बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला 6 मई। हरियाणा में रोजाना एक के बाद एक कांग्रेसी नेता किसी न किसी बहाने के साथ पार्टी को अलविदा कर भाजपा पार्टी ज्वाइन कर रहे है। नगर निगम चुनाव में बुधवार को पंचकूला में कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब नगर परिषद की पूर्व प्रधान मनवीर कौर गिल ने भाजपा का दामन थाम लिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित एक जनसभा में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने उन्हें भाजपा में शामिल करवाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। मनवीर कौर गिल को भाजपा में लाने में तरुण भंडारी की अहम भूमिका रही।
भाजपा में शामिल होने के बाद मनवीर कौर गिल ने कहा कि कांग्रेस में लगातार गुटबाजी बढ़ रही है और वहां कार्यकर्ताओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने भाजपा को एक अनुशासित और विकासशील पार्टी बताते हुए कहा कि इसी सोच के साथ उन्होंने पार्टी जॉइन की है।
तरुण भंडारी ने इस मौके पर कहा कि मनवीर कौर गिल के भाजपा में आने से नगर निगम चुनाव में पार्टी को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। वहीं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भरोसा दिलाया कि पंचकूला के विकास के लिए फंड्स की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 विधानसभा चुनाव में किए गए 217 संकल्पों में से 63 को पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष वादों पर तेजी से काम जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पांच साल के कार्यकाल में सभी वादों को पूरा किया जाएगा।
नगर निकाय संकल्प पत्र पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने शहरों को हरित और स्वच्छ बनाने, सीवरेज सिस्टम के नवीनीकरण, आधुनिक पार्कों के विकास, ट्रैफिक व सड़क सुधार, आवारा पशुओं की समस्या के समाधान, स्ट्रीट वेंडर्स के सशक्तिकरण, जल संरक्षण, मल्टी-लेवल पार्किंग, सीसीटीवी सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं के विस्तार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि “ट्रिपल इंजन” सरकार इन सभी योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारेगी।
महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत महिलाओं को 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के बजट को 5000 करोड़ से बढ़ाकर 6500 करोड़ किया गया है और अब 1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इसका लाभ मिलेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़कर मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत पहले चरण में 14 नगरपालिकाओं में 15,500 परिवारों को 30 गज के प्लॉट देकर मकान बनाकर चाबियां सौंपी जा चुकी हैं।













Total Users : 312441
Total views : 524566