पंजाब के CM भगवंत मान श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि उन्होंने कितने युवाओं को रोजगार दिया : CM नायब सैनी
मुख्यमंत्री सैनी का राहुल गांधी पर कटाक्ष : बोले – राहुल गांधी की जेब फटी पड़ी है, कहने को कुछ है नहीं बचा
समारोह में मुख्यमंत्री ने पंचकूला में कराए गए 1100 करोड़ से अधिक राशि के विकास कार्य गिनाए
मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व मेयर मनवीर कौर गिल और कांग्रेस प्रदेश सचिव रहे रणधीर सिंह काजल को भाजपा में शामिल कराया
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 6 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में बुधवार देर सांय आयोजित जन आशीर्वाद समारोह में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी वादा खिलाफी करने वाली पार्टी है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करती हैं, लेकिन पांच साल बीतने के बाद उन वादों को भूल जाती हैं और जनता के सामने नया घोषणा पत्र लेकर आ जाती हैं और जनता के हाथ खाली के खाली रह जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा जो कहती है वह संकल्प के साथ पूरा करती है। समारोह को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने भी संबोधित किया। उन्होंने लोगों से पंचकूला में मेयर सहित 21 कमल के फूल खिलाने का आग्रह किया।
समारोह से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व प्रत्याशी तथा पूर्व मेयर मनवीर कौर गिल को भाजपा में शामिल किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस के ही प्रदेश सचिव रहे रणधीर सिंह काजल को भी पार्टी का पटका पहनाकर भाजपा में शामिल किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में कुल 217 वादे किए थे, जिनमें से 63 वादों को अब तक पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि चुनाव के तुरंत बाद ही सरकार ने 25 हजार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी देने का ऐतिहासिक काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार कायुवाओं को सशक्त और उन्हें रोजगार देने का काम कर रही है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किडनी के मरीजों के लिए फ्री डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और आज प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा मुफ्त में दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी राहत है। नायब सैनी ने कहा कि आयुष्मान और चिरायु योजना के तहत गरीब लोगों का फ्री में इलाज की सुविधा भाजपा सरकार ने दी है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने महिलाओं से किए गए वादों को पूरा करते हुए उन्हें 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही लाडली योजना के तहत महिलाओं के खातों में 2100 रुपये की राशि हर महीने उनके खातों में डाली जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल में महिलाओं को 1500 रुपये देने का वादा किया था, जबकि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में महिलाओं को 1000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन चुनाव नजदीक आने के बावजूद ये वादे पूरे नहीं किए गए।
आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में सरकार युवाओं को नशे से बचाने और रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा आज नशे के दलदल में फंसे हुए हैं और सरकार अपने वादों को भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि उन्होंने कितने युवाओं को रोजगार दिया और राज्य में क्या बड़े-बड़े कार्य किए। मुख्यमंत्री ने पंजाब की हालिया घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मान सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए आरोप-प्रत्यारोप में लगी हुई है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस जनता का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा कि वोट चोरी जैसी बातें केवल अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस और विपक्षी दल कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी की जेब फटी पड़ी है, कहने को कुछ है नहीं सिर्फ अनाप-शनाप बोलते रहते हैं।
नायब िंसह सैनी ने कहा कि कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और टीएमसी जैसी पार्टियां डराकर और धमकी के जरिए वोट लेने का काम करती है। विपक्षी दल जनता से नफरत करते हैं और केवल सत्ता से प्रेम करते हैं।
उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने महिलाओं को अधिकार देने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया, लेकिन कांग्रेस ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल महिलाओं के वोट लेना जानती है, लेकिन जब उन्हें अधिकार देने की बात आती है तो पीछे हट जाती है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने विधानसभा का सत्र बुलाया था, लेकिन कांग्रेस के नेता उसमें शामिल नहीं हुए और बाहर बैठकर राजनीति करते रहे।
समारोह में मुख्यमंत्री ने पंचकूला में कराए गए एक-एक विकास कार्यों को गिनाया। उन्होंने कहा कि अब तक पंचकूला के विकास पर सरकार ने 1100 करोड से अधिक के विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में भाजपा के पक्ष में माहौल है और पंचकूला में भी जनता का अपार समर्थन भाजपा को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे 10 मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव में मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल और सभी वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि कमल का बटन दबाकर भाजपा को मजबूत करें।
बॉक्स
ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से पंचकूला में तीन गुणा गति से विकास होगा : मोहन लाल बड़ौली
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पूरे हरियाणा में माहौल भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अभी कहीं भी नजर नही आ रही है। कांग्रेस पार्टी अब समाप्ति की ओर बढ़ रही है। श्री बड़ौली ने कहा कि प्रदेश का विकास भाजपा सरकार में ही संभव है। उन्होंने जनता से आग्रह किया है वे मेयर प्रत्याशी श्याम लाल बंसल सहित सभी 20 वार्ड प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से जिताकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाएं।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से पंचकूला में तीन गुणा गति से विकास होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह पूरा करती है। श्री बड़ौली ने कहा कि पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, रेवाड़ी, धारूहेड़ा, उकलाना और सांपला सहित जहां चुनावा है सभी जगह भाजपा के पक्ष में एकतरफा माहौल है। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि 10 मई को कमल का बटन दबाकर पंचकूला के विकास को और तेज गति देने का काम करें।
इस मौके पर राज्यसभा रेखा शर्मा, विधायक शक्ति रानी शर्मा, विधायक घनश्याम अरोडा, चुनाव प्रभारी पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, पूर्व विधायक लतिका शर्मा, पूर्व मेंयर मनवीर कौर, डा. वीरेंद्र गर्ग , उमेश सूद, ओम प्रकाश, राजेश शर्मा, रणबीर सूद, मेयर प्रत्याषी श्याम बंसल सहित पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।













Total Users : 312524
Total views : 524683