कच्ची छत पक्की करने के लिए जल्द पोर्टल के माध्यम से पात्र परिवारों के आवेदन करवाएगी सरकार
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़ , 20 सिंतबर -हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के स्कूलों का सर्वे करवाकर 150 ऐसे स्कूलों को चिन्हित किया है जिनके भवनों का निर्माण दोबारा से करवाया जाएगा। इन भवनों का जल्द निर्माण करवाए जाने के लिए सरकार ने 400 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। अच्छे भवनों में बेहतर शिक्षा प्राप्त करके हमारे युवा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही जिन परिवारों के मकानों की छत कच्ची है,उन्हें पक्का करने के लिए 80 हजार रुपए पात्र परिवार को दिए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही पोर्टल पर आवेदन मांगे जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने गांव बीड खैरी में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए और लाइब्रेरी में पुस्तकों के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसी तरह गांव अंटहेडी में कम्युनिटी सेंटर बनाने के लिए 50 लाख रुपए की राशि और शमशान घाट का सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की है। गांव बरगट जाटान और गांव बरगट थलीपुर को 21-21 लाख रुपए गांव के विकास कार्यों, 2-2 लाख रुपए लाइब्रेरी की पुस्तकों के लिए और 11 लाख रुपए शिव मंदिर के लंगर हॉल के लिए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा रखी गई मांगों को सम्बन्धित विभाग के पास भेजकर पूरा करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में प्रदेश के नागरिकों को बिजली के दर्शन भी कई कई दिनों में होते थे। लेकिन प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 1.80 लाख आय वाले परिवारों को 2 किलोवाट का सोलर पैनल मुफ्त में उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे नागरिकों के घरों का बिल शून्य हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनावी वायदे को पूरा करते हुए किडनी के मरीजों का डायलिसिस फ्री में करवाया जा रहा है। इसी तरह आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का इलाज फ्री में उपलब्ध करवाया जा रहा है। इन योजनाओं से प्रदेश का गरीब और अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति मजबूत हुआ है। इसके अलावा हर 20 किलोमीटर पर कॉलेज स्थापित किया है।
विभागों ने स्थापित किए अपने-अपने स्टॉल और हेल्प डेस्क
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लाडवा विधानसभा में आयोजित कार्यक्रमों में जिला प्रशासन द्वारा हैल्प डेस्क स्थापित किए गए। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव कालीरानो, सुल्तानपुर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन की शिकायतों को सुना और विभिन्न योजनाओं से संबंधित पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी लिए। इस दौरान सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडो लक्ष्मी योजना, परिवार पहचान पत्र, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पीएम मातृ वंदना योजना, एमएसएमई विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने स्टॉल स्थापित कर अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं को आमजन के समक्ष रखा।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, सरपंच रामकरण, सरपंच मनीषा रानी, सरपंच मुकेश देवी, संदीप सिंह, सरपंच सुरेश, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।













Total Users : 417226
Total views : 668579