October 12, 2026 11:56 am

October 12, 2026 11:56 am

फरीदकोट में पाकिस्तान-समर्थित ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश, सेना जवान व बर्खास्त पुलिसकर्मी समेत 6 गिरफ्तार

चंडीगढ़/फरीदकोट, 22 फरवरी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फरीदकोट पुलिस ने पाकिस्तान-समर्थित अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक सेवारत सेना जवान और एक बर्खास्त पुलिस कर्मचारी सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.8 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी। उन्होंने बताया कि यह सफलता दो महीने की गुप्त जेल निगरानी और खुफिया ऑपरेशन का परिणाम है, जिससे पाकिस्तान स्थित हैंडलरों द्वारा संचालित नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हेरोइन की खेप ड्रोन के जरिए सीमा पार से भारतीय क्षेत्र में भेजी जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:
जरनैल सिंह उर्फ गोल्डी (निवासी लुधियाना, सेवारत सेना जवान)
अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर (बर्खास्त पीएपी कर्मचारी)
डिंपल रानी (फिरोजपुर)
रमनदीप कौर (मोगा)
सरबजीत सिंह उर्फ सब्बा (मोगा)
अमृतपाल सिंह उर्फ अभिजोत (मोगा)
पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 हजार रुपये ड्रग मनी भी बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही थार और एक्सयूवी-500 गाड़ियां भी जब्त की गई हैं।
ऐसे हुआ खुलासा
एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रग्या जैन ने बताया कि 20-21 फरवरी की दरमियानी रात सीआईए स्टाफ की टीम ने ग्रीन एवेन्यू के पास एक थार गाड़ी को रोका। डीएसपी तरलोचन सिंह के नेतृत्व में तलाशी के दौरान 1.008 किलोग्राम हेरोइन और ड्रग मनी बरामद की गई और चार आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह खेप अमरदीप सिंह उर्फ बॉक्सर द्वारा एक्सयूवी-500 में सप्लाई की गई थी। इसके बाद पुलिस ने गांव गोलियाना सेमनाला के पास कार्रवाई कर बॉक्सर और उसकी साथी डिंपल रानी को काबू किया और उनके पास से 3.796 किलोग्राम हेरोइन व पिस्तौल बरामद की।
संस्थागत पहचान पत्रों का दुरुपयोग
एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी अमरदीप सिंह पर पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपी भी एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के तहत आपराधिक रिकॉर्ड रखते हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने नाकों और टोल प्लाजा से बचने के लिए अपने आधिकारिक पहचान पत्रों का दुरुपयोग किया। महिला साथियों को साथ रखना भी तस्करी के सुनियोजित तरीके का हिस्सा था।
केस दर्ज
इस संबंध में थाना सिटी फरीदकोट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 27-ए के तहत एफआईआर नंबर 95 दिनांक 21.02.2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों का रिमांड हासिल कर लिया है और सीमा पार बैठे हैंडलरों तथा स्थानीय नेटवर्क की गहन जांच जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 3 0
Total Users : 429130
Total views : 684334

शहर चुनें