August 30, 2026 7:37 am

August 30, 2026 7:37 am

HARYANA: ओलावृष्टि से बर्बाद फसल पर 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग, अभय सिंह चौटाला ने सरकार को घेरा

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 1 अप्रैल। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश के कई जिलों में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि विशेष गिरदावरी करवाई जाए और प्रभावित किसानों को कम से कम 50 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से तुरंत मुआवजा दिया जाए।
चौटाला ने कहा कि गैर-मौसमी प्राकृतिक आपदाओं के चलते किसान लगातार नुकसान झेल रहा है और सरकार की बेरुखी के कारण वह आर्थिक संकट में फंसता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के किसान विरोधी रवैये के चलते किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच चुका है।
उन्होंने बताया कि पिछले साल भी बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेतों में पानी भर गया था, जो कई जगह आज तक नहीं निकाला गया। इस वजह से किसान अगली फसल की बुआई तक नहीं कर पा रहा है। इसके बावजूद सरकार ने अब तक प्रभावित किसानों को मुआवजा नहीं दिया, जो बेहद चिंताजनक है।
चौटाला ने कहा कि किसान पहले ही कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है और अब फसल बर्बाद होने से उसकी स्थिति और खराब हो गई है। बढ़ते कर्ज के कारण कई किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं, जो बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि कपास की खेती करने वाले किसानों को करीब 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का घाटा हो रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है।
अंत में चौटाला ने सरकार से अपील की कि वह किसानों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाए और पिछले बकाया मुआवजे के साथ-साथ मौजूदा फसल नुकसान की भरपाई के लिए विशेष गिरदावरी करवाकर तुरंत राहत राशि जारी करे, ताकि संकट में घिरे किसानों को कुछ सहारा मिल सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 8 4 7
Total Users : 400847
Total views : 646669

शहर चुनें