केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण तथा उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया ‘राजनीति के संत-मनोहर लाल’ गीत का लोकार्पण
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 5 मई। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि मनोहर लाल जैसे संत राजनीति में कम ही होते हैं जो अंत्योदय की भावना के साथ सर्वसमाज के कल्याण में अपना जीवन लगाते हैं। मनोहर लाल ने 2014 में हरियाणा की सत्ता में परिवर्तन के साथ व्यवस्था परिवर्तन की जो नींव रखी थी उसी के चलते आज सरकारी योजनाएं समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
यह बात विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जन्मदिन पर उनके जीवन पर आधारित गीत ‘राजनीति के संत-मनोहर लाल’ का लोकार्पण करते हुए कही। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित थे। डॉ. नवीन लांबा द्वारा लिखित व नवीन पूनिया द्वारा गाया गया यह गीत एलएच फाउंडेशन द्वारा तैयार किया गया है। इस अवसर पर अतिथिगण द्वारा गीत का पोस्टर भी लॉन्च किया गया।
विधान सभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि उन्होंने 40 वर्ष के राजनीतिक जीवन में अनेक सरकारों को बदलते देखा, लेकिन 2014 में व्यवस्था परिवर्तन का सफर शुरू हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह परिवर्तन हरियाणा में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल जैसे जन-समर्पित लोक सेवकों के माध्यम से सिरे चढ़ा है। इस गाने के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि व्यक्ति का जीवन कैसा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 में जब केंद्र में नरेंद्र मोदी और हरियाणा में मनोहर लाल ने सत्ता संभाली थी तब देश व प्रदेश की हालत अच्छी नहीं थी। लेकिन मोदी जी ने राष्ट्रीय स्तर पर और मनोहर लाल ने प्रदेश स्तर पर व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन करने का काम किया और समाज के वंचित समुदाय तक उनके अधिकार पहुंचाए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा का मुख्यमंत्री बनने के बाद मनोहर लाल जी ने नौकरियों और तबादलों में व्याप्त भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने का काम किया और पारदर्शी भर्ती प्रणाली तथा ऑनलाइन ट्रांसफर की नीति को क्रियान्वित किया। 2014 से पहले बच्चों को खर्ची-पर्ची के बिना नौकरी मिलने की कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। उनके द्वारा लागू नीतियों के कारण ही आज गरीब घरों के बच्चे बिना पैसे व बिना सिफारिश एचसीएस स्तर की नौकरी पा रहे हैं। मनोहर लाल जी में ठीक को ठीक और गलत को गलत कहने की हिम्मत है। उनकी सादगी व सरलता सदैव हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।
हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि मनोहर लाल ने हरियाणा में सुशासन स्थापित किया और उन्हीं की नीतियों पर चलते हुए वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का स्वप्न पूरा करेगी।
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक सफर में बहुत सरकारें बदलती देखी हैं और सरकारें बदली भी हैं, लेकिन 2014 में बनी भाजपा सरकार ने जिस प्रकार हरियाणा एक-हरियाणावी एक की भावना के साथ काम शुरू किया है उसका पूरा श्रेय मनोहर लाल को जाता है। उनका जीवन संत से कुशल प्रशासक बनने का जीवंत उदाहरण है। 2014 से पहले लोग बच्चों की नौकरियों के लिए चंडीगढ़ के चक्कर लगाते रहते थे परंतु जब मनोहर लाल जी ने निष्पक्ष भर्ती नीति लागू की तो एक-एक गांव में गरीब घरों के सौ-सौ बच्चे नौकरियां लगे हैं। इसकी किसी को उम्मीद भी नहीं थी।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि किसी कारणवश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं इस कार्यक्रम में नहीं आ सके लेकिन उन्होंने अपना संदेश भेजा है। उन्होंने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया और मनोहर लाल को जन्म दिन की बधाई व शुभकामनाएं दीं।













Total Users : 310948
Total views : 522397