राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट, PM e-Bus Sewa योजना का लिया जायजा
चंडीगढ़: पत्र सूचना कार्यालय (Press Information Bureau), जयपुर द्वारा राजस्थान राज्य के वरिष्ठ संपादकों एवं रिपोर्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल का चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा का अध्ययन दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया तथा प्रशासनिक अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।

राज्यपाल से मुलाकात, दौरे के उद्देश्य पर चर्चा
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ (यूटी) के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान प्रेस दौरे के उद्देश्य, केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

PM e-Bus Sewa योजना की जानकारी
दौरे के अंतिम दिन पत्रकार दल ने चंडीगढ़ परिवहन विभाग में प्रधानमंत्री ई-बस सेवा (PM e-Bus Sewa) योजना के तहत संचालित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
परिवहन विभाग के चीफ ऑपरेशनल मैनेजर यशजीत गुप्ता ने बताया कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा चंडीगढ़ के लिए कुल 428 इलेक्ट्रिक बसों को स्वीकृति दी गई है। वर्तमान में शहर में 80 इलेक्ट्रिक बसें संचालित थीं। हाल ही में 25 नई बसों के शामिल होने से यह संख्या बढ़कर 105 हो गई है।
उन्होंने बताया कि 12 मीटर लंबी लो-फ्लोर, वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें एक बार चार्ज होने पर लगभग 224 किलोमीटर तक चलने में सक्षम हैं। इन बसों में 400 मिमी लो-फ्लोर सुविधा, दिव्यांगजन यात्रियों के लिए पावर ऑपरेटेड रैंप, 36 यात्रियों के बैठने एवं 20 के खड़े होने की क्षमता, व्हीलचेयर के लिए विशेष स्थान, एयर सस्पेंशन, फ्रंट डिस्क ब्रेक, यात्री सूचना डिस्प्ले और वॉयस आधारित अगला स्टॉप घोषणा प्रणाली जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
सुरक्षा और निगरानी के विशेष प्रबंध
बसों में यात्री क्षेत्र, चालक व्यवहार, रिवर्स और डैशबोर्ड दृश्य सहित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त AIS-140 मानक के अनुरूप जीपीएस डिवाइस, स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के कमांड कंट्रोल सेंटर से जुड़े पैनिक बटन और स्टॉप रिक्वेस्ट बटन भी स्थापित किए गए हैं।
2027-28 तक डीजल बसों को किया जाएगा प्रतिस्थापित
गुप्ता ने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन वर्ष 2027-28 तक ट्राईसिटी क्षेत्र में संचालित सभी डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों से प्रतिस्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके तहत 70 और बसें शामिल की जाएंगी, जिससे कुल इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 508 तक पहुंच जाएगी। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी, शहरी परिवहन में सुधार और नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
CCBSS और CTU की भूमिका
चंडीगढ़ सिटी बस सर्विसेज सोसाइटी (CCBSS), Chandigarh Transport Undertaking के अंतर्गत, भारत सरकार की पीएम ई-बस सेवा पहल के तहत इन बसों का संचालन कर रही है। इन इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा 14 फरवरी 2026 को किया गया था।
चार्जिंग एवं अवसंरचना
डिपो आधारित CCS2 फास्ट चार्जिंग सिस्टम स्थापित किया गया है। बसों को रात्रिकालीन निर्धारित चार्जिंग के तहत लगभग 2–3 घंटे में पूर्ण चार्ज किया जा सकता है। स्मार्ट लोड मैनेजमेंट प्रणाली, अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन तथा स्थानीय प्राधिकरणों के साथ समन्वित विद्युत लोड योजना सुनिश्चित की गई है।
रखरखाव के लिए रिमोट डायग्नोस्टिक्स आधारित प्रिवेंटिव और प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, बैटरी स्वास्थ्य निगरानी, थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम और समर्पित तकनीकी दल तैनात हैं।
इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम का अवलोकन
प्रतिनिधिमंडल ने इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम के कंट्रोल रूम का भी दौरा किया, जहां से सिटी बस सेवा की विभिन्न गतिविधियों की ऑनलाइन निगरानी की जाती है।

प्रेस क्लब में संवाद
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब का भी भ्रमण किया और स्थानीय मीडिया संस्थानों के पत्रकारों के साथ विचार-विमर्श किया।
यह इलेक्ट्रिक बसें पर्यावरण अनुकूल हैं और प्रदूषण नहीं करतीं, जिससे शहरी क्षेत्रों में ध्वनि और वायु प्रदूषण में कमी आएगी। यह पहल स्वच्छ, हरित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।














Total Users : 400088
Total views : 645618