बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़/रोहतक, 9 जुलाई। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहतक जिले के लाखन माजरा तहसील के हल्का पटवारी सुरेश कुमार को ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के लिए आवश्यक भूमि रिकॉर्ड (फर्द) में एंट्री करने के बदले शिकायतकर्ता से ₹1.20 लाख की रिश्वत मांग रहा था।
ब्यूरो के अनुसार, इस मामले में एसीबी थाना रोहतक में एफआईआर संख्या-21, दिनांक 9 जुलाई 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है।
KCC लोन के लिए एंट्री करने के बदले मांगी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि वह किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण लेने के लिए अपनी जमीन के रिकॉर्ड में आवश्यक इन्द्राज कराने हेतु सभी दस्तावेज लेकर हल्का पटवारी सुरेश कुमार के पास गया था। आरोप है कि पटवारी ने सरकारी रिकॉर्ड में ऑफलाइन इन्द्राज करने और उसे सत्यापित करने के बदले ₹1.20 लाख की अवैध रिश्वत की मांग की।
जाल बिछाकर किया ट्रैप, मौके से बरामद हुई रिश्वत की रकम
शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसवी एंड एसीबी, रोहतक की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान पटवारी सुरेश कुमार को शिकायतकर्ता से ₹1 लाख की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने रिश्वत की पूरी राशि भी मौके से बरामद कर ली। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के निदेशक डॉ. ए.एस. चावला ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ब्यूरो भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है और प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल-फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।












Total Users : 366614
Total views : 600273