June 21, 2026 2:51 pm

June 21, 2026 2:51 pm

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त से किसानों को मिली आर्थिक सहायता

केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने केवीके शिकोहपुर में किसानों को किया सम्मानित
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 20 जून- प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के उपलक्ष्य में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), शिकोहपुर तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, गुरुग्राम द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों के कल्याण, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। पिछले 12 वर्षों में किसानों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच रहा है। सरकार का उद्देश्य खेती को अधिक लाभकारी बनाना तथा किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार खेती में नई तकनीकों को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, बेहतर बीज, मृदा परीक्षण, फसल बीमा तथा अन्य सुविधाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है। कृषि क्षेत्र में नवाचार और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ताकि किसानों को अधिक उत्पादन और बेहतर आमदनी प्राप्त हो सके।
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से आर्थिक सहायता सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। उन्होंने किसानों से कृषि विभाग और कृषि विज्ञान केंद्रों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही तकनीकी जानकारी का लाभ उठाने तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान किसान गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को बीज एवं मृदा उपचार, फसलों में रोग एवं कीट प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, ड्रोन तकनीक, किसान संगठनों के लाभ तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। किसानों को मृदा परीक्षण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कंपोस्ट निर्माण तथा संतुलित उर्वरकों के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा चलाए जा रहे खेत बचाओ अभियान की जानकारी भी किसानों को दी गई।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर 18 हजार 880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 9 करोड़ 44 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में भेजी गई।
इस अवसर पर एडीसी सोनू भट्ट, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के संयुक्त निदेशक (प्रसार) डॉ. आर.एन. पडारिया, उप निदेशक कृषि डॉ. अनिल तंवर, कृषि विज्ञान केंद्र शिकोहपुर के अध्यक्ष डॉ. विजय ,  कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 0 8 3
Total Users : 349083
Total views : 576367

शहर चुनें