October 13, 2026 9:08 pm

October 13, 2026 9:08 pm

CHANDIGARH: रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

चंडीगढ़। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस सिलेंडर प्राप्त करने में आ रही परेशानियों के विरोध में शनिवार को चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस ने बापूधाम कॉलोनी में वाल्मीकि धर्मशाला के सामने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच. एस. लकी ने किया।
इस विरोध प्रदर्शन का आयोजन चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुमनलता वैद्य के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और सिलेंडरों की कमी को लेकर गहरा आक्रोश जताया।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एच. एस. लकी ने कहा कि केंद्र की सरकार जनता को गुमराह कर रही है। एक ओर सरकार यह दावा कर रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और स्थिति सामान्य है, जबकि दूसरी ओर रसोई गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर आम जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह फैसला बेहद अन्यायपूर्ण है।
लकी ने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है। पहले जहां सिलेंडर के लिए 15 दिन का वेटिंग पीरियड होता था, उसे बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और शहर में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने इस संकट का सही आकलन नहीं किया और न ही जमीनी स्तर पर इसकी प्रभावी निगरानी की जा रही है, जिसके चलते गैस सिलेंडरों की सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
इस दौरान एच. एस. लकी ने चंडीगढ़ प्रशासन से मांग की कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर तुरंत सख्ती से रोक लगाई जाए और गैस एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर रसोई गैस की सप्लाई को सुचारू बनाया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इस मौके पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुमनलता वैद्य ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की किल्लत का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस आम जनता की आवाज बनकर ऐसे जनविरोधी फैसलों के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रायदीप सिद्धू, जेपी, मनोज, लारा, अनिल, अनुज सहित कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय कॉलोनीवासी मौजूद रहे।

Abhishek Goyat
Author: Abhishek Goyat

Our Visitor

4 2 9 6 9 4
Total Users : 429694
Total views : 685141

शहर चुनें