October 11, 2026 8:16 am

October 11, 2026 8:16 am

PUNJAB: हरजोत सिंह बैंस का मोहाली के सरकारी स्कूल का औचक निरीक्षण, एक हफ्ते में डीपीआर के निर्देश

चंडीगढ़/एस.ए.एस. नगर (मोहाली), 12 फरवरी:
पंजाब में सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने की मुहिम के तहत शिक्षा मंत्री स. हरजोत सिंह बैंस ने गुरुवार एस.ए.एस. नगर (मोहाली) जिले के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हथियारपुर का आकस्मिक दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के बुनियादी ढांचे की खस्ताहाल स्थिति पर नाराजगी जताई और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूल के आधुनिकीकरण के लिए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पेश करने के निर्देश दिए।
चंडीगढ़ के नजदीक स्थित होने के बावजूद कक्षाओं की खराब हालत और पेंटिंग की तत्काल जरूरत पर असंतोष व्यक्त करते हुए शिक्षा मंत्री ने डायरेक्टर (सेकेंडरी शिक्षा) से फोन पर बात कर तुरंत एक निरीक्षण टीम गठित करने और स्कूल का दौरा करने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्कूल एक आदर्श मॉडल शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।
स. बैंस ने अधिकारियों को स्कूल की मरम्मत, आईसीटी-सक्षम कक्षाओं के निर्माण और विद्यार्थियों के लिए नई वर्दी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्कूल प्रिंसिपल को गलियारों में विद्यार्थियों की कलाकृतियों (आर्ट वर्क) को प्रदर्शित करने के लिए कहा, ताकि बच्चों की रचनात्मकता को प्रोत्साहन मिल सके।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया और उन्हें जीवन में ऊंचे लक्ष्य तय कर कड़ी मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
स्कूल प्रिंसिपल ने बताया कि 15 लाख रुपये की लागत से स्कूल के खेल मैदान को अपग्रेड किया जा रहा है। इस पर शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिए कि खेल मैदान को शाम के समय स्थानीय बच्चों के लिए भी खोला जाए।
मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार की जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई की नीति को दोहराते हुए स. बैंस ने स्कूल के अध्यापकों को अपनी मांगों की सूची तैयार कर निरीक्षण टीम को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल के बुनियादी ढांचे के उन्नयन की वे व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे और सरकारी स्कूलों को शीर्ष निजी स्कूलों के बराबर खड़ा करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 8 2 4 7
Total Users : 428247
Total views : 683173

शहर चुनें