October 11, 2026 8:05 am

October 11, 2026 8:05 am

पंचकूला समेत सात शहरी निकायों में चुनाव की तैयारियां तेज

22 जनवरी को मेयर व अध्यक्ष पदों के आरक्षण का होगा ड्रॉ, सोनीपत, पंचकूला और अंबाला में वार्डबंदी पूरी

चंडीगढ़: हरियाणा में पंचकूला समेत सात शहरी निकायों में आगामी चुनावों को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सभी संबंधित निकायों में वार्डबंदी का काम पूरा कर लिया गया है। अब 22 जनवरी को मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण को लेकर रोटेशन और ड्रॉ ऑफ लॉट की प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
सोनीपत, पंचकूला और अंबाला नगर निगमों में वार्डबंदी का कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा रेवाड़ी नगर परिषद, नगर पालिका उकलाना, धारूहेड़ा और सांपला में भी पहले ही वार्डों का परिसीमन और आरक्षण तय किया जा चुका है। इन सभी निकायों में अब चुनाव प्रक्रिया को अगले चरण में ले जाया जाएगा।

तीनों नगर निगमों में फिलहाल भाजपा के मेयर
पंचकूला, अंबाला और सोनीपत—तीनों नगर निगमों में इस समय भाजपा के मेयर हैं। पंचकूला में कुलभूषण गोयल, सोनीपत में राजीव जैन और अंबाला में शैलजा सचदेवा मेयर के पद पर कार्यरत हैं।
वर्तमान स्थिति में अंबाला नगर निगम में सामान्य वर्ग की महिला, जबकि पंचकूला और सोनीपत में सामान्य वर्ग के मेयर हैं।
नगर परिषद रेवाड़ी में अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए है। उकलाना में सामान्य वर्ग, सांपला में अनुसूचित जाति वर्ग की महिला और धारूहेड़ा में चेयरमैन पद भी अभी सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। यदि आरक्षण में बदलाव होता है तो इसका सीधा असर स्थानीय राजनीति पर पड़ सकता है और कई नए राजनीतिक समीकरण सामने आ सकते हैं।

22 जनवरी को होगी अहम बैठक
हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय महानिदेशालय ने संबंधित मंडलायुक्तों या उनके प्रतिनिधियों और नगर निगम आयुक्तों को पत्र भेजकर 22 जनवरी को पंचकूला स्थित महानिदेशालय में दोपहर ढाई बजे होने वाली बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इसी बैठक में मेयर और अध्यक्ष पदों के आरक्षण को लेकर ड्रॉ ऑफ लॉट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक अशोक मीना ने बताया कि विभाग स्तर पर चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 3 5
Total Users : 428235
Total views : 683160

शहर चुनें