June 21, 2026 4:05 pm

June 21, 2026 4:05 pm

चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोल्डी ढिल्लों गैंग के तीन गुर्गे हथियारों समेत गिरफ्तार, ट्राइसिटी में वारदात की साजिश नाकाम

ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबोचे आरोपी, विदेशी पिस्टल और कारतूस बरामद
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 20 जून: चंडीगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों गैंग के एक और मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस की ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने गैंग से जुड़े तीन गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अत्याधुनिक हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ट्राइसिटी में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, जिसे समय रहते नाकाम कर दिया गया।

चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई आईजी यूटी चंडीगढ़ पुष्पेंद्र कुमार और एसपी क्राइम मनजीत श्योराण के दिशा-निर्देशों पर की गई। ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने डीएसपी ऑपरेशन और डीएसपी क्राइम की निगरानी में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

गुप्त सूचना के आधार पर बिछाया जाल
पुलिस को 20 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि गोल्डी ढिल्लों गैंग से जुड़े तीन सदस्य हथियारों के साथ बाइक पर घूम रहे हैं और गैंगस्टर के निर्देश पर ट्राइसिटी क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना में बताया गया कि आरोपी मुल्लांपुर क्षेत्र की तरफ से चंडीगढ़ में प्रवेश करेंगे।
इसके बाद ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीम ने योजना बनाकर इलाके में नाकाबंदी की। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से विदेशी मेड सी47 9एमएम पिस्टल, एक .32 बोर पिस्टल और कुल 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

आरोपी एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए गैंगस्टर के संपर्क में थे
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप के जरिए गोल्डी ढिल्लों के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर काम कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंग के लिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सेक्टर-11 चंडीगढ़ में कैशियर जंकी हत्या मामले में पकड़े गए आरोपियों के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार गैंग ने दो अलग-अलग मॉड्यूल बनाए थे। पहला मॉड्यूल हत्या की वारदात में शामिल था, जबकि दूसरा मॉड्यूल चंडीगढ़ पहुंचकर नए टारगेट के इंतजार में था।

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी हैप्पी चिब (20), राहुल कुमार (24) और वंश शर्मा (19) जम्मू क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार तीनों का पहले भी आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है और इनके खिलाफ अलग-अलग थानों में मामले दर्ज हैं।

हैप्पी चिब के खिलाफ जम्मू क्षेत्र में मारपीट, हथियार अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं। राहुल कुमार के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं वंश शर्मा के खिलाफ भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है।

आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में थाना क्राइम में एफआईआर नंबर 20 दिनांक 20 जून 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

चंडीगढ़ पुलिस ने दोहराया है कि अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 1 2 4
Total Users : 349124
Total views : 576428

शहर चुनें