August 30, 2026 7:26 am

August 30, 2026 7:26 am

PANCHKULA: रायपुररानी से शुरू हुआ इग्नू क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ का संचालन, 7 अप्रैल को होगा 39वां दीक्षांत समारोह

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 1 अप्रैल: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ ने अब पंचकूला के रायपुररानी स्थित सरकारी पीजी कॉलेज परिसर से पूर्ण रूप से कार्य करना शुरू कर दिया है। यह जानकारी क्षेत्रीय केंद्र के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. भानु प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले क्षेत्रीय केंद्र का उप-कार्यालय चंडीगढ़ के सेक्टर-28 स्थित सीडीसीएल भवन से संचालित हो रहा था, जबकि मुख्य कार्यालय करनाल के सेक्टर-12 में स्थित था। नए परिसर में स्थानांतरण को क्षेत्र में विश्वविद्यालय की पहुंच और शैक्षणिक सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
डॉ. भानु प्रताप सिंह के अनुसार, क्षेत्रीय केंद्र चंडीगढ़ के अंतर्गत चंडीगढ़, अंबाला, पंचकूला (हरियाणा) के साथ-साथ पटियाला, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) जिले आते हैं। नए परिसर का उद्देश्य विद्यार्थियों, अकादमिक सलाहकारों और कर्मचारियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं और अधिक सुलभ वातावरण उपलब्ध कराना है। इससे छात्र सहायता सेवाओं में सुधार और कार्य प्रणाली में दक्षता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी क्रम में इग्नू का 39वां दीक्षांत समारोह 7 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह नई दिल्ली स्थित मुख्यालय के साथ-साथ देशभर के सभी क्षेत्रीय केंद्रों, जिनमें चंडीगढ़ भी शामिल है, में एक साथ आयोजित होगा। इस दौरान कुल 5498 विद्यार्थियों को डिग्री, डिप्लोमा और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
डॉ. सिंह ने बताया कि हाल ही में क्षेत्रीय केंद्र के तहत कई नए शैक्षणिक कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। मोहाली स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में एमएससीडीएफएसएम, एमबीएएचसीएचएम, सीजीएचसीआरसी और एमएससीजीजी जैसे कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं चंडीगढ़ के जीजीडीएसडी कॉलेज, सेक्टर-32 में बीएससीएफएफएसक्यूएम, एमएससीएफएफएसक्यूएम और पीजीडीएफएसएफक्यूएम कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसके अलावा पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित सरकारी पीजी कॉलेज में एमएएचआई और सीपीवाई कोर्स छात्रों के लिए खोले गए हैं।
उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य छात्रों को उद्योग-उन्मुख और विविध शैक्षणिक अवसर प्रदान करना है, ताकि वे उभरते क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल कर सकें। साथ ही, सरकारी कॉलेजों में नए शिक्षार्थी सहायता केंद्र खोलकर शिक्षा की पहुंच को और अधिक विस्तार देने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 8 4 3
Total Users : 400843
Total views : 646664

शहर चुनें