October 11, 2026 8:57 am

October 11, 2026 8:57 am

हिसार के पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने एवरेस्ट बेस कैंप पर फहराया तिरंगा, हरियाणा का नाम रोशन

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले के नलवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत गांव मिंगनी खेड़ा निवासी पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। नरेंद्र कुमार ने 30 दिसंबर को विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप (5,364 मीटर) पर भीषण सर्दी और माइनस 40 डिग्री सेल्सियस तापमान में भारतीय तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस सफलता से पूरे प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है।

नरेंद्र कुमार का लक्ष्य दुनिया की 14 सबसे ऊंची चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराना है। एवरेस्ट बेस कैंप पर तिरंगा फहराना इस दिशा में उनका एक और बड़ा कदम माना जा रहा है

विपरीत हालात भी नहीं तोड़ सके हौसला
इस साहसिक अभियान की शुरुआत नरेंद्र कुमार ने 24 दिसंबर 2025 को की थी। अभियान के दौरान उन्हें खराब मौसम, तेज बर्फबारी और अत्यधिक ठंड जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके, अदम्य साहस, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर उन्होंने इस मिशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।

पिता बने प्रेरणा स्रोत
नरेंद्र कुमार की इस सफलता के पीछे उनके पिता सुभाष चंद्र का अहम योगदान रहा है, जो हमेशा उनके प्रेरणास्त्रोत और मार्गदर्शक बने रहे। नरेंद्र ने वर्ष 2019 में अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग, मनाली से बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स किया। इसके बाद 2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग से एडवांस कोर्स पूरा किया। उनके पिता सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हैं, हर कदम पर बेटे का हौसला बढ़ाते रहे।

कई बड़े रिकॉर्ड उनके नाम
पर्वतारोही नरेंद्र कुमार पहले भी कई दुर्गम चोटियों पर तिरंगा फहरा चुके हैं। उन्होंने माउंट मनास्लु (8,163 मीटर) की सफल चढ़ाई की है और माउंट अन्नपूर्णा (8,091 मीटर) पर तिरंगा फहराने वाले पहले हरियाणवी पर्वतारोही बने। इसके अलावा वे माउंट ल्होत्से (8,516 मीटर) पर चढ़ाई करने वाले हरियाणा के पहले व्यक्ति हैं। वहीं, माउंट किलिमंजारो पर मात्र पांच दिनों में दो बार चढ़ाई कर उन्होंने विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित किया है।

फिट इंडिया मुहिम के ब्रांड एंबेसडर
नरेंद्र कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। उन्होंने 15 अगस्त 2021 को आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर माउंट युनम पर 151 फीट लंबा और 9 फीट चौड़ा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति का अनोखा उदाहरण पेश किया था। इसके अलावा, जुलाई माह में उन्होंने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस (5,642 मीटर) को भी फतह किया।
नरेंद्र कुमार युवाओं को नशे से दूर रहने, फिटनेस अपनाने और खेल व एडवेंचर को करियर के रूप में अपनाने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 7 3
Total Users : 428273
Total views : 683207

शहर चुनें