पंचकूला में यातायात नियमों की अनदेखी पर पुलिस की सख्ती, चालक ने रुकने के बजाय भगाई कार
रमेश गोयत
पंचकूला, 7 अक्टूबर। पंचकूला में यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वाहनों पर अनधिकृत रूप से लाल-नीली बत्ती, सायरन, काली फिल्म, अवैध स्टीकर अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत मंगलवार रात डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने एक ऐसी कार को करीब पांच किलोमीटर तक पीछा करने के बाद रुकवाया, जिस पर अस्थायी नंबर प्लेट के साथ अनधिकृत लाल-नीली बत्ती लगी हुई थी।
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे की है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह सरकारी वाहन से सेक्टर-14 मार्किट की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक कार पर पड़ी। कार पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी थी और उसके ऊपर अनधिकृत तरीके से लाल-नीली बत्ती लगाई गई थी। कार में दो युवक सवार थे।
रुकने का इशारा किया तो चालक ने बढ़ा दी रफ्तार
डीसीपी ने कार चालक को वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पुलिस के निर्देश का पालन करने के बजाय कार को दौड़ा दिया। चालक मार्किट के आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में कार को घुमाता रहा। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी ने स्वयं कार का पीछा शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, करीब 5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद सेक्टर-15 के पास कार को रुकवाया गया। इसके बाद डीसीपी ने मौके पर सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी को बुलाया। पुलिस टीम ने वाहन के दस्तावेजों और यातायात नियमों से संबंधित विभिन्न उल्लंघनों की जांच की।
30 हजार रुपये का चालान, कार इंपाउंड
जांच के दौरान सामने आए यातायात नियमों के उल्लंघनों के आधार पर वाहन चालक का 30 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके साथ ही कार को मौके पर ही इंपाउंड कर दिया गया और थाना सेक्टर-14 में खड़ा करवाया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई को अनधिकृत लाल-नीली बत्ती और अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।
अनधिकृत बत्ती और सायरन पर पुलिस की पैनी नजर
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देश पर पंचकूला पुलिस यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ऐसे वाहनों की भी जांच कर रही है, जिन पर बिना अनुमति के लाल-नीली बत्ती, सायरन, काली फिल्म, अवैध स्टीकर या अन्य प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि सड़क सभी लोगों की साझा जिम्मेदारी है और यातायात नियमों का पालन करना हर वाहन चालक के लिए जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क पर वाहन चालकों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अनधिकृत बत्ती, सायरन अथवा अन्य प्रतिबंधित उपकरणों का इस्तेमाल कर सड़क पर खुद को विशेष दिखाने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की निगरानी आगे भी जारी रहेगी।












Total Users : 428244
Total views : 683170