चंडीगढ़: सुखना लेक पर दो दिवसीय एयर शो की भव्य शुरुआत के साथ ही शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भारतीय वायुसेना की मशहूर सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम ने आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। फाइटर जेट्स ने नीले आकाश में डायमंड फॉर्मेशन और अंग्रेजी अक्षर ‘A’ बनाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एयर शो को देखने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सुखना लेक पहुंचे। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में राजेश प्रसाद मौजूद रहे। उनके साथ कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। शो में एंट्री के लिए पहले से ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य रखी गई है, जिसके तहत प्रतिदिन लगभग 10 हजार दर्शकों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।
स्थानीय पायलटों ने बढ़ाया शहर का गौरव
एयर शो में चंडीगढ़ के दो पायलटों ने भी हिस्सा लेकर शहर का नाम रोशन किया। इनमें विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह, जो सूर्यकिरण टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, और दिवाकर शर्मा शामिल हैं। उनके साथ फ्लाइट लेफ्टिनेंट कमल संधू भी टीम का हिस्सा हैं।
हल्की बारिश के बावजूद उत्साह बरकरार
सुबह हल्की बूंदाबांदी के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रशासन ने खुले में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की है। मौके पर मौजूद डिप्टी कमिश्नर निशांत कुमार यादव ने तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ट्रैफिक और परिवहन की विशेष योजना
एयर शो के दौरान शहर को 7 जोन में बांटकर परिवहन व्यवस्था की गई है। करीब 300 बसों के जरिए सुबह 8 से 9 बजे के बीच निर्धारित पिकअप प्वाइंट्स से दर्शकों को सुखना लेक तक पहुंचाया जा रहा है। सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए निजी वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रखी गई है।
कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजन
कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लगभग 1300 पुलिसकर्मियों के साथ वरिष्ठ अधिकारी तैनात हैं। एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है, वहीं राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम पक्षियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
एंट्री नियम और जरूरी सावधानियां
दर्शकों के लिए टिकट के साथ रिस्ट बैंड अनिवार्य किया गया है। केवल पारदर्शी पानी की बोतल ले जाने की अनुमति है। प्रशासन ने 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भी भीड़ से दूर रखने की सलाह दी है।
सुव्यवस्थित सीटिंग प्लान
एयर शो के लिए विशेष सीटिंग प्लान तैयार किया गया है। सबसे आगे 500 वीआईपी मेहमानों के लिए सीटें आरक्षित हैं, इसके बाद एयरफोर्स के 700 कर्मियों की व्यवस्था की गई है। शेष स्थानों पर सात जोनों से आए करीब 10 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है।











Total Users : 290987
Total views : 493106