August 28, 2026 12:21 am

August 28, 2026 12:21 am

PANCHKULA NEWS: सेक्टर-9 में बनेगा आधुनिक सामुदायिक केंद्र, आवारा कुत्तों की नसबंदी अभियान को मंजूरी

नगर निगम पंचकूला की पहली आम बैठक में विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई अहम फैसले
रमेश गोयत
पंचकूला, 16 जून। नगर निगम पंचकूला की पहली आम बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मेयर शाम लाल बंसल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पंचकूला विधायक चंद्रमोहन, कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार, पार्षदों तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर के विभिन्न सेक्टरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, जलभराव की समस्या के समाधान, सड़क एवं सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने, सार्वजनिक भवनों के निर्माण तथा आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए व्यापक योजनाओं पर चर्चा की गई। कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित कर विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया गया।
वार्ड-4 को बनाया जाएगा मॉडल स्वच्छता वार्ड
नगर निगम ने वार्ड नंबर-4 को स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल वार्ड के रूप में विकसित करने का फैसला लिया है। इसके तहत क्षेत्र की सभी गलियों में सप्ताह में कम से कम तीन बार सफाई सुनिश्चित की जाएगी। पार्कों से निकलने वाले बागवानी अपशिष्ट का प्रतिदिन उठान होगा तथा प्रमुख सड़कों की सफाई रोड स्वीपिंग मशीनों के माध्यम से नियमित रूप से करवाई जाएगी।
इसके अलावा घर-घर से प्रतिदिन कचरा संग्रहण की व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। सेक्टर-9 और सेक्टर-10 में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 20 अतिरिक्त सफाई मित्रों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही बागवानी कचरा उठाने के लिए अतिरिक्त ट्रॉलियां, बुश कटर और बेलदारों की व्यवस्था भी की जाएगी।

सेक्टर-9 में बनेगा नया आधुनिक सामुदायिक केंद्र
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय सेक्टर-9 स्थित पुराने सामुदायिक केंद्र को लेकर रहा। निगम ने वहां संचालित स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मंजूरी दी। इसके बाद पुराने भवन को हटाकर उसी स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया सामुदायिक केंद्र बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रॉपर्टी टैक्स वसूली के लिए विशेष अभियान
नगर निगम क्षेत्र में शत-प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स वसूली सुनिश्चित करने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। निगम प्रशासन पार्षदों के सहयोग से विशेष अभियान चलाएगा, ताकि कर संग्रहण में सुधार हो और विकास कार्यों के लिए राजस्व बढ़ाया जा सके।
जलभराव की समस्या पर होगी सख्त कार्रवाई
मानसून के दौरान सेक्टर-9 और सेक्टर-10 में होने वाले जलभराव के मुद्दे पर भी गंभीर चर्चा हुई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सेक्टर-10 के मकान नंबर-465 के समीप कैक्टस पार्क में प्रस्तावित दो संपवेलों का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है।
इस मामले में जांच करवाने और जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। साथ ही एजेंसी पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की भी बात कही गई, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

सड़कों, ड्रेनेज और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मिलेगा नया रूप
बैठक में भूमिगत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम की सुपर सक्शन मशीनों से सफाई कराने, सेक्टर-9 और सेक्टर-10 की सड़कों की री-कारपेटिंग कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
इसके अतिरिक्त शहर की सभी पारंपरिक स्ट्रीट लाइटों को चरणबद्ध तरीके से एलईडी लाइटों में बदलने का निर्णय लिया गया, जिससे बिजली की बचत के साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

गांवों और बाहरी क्षेत्रों के विकास पर भी फोकस
बैठक में शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ गांवों के विकास से जुड़े कई प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी गई। फतेहपुर और महेशपुर गांवों में पुरानी सीवरेज पाइपलाइन बदलने, गांव चंडी कोटला में खेल स्टेडियम, सामुदायिक केंद्र और धर्मशाला के निर्माण, विभिन्न गांवों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने तथा पेयजल सुविधाओं के विस्तार पर सहमति बनी।
इसके अलावा वार्ड-17 में डॉ. भीमराव अंबेडकर लाइब्रेरी एवं आर्ट गैलरी स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिससे युवाओं और विद्यार्थियों को अध्ययन एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।

नाले के पक्के निर्माण की मांग पर सकारात्मक रुख
पार्षद हरेंद्र मलिक ने सेक्टर-19 से नेशनल हाईवे तक जाने वाले नाले के पक्के निर्माण का मुद्दा उठाया। इस पर अधिकारियों ने रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने और परियोजना को आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
आवारा कुत्तों और पशुओं पर चलेगा विशेष अभियान
शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों और पशुओं की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। इसके तहत गलियों और सार्वजनिक स्थानों से कुत्तों को पकड़कर उनकी नसबंदी करवाई जाएगी, ताकि उनकी संख्या को नियंत्रित किया जा सके।
साथ ही आवारा पशुओं को लेकर भी विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई गई है, जिससे नागरिकों को राहत मिल सके।
मच्छरों और मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर जोर
बैठक में डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सार्वजनिक शौचालयों और आंगनवाड़ी भवनों की मरम्मत कराने के प्रस्ताव भी पारित किए गए।

शहर के विकास का रोडमैप तैयार
नगर निगम पंचकूला की पहली आम बैठक में लिए गए निर्णयों को शहर के विकास, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से नया सामुदायिक केंद्र, मॉडल स्वच्छता वार्ड, जलभराव समाधान, सड़क सुधार और आवारा कुत्तों की नसबंदी जैसे फैसले आने वाले समय में शहरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचा सकते हैं।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 2 4 5
Total Users : 399245
Total views : 644478

शहर चुनें