April 5, 2026 6:17 am

April 5, 2026 6:17 am

PUNJAB: गणतंत्र दिवस पर सीएम भगवंत मान का बड़ा बयान “चंडीगढ़ हमारा था, है और रहेगा; पंजाब अपने हकों की कानूनी लड़ाई जारी रखेगा”

होशियारपुर, 26 जनवरी: 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर होशियारपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जहां एक ओर देश की आज़ादी और संविधान के लिए शहीदों को नमन किया, वहीं दूसरी ओर पंजाब के संवैधानिक अधिकारों को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पंजाब को गैर-कानूनी तरीके से उसकी राजधानी चंडीगढ़ और अलग हाई कोर्ट से वंचित रखा गया है, जो राज्य के साथ घोर अन्याय है।

मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, “चंडीगढ़, पंजाब यूनिवर्सिटी और पंजाब के पानी को छीनने की साजिशें कभी कामयाब नहीं होंगी। चंडीगढ़ पंजाब का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। राज्य सरकार अपनी राजधानी वापस लेने के लिए हर संभव कानूनी और संवैधानिक कदम उठाती रहेगी।”

“देश के छोटे राज्यों के पास भी हाई कोर्ट, पंजाब आज भी वंचित”
अलग हाई कोर्ट के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नाराज़गी जाहिर करते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश के कई छोटे-छोटे राज्यों के पास अपनी हाई कोर्ट हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर बेमिसाल योगदान देने वाले पंजाब को आज भी इससे वंचित रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट में मामलों का अत्यधिक बोझ होने के कारण पंजाब के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

शहीदी और धार्मिक आयोजनों को ऐतिहासिक रूप देने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस पूरे राज्य में ऐतिहासिक स्तर पर मनाया गया।
उन्होंने घोषणा की कि सिखों के तीन पवित्र तख्तों वाले शहर—श्री अमृतसर साहिब, श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो—को पवित्र शहर घोषित किया गया है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व 1 से 20 फरवरी 2027 तक राज्य स्तरीय कार्यक्रमों और समागमों के माध्यम से मनाया जाएगा, ताकि उनकी महान विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
“भारत की आज़ादी और संविधान के लिए सबसे ज्यादा कुर्बानियां पंजाब ने दीं”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में पंजाबियों ने सबसे अधिक बलिदान दिए।
उन्होंने कूका आंदोलन, बब्बर अकाली लहर, गदर आंदोलन, कामागाटा मारू त्रासदी और पगड़ी संभाल जट्टा आंदोलन का ज़िक्र करते हुए कहा कि पंजाब हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ा रहा है।
उन्होंने शहीद भगत सिंह, सुखदेव, ऊधम सिंह, करतार सिंह सराभा, लाला लाजपत राय सहित सैकड़ों शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसानों और सैनिकों के योगदान के कारण ही राज्य को “देश का अन्नदाता और खड़गभुजा” कहा जाता है।
उन्होंने बताया कि पंजाब देश के केंद्रीय अनाज भंडार में 60 प्रतिशत से अधिक योगदान देता है। पिछले साल भीषण बाढ़ के बावजूद पंजाब के किसानों ने 156 लाख मीट्रिक टन धान का योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश के लिए अपनी उपजाऊ ज़मीन और जल संसाधनों तक की कुर्बानी दी है, फिर भी राज्य के साथ बार-बार भेदभाव किया जा रहा है।


मनरेगा बदलावों पर चिंता, SC और बेजमीन परिवारों के हितों की लड़ाई
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में किए गए बदलावों पर गहरी चिंता जताई।
उन्होंने कहा कि इससे अनुसूचित जाति वर्ग, महिलाएं और बेजमीन परिवार सबसे अधिक प्रभावित होंगे।
उन्होंने बताया कि पंजाब में 19.85 लाख मनरेगा परिवार पंजीकृत हैं, जिनमें से 12.65 लाख अनुसूचित जाति वर्ग से हैं। राज्य सरकार इस मुद्दे पर कानूनी और संवैधानिक लड़ाई लड़ रही है।

नशे, गैंगस्टर और ड्रोन के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’
‘गैंगस्टरों पर वार’
नारको-ड्रोन के खिलाफ सख्ती
इन अभियानों से पंजाब दोबारा पटरी पर लौट रहा है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एंटी-ड्रोन तकनीक लगाई गई है, अब तक सैकड़ों ड्रोन पकड़े जा चुके हैं और तस्करों की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
स्वास्थ्य, रोजगार और निवेश में रिकॉर्ड उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने:
सभी परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज
63,000 से अधिक सरकारी नौकरियां बिना रिश्वत
1.5 लाख करोड़ रुपये का निवेश, जिससे 5.2 लाख रोजगार
सड़क सुरक्षा फोर्स से सड़क हादसों में 48% से अधिक कमी
जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने घोषणा की कि पंजाब निवेश सम्मेलन 13 से 15 मार्च को मोहाली में आयोजित होगा।

संविधान और शहीदों को नमन
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संविधान ने देश को एकजुट रखा है।
उन्होंने कहा, “पंजाबी कभी झुके नहीं हैं, न आज और न ही भविष्य में। पंजाब अपने हकों की रक्षा के लिए हर रोज़ संघर्ष करता रहेगा।”
रंगारंग कार्यक्रम और सम्मान समारोह
गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद महिलाओं को सहायता सामग्री भी वितरित की गई।

 

 

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें