July 13, 2026 5:08 am

July 13, 2026 5:08 am

करनाल में विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की माता को श्रद्धांजलि देने उमड़ीं राजनीतिक हस्तियां

बाबूगिरी ब्यूरो
करनाल/चंडीगढ़, 22 मार्च। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण की दिवंगत माता स्वर्गीय प्रेम कौर कल्याण को श्रद्धांजलि देने के लिए रविवार को करनाल जिले के कुटेल गांव स्थित कल्याण फार्म में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। समारोह में देश-प्रदेश की प्रमुख राजनीतिक हस्तियां, संत समाज, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


इस अवसर पर आचार्य देवव्रत (राज्यपाल, गुजरात) और नायब सिंह सैनी (मुख्यमंत्री, हरियाणा) समेत कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर स्व. प्रेम कौर कल्याण को पुष्पांजलि अर्पित की।
आदर्श मां थीं प्रेम कौर कल्याण : आचार्य देवव्रत
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि माता प्रेम कौर कल्याण का जीवन सादगी, संस्कार और त्याग का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि उनके व्यक्तित्व की झलक हरविन्द्र कल्याण के जीवन में स्पष्ट दिखाई देती है।


उन्होंने कहा कि एक मां ही पूरे परिवार को संस्कारित कर उसे समाज में ऊंचाई तक पहुंचाने का मार्ग प्रशस्त करती है। भारतीय संस्कृति में मां का स्थान सर्वोच्च है और प्रेम कौर कल्याण इसका जीवंत उदाहरण थीं।
मां का स्थान जीवन में सर्वोपरि : मुख्यमंत्री सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि “मां ऐसा शब्द है जिसकी कोई पूर्ति नहीं हो सकती। मां बिना मांगे सब कुछ देने वाली होती है।”
उन्होंने कहा कि प्रेम कौर कल्याण का जीवन प्रेम, त्याग और तपस्या से परिपूर्ण रहा और उनके आदर्श समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि हरविन्द्र कल्याण ने अपनी मां के संस्कारों को जीवन में उतारकर समाज में विशिष्ट स्थान बनाया है।

विस अध्यक्ष ने जताया आभार
विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि मां जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होती है, जो बचपन से लेकर जीवन के हर मोड़ पर मार्गदर्शन करती है।
उन्होंने बताया कि उनकी माता ने उन्हें सदैव संयम, करुणा और सच्चाई का मार्ग अपनाने की शिक्षा दी। “उन्होंने कभी डांटकर नहीं, बल्कि समझाकर जीवन के मूल्य सिखाए,” उन्होंने कहा।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस श्रद्धांजलि समारोह में कैबिनेट मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, संत समाज और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और स्व. प्रेम कौर कल्याण को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह का माहौल पूरी तरह भावुक और श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा, जहां उपस्थित सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 6 6 6 5 6
Total Users : 366656
Total views : 600323

शहर चुनें