May 5, 2026 8:52 pm

May 5, 2026 8:52 pm

HARYANA NEWS: सरकारी अस्पतालों में डेंगू रोगियों के लिए नि:शुल्क सिंगल डोनर प्लेटलेट्स की शुरुआत करने वाला उत्तरी क्षेत्र का पहला राज्य बना: नायब सिंह सैनी

CM नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर आयोजित हवन यज्ञ व रक्तदान शिविर में की शिरकत
 
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत
 
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 5 मई — हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में डेंगू रोगियों के लिए नि:शुल्क सिंगल डोनर प्लेटलेट्स की शुरुआत करने वाला हरियाणा उत्तरी क्षेत्र में पहला राज्य बना है। डेंगू मरीजों को 11 हजार रुपये की प्रतिपूर्ति की जाती है। प्रदेश में कुल 154 ब्लड सेंटर कार्यरत हैं। सरकार ने पिछले वर्ष तय लक्ष्य 3 लाख 30 हजार यूनिट्स ब्लड से बढ़कर 4 लाख 50 हजार यूनिट से भी अधिक ब्लड एकत्रित किया। केंद्र सरकार से हरियाणा को वर्ष 2024-25 में सबसे अधिक रक्तदान हेतु रक्तदान में उत्कृष्टता के लिए लगातार दूसरे वर्ष पुरस्कार मिला है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन मंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के साथ हवन यज्ञ में पूर्णाहुति डाली। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने रिबन काटकर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया और रक्तदाताओं को बैज लगाकर व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की इस पावन धरा पर केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन मंत्री श्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर आयोजित रक्तदान शिविर में आपके बीच आकर मुझे बड़ी खुशी हो रही है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन में हमेशा सेवा, पारदर्शिता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। आज उनके जन्मदिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन वास्तव में उनके जीवन मूल्यों को साकार करने का एक श्रेष्ठ प्रयास है।

उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति और हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि नर सेवा ही नारायण सेवा है। रक्तदान इसी भावना का सर्वोच्च उदाहरण है। जब कोई व्यक्ति अपने रक्त का दान करता है तो वह न केवल एक जीवन को बचाता है, बल्कि उस परिवार को भी खुशियों से भर देता है, जो अपने प्रियजन को खोने के कगार पर होता है। उन्होंने कहा कि यह दान किसी भी अन्य दान से श्रेष्ठ है, क्योंकि यह सीधे जीवन से जुड़ा हुआ है। आज विज्ञान ने अद्भुत प्रगति कर ली है कि हम अंतरिक्ष तक पहुंच गए हैं और नई-नई तकनीकों का आविष्कार कर रहे हैं, लेकिन आज भी रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं बना पाए हैं। इसका अर्थ यह है कि एक इंसान ही दूसरे इंसान के जीवन का सहारा बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रक्त की आवश्यकता तेजी से बढ़ी है। चाहे वह किसी दुर्घटना का शिकार व्यक्ति हो, कैंसर से जूझ रहा मरीज हो, बड़ी सर्जरी से गुजर रहा कोई व्यक्ति हो या फिर थैलेसीमिया और हीमोफिलिया जैसे रोगों से पीड़ित बच्चे, इन सभी के लिए रक्त जीवन का आधार है। आंकड़े बताते हैं कि हमारे देश में हर दो सैकेंड में किसी न किसी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता पड़ती है और अस्पताल में भर्ती हर दस में से एक मरीज को खून की जरूरत होती है। यह एक गंभीर स्थिति है, जो हम सभी से सामूहिक प्रयास की मांग करती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में आप जैसे जागरूक और समर्पित नागरिक ही इस कमी को दूर कर सकते हैं। आपकी एक छोटी-सी पहल किसी के जीवन में नई सुबह ला सकती है। किसी मां की गोद को सूना होने से बचा सकती है और किसी बच्चे के चेहरे पर मुस्कान वापस ला सकती है।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान के अनुसार एक स्वस्थ व्यक्ति, जिसकी आयु 18 से 65 वर्ष के बीच है, वह सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकता है। इससे शरीर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि यह हमारे शरीर में नए रक्त के निर्माण को भी प्रोत्साहित करता है। इसलिए हमें इन भ्रांतियों को दूर करना होगा और लोगों को जागरूक बनाना होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सरकार भी इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और ब्लड बैंक सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे प्रदेश में रक्तदाताओं के सहयोग से थैलेसीमिया, हीमोफीलिया, एचआईवी पॉजिटिव मरीजों, गर्भवती महिलाओं और एनीमिया से पीड़ित लोगों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही, सरकारी अस्पतालों में भर्ती मरीजों को भी निःशुल्क रक्त देने की व्यवस्था की गई है। यह सब केवल आप जैसे जागरूक नागरिकों के अथक प्रयासों के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश में युवा केवल रक्तदान शिविर ही नहीं लगाते, बल्कि लोगों के दिलों में सेवा की भावना भी जागृत करते हैं। यह कार्य केवल प्रशासन या सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग आवश्यक है। जब सरकार और समाज मिलकर काम करते हैं, तभी हम एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को अपील करते हुए कहा कि वो नियमित रूप से रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। ऐसे स्वस्थ समाज के निर्माण में आपका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 1 0 9 5 7
Total Users : 310957
Total views : 522415

शहर चुनें