August 29, 2026 5:54 am

August 29, 2026 5:54 am

हिसार में भीषण सड़क हादसा: रोडवेज बस-ट्रक टक्कर में चालक की मौत, 13 यात्री घायल

हिसार: जिले के हांसी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भिवानी से जींद की ओर जा रही हरियाणा रोडवेज की बस की सामने से आ रहे ट्रक से मुंढाल गांव के पास जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।

घायलों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में राहुल (निवासी बस), विक्रम (बीबीपुर), पाले राम व प्रदीप (भकलाना), रामगोपाल (मध्य प्रदेश), मोहित (चाहत खेड़ी), जिले सिंह, जयप्रकाश, विकास और सतबीर सहित अन्य यात्री शामिल हैं। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ हो सकता है। बताया जा रहा है कि बस अपने निर्धारित रूट पर थी और मुंढाल के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई यात्री सीटों से उछलकर घायल हो गए और बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही हांसी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार वाहन चालकों की लापरवाही और तेज गति हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। मृतक चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 8 8
Total Users : 400088
Total views : 645618

शहर चुनें