October 11, 2026 8:15 am

October 11, 2026 8:15 am

हरियाणा में सर्दी का कहर, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट, कोल्ड डे जैसे हालात

चंडीगढ़: हरियाणा में सर्दी ने अब अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह और देर रात चल रही ठंडी हवाओं के साथ घने कोहरे ने लोगों की दिनचर्या प्रभावित कर दी है। दिन चढ़ने के बाद भी ठिठुरन बनी हुई है और धूप में भी गर्माहट महसूस नहीं हो रही। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अलाव और हीटर का सहारा लेना पड़ रहा है। बिना गर्म कपड़ों के घर से निकलना मुश्किल हो गया है।

तापमान में अचानक आई बड़ी गिरावट:
मंगलवार 6 जनवरी को प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की अचानक गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को नारनौल में सबसे कम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान भी सामान्य से करीब 4 डिग्री नीचे चला गया है। इस बदलाव का सीधा असर जनजीवन पर देखने को मिल रहा है।

कई जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात:
चरखी दादरी और जींद में बीते 24 घंटों के भीतर तापमान में 5 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड की मार और तेज हो गई। हालांकि यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज क्षेत्र में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई, लेकिन कुल मिलाकर पूरे प्रदेश में कोल्ड डे जैसे हालात बने हुए हैं। दिन के समय भी लोगों को कंपकंपी का एहसास हो रहा है।

सूखी ठंड बढ़ा रही परेशानी:
प्रदेश में अब तक कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। सूखी ठंड और लगातार चल रही शीत हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नमी बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में कोहरा और धुंध और गहरी हो सकती है, जिससे दृश्यता पर भी असर पड़ेगा।

कब मिलेगी राहत:
मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार उत्तर और उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के चलते रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। आने वाले कुछ दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। उन्होंने लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने और कोहरे के दौरान यात्रा में सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक जनवरी के तीसरे सप्ताह तक ठंड का असर बना रह सकता है, जबकि जनवरी के अंत तक कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 4 6
Total Users : 428246
Total views : 683172

शहर चुनें