July 23, 2026 12:07 am

July 23, 2026 12:07 am

बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त तुरंत हटाए सरकार: अभय सिंह चौटाला

चंडीगढ़, 11 अप्रैल। अभय सिंह चौटाला ने बीजेपी सरकार पर किसानों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए मंडियों में लागू बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त को तुरंत हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह शर्त किसानों के लिए अनावश्यक परेशानियां खड़ी कर रही है और फसल बेचने में भारी दिक्कतें आ रही हैं।
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौटाला ने घोषणा की कि वे 12 अप्रैल से प्रदेश की विभिन्न मंडियों का दौरा करेंगे और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे। इस दौरे में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा भी उनके साथ रहेंगे। कार्यक्रम के अनुसार 12 अप्रैल को कैथल, 13 अप्रैल को जींद, 14 अप्रैल को भिवानी और हांसी तथा 15 अप्रैल को हिसार, फतेहाबाद और सिरसा की मंडियों का दौरा किया जाएगा।

चौटाला ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और मंडियों में उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह तर्क कि बायोमेट्रिक सत्यापन फसल खरीद घोटालों को रोकने के लिए जरूरी है, पूरी तरह बेबुनियाद है। यदि सरकार अपने अधिकारियों और व्यापारियों की मिलीभगत पर लगाम लगाए तो घोटालों पर स्वतः रोक लग सकती है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने यह शर्त तुरंत वापस नहीं ली तो इनेलो किसानों के साथ मिलकर बड़ा फैसला लेने को मजबूर होगी।
इसके अलावा, चौटाला ने हाल ही में हुई बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर भी चिंता जताई। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी करवाई जाए और किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 7 5 9 9 9
Total Users : 375999
Total views : 612996

शहर चुनें