10 जनवरी को पैतृक गांव व नारनौंद पहुंचेंगे सीजेआई, जिला जज व एसपी ने संभाली कमान
हिसार। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के 10 जनवरी को प्रस्तावित पैतृक गांव पेटवाड़ एवं नारनौंद दौरे को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक तंत्र पूरी तरह सक्रिय हो गया है। दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन और एसडीएम नारनौंद विकास यादव ने गांव पेटवाड़ का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने पेटवाड़ के स्टेडियम में प्रस्तावित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर रूट प्लान, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, शौचालय, पेयजल तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
नारनौंद में न्यायिक परिसर का होगा शिलान्यास
एसडीएम विकास यादव ने बताया कि सीजेआई सूर्यकांत के दौरे को लेकर सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी को मुख्य न्यायाधीश नारनौंद में उप मंडलीय न्यायिक परिसर भवन का शिलान्यास भी करेंगे।
अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
तैयारियों को समय रहते पूरा करने के उद्देश्य से एसडीएम ने पेटवाड़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिला परिषद की उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों को ड्यूटी आवंटित करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सीजेआई दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के दौरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
पेटवाड़ में होगा भव्य सम्मान समारोह
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक ने बताया कि पेटवाड़ में आयोजित सम्मान समारोह में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के 50 से अधिक न्यायाधीश शामिल होंगे। गांव में इस ऐतिहासिक अवसर को लेकर खासा उत्साह है।
पारंपरिक अंदाज में होगा मुख्य न्यायाधीश का स्वागत
ग्रामीणों के अनुसार, सीजेआई सूर्यकांत के पैतृक गांव आगमन पर उनका बीन-बांसुरी और ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया जाएगा। इस स्वागत कार्यक्रम के लिए पानीपत से विशेष सांस्कृतिक टीम को आमंत्रित किया गया है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश निशांत शर्मा, मंगलेश चौबे, अनुदीप, न्यायाधीश अनुराधा, मास्टर ऋषिकांत, सरपंच सतबीर सिंह, मास्टर फूल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।












Total Users : 295596
Total views : 499807