July 13, 2026 2:31 am

July 13, 2026 2:31 am

PANCHKULA: दो वर्षों से अनदेखी का आरोप: सेक्टर-28 के लोगों ने खुद संभाली सफाई की जिम्मेदारी, प्रशासन के खिलाफ जताया रोष

घग्गर रोड पर आरडब्ल्यूए और स्थानीय लोगों ने चलाया स्वच्छता अभियान
रमेश गोयत
पंचकूला, 5 जुलाई। पंचकूला के सेक्टर-28 के निवासियों ने रविवार सुबह घग्गर के साथ लगने वाली सड़क पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे उगी झाड़ियों, खरपतवार और गंदगी को हटाकर क्षेत्र को साफ किया। इस अभियान में बुजुर्ग, युवा और अन्य समाजसेवी भी शामिल हुए। लोगों ने कहा कि यह अभियान केवल शुरुआत है और आने वाले समय में पूरे सेक्टर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

दो वर्षों से विभागों को भेजे जा रहे हैं पत्र, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
सेक्टर-28 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के प्रधान जसवीर सिंह गोयत ने बताया कि घग्गर रोड की सफाई, झाड़ियों की कटाई और रखरखाव को लेकर पिछले दो वर्षों से लगातार संबंधित विभागों को शिकायतें और पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बागवानी विभाग पीएमडी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के बागवानी विभाग तथा सिविल विभाग को कई बार लिखित रूप से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक किसी भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

सेक्टर-27 तक हो रहे विकास कार्य, सेक्टर-28 की अनदेखी का आरोप
आरडब्ल्यूए का आरोप है कि संबंधित विभाग घग्गर रोड पर केवल सेक्टर-27 तक ही सफाई और रखरखाव के कार्य कर रहे हैं, जबकि सेक्टर-28 की ओर पूरी तरह ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है जैसे सेक्टर-28 शहर का हिस्सा ही नहीं है। सड़क किनारे फैली झाड़ियां, बढ़ी हुई घास और गंदगी के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मजबूरी में लोगों ने खुद उठाया सफाई का जिम्मा
प्रशासनिक उदासीनता से नाराज सेक्टर-28 के निवासियों ने स्वयं आगे आकर सफाई अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान लोगों ने झाड़ियों की कटाई की, कचरा हटाया और आसपास के क्षेत्र को साफ किया। निवासियों ने कहा कि यदि सरकारी विभाग अपनी जिम्मेदारी समय पर निभाते तो लोगों को स्वयं सड़क पर उतरकर सफाई नहीं करनी पड़ती।

यह सिर्फ शुरुआत है, पूरे सेक्टर को बनाएंगे स्वच्छ और सुंदर’
सफाई अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि यह केवल एक शुरुआत है। आने वाले दिनों में अधिक से अधिक सेक्टरवासी इस अभियान से जुड़ेंगे और पूरे सेक्टर की सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नियमित रूप से श्रमदान करेंगे। उन्होंने नागरिकों से भी इस मुहिम में सहयोग करने की अपील की।

आरडब्ल्यूए ने प्रशासन से की तत्काल कार्रवाई की मांग
आरडब्ल्यूए प्रधान जसवीर सिंह गोयत ने प्रशासन से मांग की है कि घग्गर रोड पर नियमित सफाई, झाड़ियों की कटाई, सड़क किनारे हरियाली के रखरखाव तथा आवश्यक विकास कार्य तुरंत शुरू कराए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सेक्टर-28 के निवासी अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति बनाने को मजबूर होंगे।

मुख्य बिंदु
सेक्टर-28 के लोगों ने घग्गर रोड पर चलाया सफाई अभियान।
दो वर्षों से विभिन्न विभागों को भेजे जा रहे हैं शिकायत पत्र।
आरडब्ल्यूए ने सेक्टर-28 की अनदेखी का लगाया आरोप।
लोगों ने श्रमदान कर झाड़ियां और गंदगी हटाई।
प्रशासन से नियमित सफाई और रखरखाव की मांग।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 1 4
Total Users : 366614
Total views : 600273

शहर चुनें