September 22, 2026 7:11 am

September 22, 2026 7:11 am

हरियाणा CID डॉग स्क्वॉड का ऐतिहासिक प्रदर्शन, ‘मैन्डी’ ने राष्ट्रीय मंच पर जीता सिल्वर मेडल

ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में पहली बार एक्सप्लोसिव स्निफिंग इवेंट में पदक, वीरभान-मैन्डी की जोड़ी बनी गौरव का प्रतीक
चंडीगढ़, 3 अप्रैल — हरियाणा पुलिस के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। 69वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट (2025–26), जो 28 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित हुई, उसमें सीआईडी (हरियाणा), मधुबन के डॉग स्क्वॉड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में ईएचसी वीरभान, जो हिसार एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ते में तैनात हैं, ने अपने विस्फोटक सूंघने वाले डॉग ‘मैन्डी’ के साथ ह्यूमन बॉडी सर्च इवेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। इस इवेंट में डॉग संदिग्ध व्यक्ति के पास छिपाए गए विस्फोटक पदार्थों को उनकी गंध के आधार पर पहचानता है, जो अत्यंत चुनौतीपूर्ण और उच्च तकनीकी दक्षता वाला कार्य है।
एडीजीपी सौरभ सिंह ने दी बधाई
सीआईडी हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सौरभ सिंह ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सिल्वर मेडल पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने वीरभान और ‘मैन्डी’ की विशेष सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और आपसी तालमेल ने यह सफलता दिलाई है।
उन्होंने कांस्टेबल संदीप और उनके डॉग ‘रॉकी’ के प्रदर्शन की भी प्रशंसा की, जिन्होंने बेसिक ओबीडियंस इवेंट में चौथा स्थान हासिल किया। एडीजीपी ने कहा कि यह उपलब्धि हरियाणा पुलिस की आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली और पेशेवर दक्षता को दर्शाती है।
स्निफिंग इवेंट्स में कड़ी प्रतिस्पर्धा
ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट में बिल्डिंग सर्च, व्हीकल सर्च, लगेज सर्च, ह्यूमन बॉडी सर्च और ग्राउंड सर्च जैसे कई स्निफिंग इवेंट आयोजित किए जाते हैं। इन सभी प्रतियोगिताओं में डॉग और हैंडलर के बीच सटीक तालमेल, अनुशासन और उच्च स्तर की ट्रेनिंग की आवश्यकता होती है।


सीमित संसाधनों में बड़ी उपलब्धि
एडीजीपी सौरभ सिंह ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुसार इस प्रतियोगिता में सीआईडी हरियाणा से केवल दो डॉग्स को ही भेजा गया था, और दोनों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया।


पहली बार हासिल हुआ पदक
यह पहली बार है जब सीआईडी हरियाणा के स्निफर डॉग्स ने ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट के एक्सप्लोसिव स्निफिंग इवेंट में कोई पदक जीता है। यह उपलब्धि न केवल वीरभान और ‘मैन्डी’ की कड़ी मेहनत का परिणाम है, बल्कि मधुबन स्थित प्रशिक्षण केंद्र की गुणवत्ता और डॉग वेलफेयर पहलों की सफलता को भी दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता भविष्य में अन्य डॉग स्क्वॉड और पुलिस इकाइयों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और यह साबित करती है कि समर्पण, आधुनिक प्रशिक्षण और मजबूत टीमवर्क के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 9 3 6
Total Users : 417936
Total views : 669467

शहर चुनें