बाबूगिरी ब्यूरो
कैथल: जिले में सरकारी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन और शून्य ड्रॉपआउट के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शुरू किया गया ‘प्रवेश उत्सव रथ’ शिक्षा जागरूकता का संदेश गाँव-गाँव तक पहुँचा रहा है। इसी कड़ी में यह रथ आज आरोही स्कूल, ग्योंग पहुँचा, जहाँ विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इसका भव्य स्वागत किया।
जिला उपायुक्त अपराजिता द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया यह रथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. मनीष कुमार सिंगला के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्कूल ने शत-प्रतिशत ट्रांजीशन का लक्ष्य भी सफलतापूर्वक हासिल कर लिया, जो पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गया है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर, पोस्टर और फ्लैक्स लेकर गाँव में एक विशाल जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बच्चों को स्कूल भेजने और शिक्षा से जोड़ने का संदेश दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार के मार्गदर्शन में संचालित यह अभियान शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुँचाने में प्रभावी साबित हो रहा है।
कार्यक्रम के नोडल प्रभारी कुशल कुमार ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि आज सरकारी स्कूल आधुनिक निजी स्कूलों की बराबरी कर रहे हैं, बल्कि कई मामलों में उनसे आगे निकल चुके हैं। पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त उत्कृष्ट परिणाम इसका प्रमाण हैं, जहाँ दसवीं और बारहवीं कक्षाओं में शीर्ष स्थान सरकारी स्कूलों के छात्रों ने हासिल किए।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष घर-घर हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें अभिभावकों और ग्रामीणों को सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

सरपंच प्रतिनिधि करमवीर, एसएमसी प्रधान जगपाल सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर कर अपने बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया।
इस मौके पर जिला नोडल अधिकारी कुशल कुमार, डॉ. विजय कुमार चावला, राजेश शर्मा, विनोद आर्य, अश्वनी कुमार सहित कई शिक्षक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की यह पहल लगातार शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है और उम्मीद है कि इस वर्ष भी यह अभियान शत-प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।











Total Users : 292868
Total views : 495752