रोड शो में उमड़ी भीड़ से गदगद मुख्यमंत्री ने कहा – लोगों का प्यार और विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत
जनआशीर्वाद से निकाय चुनाव में भाजपा की होगी ऐतिहासिक जीत : मुख्यमंत्री नायब सैनी
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सभी का धन्यवाद किया और भाजपा प्रत्याशियों का जिताने की अपील की
बाबुगुरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 2 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धारूहेड़ा (रेवाड़ी) से भाजपा के नगरपालिका चेयरमैन प्रत्याशी सतनारायण (अजय जांगड़ा) के समर्थन में भव्य रोड शो किया। यह रोड शो महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क से प्रारंभ होकर सोहना रोड, पब्लिक हेल्थ विभाग और अजय नगर मोड़ से होते हुए प्रत्याशी अजय जांगड़ा के कार्यालय पर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में जनसैलाब उमड़ पड़ा और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया।
रोड शो से पहले मुख्यमंत्री ने महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क में पहुंचकर महात्मा ज्योतिबा फुले, सावित्रीबाई फुले तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, चुनाव प्रभारी एवं हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर, रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव भी उनके साथ रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा—हरियाणा सरकार के 21 नए संकल्पों से नगर निकायों की बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने रोड शो के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नगरपालिकाओं, नगर परिषदों और नगर निगमों के समग्र विकास के लिए सरकार ने 21 नए संकल्प लिए हैं, जिनके माध्यम से क्षेत्र की तस्वीर बदली जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि वे चुनाव परिणाम आने तक सक्रिय रहें, घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और हर वोट को कमल के पक्ष में सुनिश्चित करें।
धारूहेड़ा में दिखा जनसमर्थन का जोश, मुख्यमंत्री ने कमल के पक्ष में मतदान का किया आह्वान
धारूहेड़ा की जनता, मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जिस उत्साह और जोश के साथ लोगों ने उनका स्वागत किया है, वह चुनाव तक लगातार बढ़ता रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन सिर्फ एक कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि मतदान दिवस तक ऊर्जा के साथ कायम रहे और हर मतदाता कमल के निशान पर वोट देकर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाए। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे भारतीय जनता पार्टी के चेयरमैन पद के प्रत्याशी अजय जांगड़ा को भारी बहुमत से विजयी बनाकर भेजें। हरियाणा सरकार धारूहेड़ा के समग्र विकास की दिशा में तेज़ी से कार्य करेगी और क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया जाएगा।
सरकार के संकल्पों और योजनाओं का उल्लेख और महिलाओं को सशक्त करने पर जोर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद लिए गए 217 संकल्पों में से 63 पूरे किए जा चुके हैं, जबकि शेष पर तेज़ी से कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विभिन्न राज्यों में महिलाओं को 1000 रूपए देने का वादा किया था, लेकिन उन सरकारों का कार्यकाल पूरा होने को है और महिलाएं आज तक उस लाभ से वंचित हैं। इसके विपरीत, हरियाणा सरकार ने जो कहा, उसे पूरा करके दिखाया है। सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को 2100 रूपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके खातों में पहुंचाई है और अब इस योजना का दायरा बढ़ाकर 1,80,000 रुपए तक आय वाली महिलाओं को भी शामिल किया है। इसके साथ ही, रसोई के खर्च को कम करने के लिए 500 रूपए का गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की पहल भी की गई है, जिससे महिलाओं को वास्तविक लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया।
जनसभा में केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह तथा रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण यादव ने भी उपस्थित लोगों से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की रेवाड़ी जिला अध्यक्ष वन्दना पोपली, चुनाव सह प्रभारी कमल यादव, गुरुग्राम महानगर जिला अध्यक्ष अजीत यादव सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।












Total Users : 309777
Total views : 520550