October 11, 2026 8:53 am

October 11, 2026 8:53 am

चंडीगढ़ में एंटी-ड्रग अभियान की समीक्षा, 20 दिन में 163 एफआईआर और 173 गिरफ्तारियां

प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पुलिस मुख्यालय में की समीक्षा बैठक, 2.638 किलो हेरोइन समेत नशीले पदार्थ और हथियार बरामद
रमेश गोयत
चंडीगढ़। यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में चल रहे एंटी-ड्रग अभियान की समीक्षा की। बैठक में प्रधान सचिव, गृह सचिव, डीजीपी/यूटी, आईजीपी/यूटी, एसएसपी सिक्योरिटी एंड ट्रैफिक, एसएसपी/यूटी, एसएसपी ऑपरेशंस, एसपी मुख्यालय समेत चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान अभियान के तहत अब तक की गई कार्रवाई, प्रगति और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

11 सितंबर से 30 सितंबर तक 163 एफआईआर
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक चलाए गए अभियान के दौरान एनडीपीएस और नशे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 163 एफआईआर दर्ज की गईं और 173 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 525 लोगों को एहतियाती कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 2.638 किलोग्राम हेरोइन, 9.46 ग्राम आइस, 50.72 ग्राम कोकीन और 1.191 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इसके अलावा हुक्का, 49 इंजेक्शन, 24 चाकू, तीन पिस्तौल, नौ कारतूस और 20 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए।


65 ड्रग हॉटस्पॉट पर विशेष नजर
चंडीगढ़ पुलिस ने नशे की गतिविधियों से जुड़े 65 संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां विशेष कार्रवाई शुरू की है। इन 65 हॉटस्पॉट पर अब तक 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 99 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। 195 लोगों को एहतियाती कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया गया।
पुलिस के अनुसार हॉटस्पॉट पर गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 61 ऐसे लोग शामिल हैं, जिनके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं। पुलिस की ओर से इन इलाकों में गश्त, संदिग्ध लोगों की जांच और तलाशी अभियान को बढ़ाया गया है।


नशा सप्लाई चेन तोड़ने पर जोर
एंटी-ड्रग अभियान के तहत पुलिस का मुख्य फोकस नशे की सप्लाई चेन को रोकने और नशे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को बाधित करने पर है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त और चेकिंग की जा रही है। पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ-साथ संदिग्ध स्थानों की तलाशी भी ली जा रही है।


नशा करने वालों की पहचान, 37 पुनर्वास केंद्र भेजे
चंडीगढ़ पुलिस ने नशे की सप्लाई करने वालों और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ नशे के आदी लोगों के उपचार और पुनर्वास पर भी ध्यान केंद्रित किया है। अभियान के दौरान 83 नशा पीड़ित लोगों की पहचान की गई। इनमें से 37 लोगों को उपचार के लिए पुनर्वास केंद्रों में दाखिल कराया गया है।

अधिकारियों ने किए 142 जनसंपर्क कार्यक्रम
अभियान के तहत पुलिस ने लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया है। अब तक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से 24 जनसभाएं की गई हैं, जबकि एसडीपीओ और थाना प्रभारियों ने 118 जनसभाएं आयोजित की हैं।
इसके अलावा चंडीगढ़ के विभिन्न इलाकों में विशेष तलाशी अभियान चलाए गए। इन अभियानों के दौरान संबंधित एसडीपीओ और एसएचओ ने संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों और उनके घरों तक जाकर भी जांच की।

स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान
पुलिस की ओर से स्कूलों और कॉलेजों में भी जागरूकता एवं संवेदनशीलता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। खास तौर पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है। नशे के खिलाफ नुक्कड़ नाटक, जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर और पर्चों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सोशल मीडिया के जरिए भी एंटी-ड्रग संदेश लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं।

एंटी-ड्रग हेल्पलाइन पर 453 कॉल और संदेश
चंडीगढ़ पुलिस द्वारा 23 सितंबर 2026 को शुरू की गई एंटी-ड्रग हेल्पलाइन पर अब तक 453 कॉल और संदेश प्राप्त हुए हैं। इनमें 332 इनपुट चंडीगढ़ क्षेत्र से और 121 इनपुट चंडीगढ़ के बाहर से प्राप्त हुए।
चंडीगढ़ से मिले इनपुट में 167 कार्रवाई योग्य पाए गए, जबकि 97 सामान्य पूछताछ से संबंधित थे और 68 में जानकारी अधूरी थी। पुलिस के अनुसार इन सूचनाओं के आधार पर सात एफआईआर दर्ज की गईं, सात गिरफ्तारियां हुईं और 21 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई।

एनडीपीएस मामलों में 92.7 प्रतिशत सजा दर
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार अगस्त 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के मामलों में 92.7 प्रतिशत सजा दर दर्ज की गई है। इस अवधि में 97 मामलों का फैसला हुआ, जिनमें 90 मामलों में दोषसिद्धि हुई, जबकि सात मामलों में आरोपी बरी हुए।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट के 137 मामलों का फैसला हुआ था। इनमें 116 मामलों में दोषसिद्धि और 21 मामलों में बरी किए जाने के फैसले आए थे। उस वर्ष सजा दर 84.7 प्रतिशत रही थी।

प्रशासक ने लॉन्च किया चंडीगढ़ पुलिस वॉलीबॉल कप
एंटी-ड्रग अभियान की समीक्षा के बाद प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ पुलिस वॉलीबॉल कप-2026 का भी शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने टूर्नामेंट की जर्सियां भी जारी कीं। चंडीगढ़ पुलिस वॉलीबॉल कप का आयोजन 2 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस में किया जाएगा।

आगे भी जारी रहेगा एंटी-ड्रग अभियान
चंडीगढ़ पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। भविष्य की रणनीति में नशा तस्करों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान, क्लबों की गतिविधियों और समय की निगरानी, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा प्रशासन के सहयोग से नशा पीड़ितों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 7 1
Total Users : 428271
Total views : 683205

शहर चुनें