव रावत को 26 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी मात्रा में अवैध शराब लोड है और उसे चंडीगढ़ से माजरी चौक होते हुए हाईवे के रास्ते बाहर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घग्घर पार कर कमांडो कॉम्प्लेक्स की तरफ जाने वाले कट के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। चालक ने अपना नाम शहजाद आलम निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिसकर्मी को धक्का देकर ट्रक से कूदा चालक
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार पुलिस ने चालक को ट्रक साइड में लगाने के लिए कहा और निगरानी के लिए एक पुलिसकर्मी को उसके साथ वाली सीट पर बैठा दिया। इसी दौरान चालक ने ट्रक को तेज रफ्तार से गुरुद्वारे के पीछे जाने वाली सड़क की तरफ भगा दिया।
जब पुलिसकर्मी ने ट्रक रोकने के लिए कहा तो चालक ने कथित तौर पर उसे धक्का दे दिया और कुछ दूरी पर चलते ट्रक से छलांग लगा दी। चालक के कूदते ही ट्रक बेकाबू होकर एक बिल्डिंग की तरफ जाने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी ने तत्काल चालक की सीट संभाली और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को नियंत्रित कर सुरक्षित साइड में रोक दिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
पुलिस टीम ने पीछा कर चालक को काबू कर लिया। चलती गाड़ी से छलांग लगाने के कारण उसके सिर में चोट लगी थी। पुलिस ने उसे पहले सरकारी अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला पहुंचाया, जहां से बाद में चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उसका उपचार चल रहा है।
स्पोर्ट्स सामान के नीचे छिपाई थी शराब
ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिस को 268 पेटी चंडीगढ़ मार्का शराब मिली। तस्करों ने शराब को ट्रक में आगे से पीछे तक स्पोर्ट्स सामान से ढककर रखा था, ताकि बाहर से देखने पर किसी को शराब होने का पता न चले।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि ट्रक में पहले पंजाब के जालंधर से स्पोर्ट्स सामान लोड किया गया था। इसके बाद चंडीगढ़ से अवैध शराब भरी गई। शराब और स्पोर्ट्स सामान को आगे सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल तथा बारपेटा, असम तक पहुंचाया जाना था।
इस मामले में थाना चंडीमंदिर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 281, 221, 132 और 109 तथा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर निर्मल सिंह कर रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पुलिस इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब चंडीगढ़ में कहां से लोड की गई और इसे पश्चिम बंगाल तथा असम तक पहुंचाने की योजना में कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क तक पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगी।















Total Users : 399217
Total views : 644444