रमेश गोयत
पंचकूला, 17 जून। पंचकूला में अपहरण और लूटकांड के मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए पंचकूला के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चरखी दादरी निवासी दीपेश और भिवानी निवासी योगेश के रूप में हुई है। दोनों पर पंचकूला में एक युवक के अपहरण और लूट की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं, जिसके बाद विशेष टीमों ने इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि जब पुलिस टीम आरोपियों के करीब पहुंची तो खुद को घिरा हुआ देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के लिए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों का संबंध हाल ही में सामने आए अपहरण और लूटकांड से जुड़ा पाया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों और उनके आपराधिक नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पूछताछ के आधार पर इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।














Total Users : 349163
Total views : 576484