रमेश गोयत
पंचकूला, 15 जुलाई। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के करनाल डिवीजन (हरियाणा) की ओर से आयोजित दो दिवसीय नॉर्थ ज़ोन बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस टूर्नामेंट का बुधवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल (टी.डी.एल.) स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में नॉर्थ ज़ोन के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए लगभग 70 पुरुष एवं महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
एलआईसी नॉर्थ ज़ोन (नई दिल्ली) के स्पोर्ट्स ऑफिसर अरुण कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट में राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है।
उद्घाटन समारोह में एलआईसी नॉर्थ ज़ोन की रीजनल मैनेजर (एचआरडी) वीणा बिष्ट मुख्य अतिथि रहीं। वहीं, सीनियर डिवीजनल मैनेजर पवन कुमार रोर और पंचकूला के जिला खेल अधिकारी राजबीर सिंह रंगा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करनाल डिवीजन के पर्सनल मैनेजर एवं टूर्नामेंट के ओवरऑल इंचार्ज अश्वनी कुमार मल्होत्रा तथा सीनियर ब्रांच मैनेजर विकास मेहता ने की।
इस अवसर पर एलआईसी खेल प्रोत्साहन बोर्ड के सदस्य दीपांक दास और नीतू अहलूवालिया सहित चंद्र प्रकाश नंदवानी, अनुषा बग्गा, जगदीश बकेतिया, सुनील कुमार सचदेवा, भरत भूषण, वीरभान, मंदिर चौहान, विक्की मदान, संजय शर्मा, नीरा शर्मा, राकेश कुमार, समीर भारद्वाज, पूनम शर्मा, वीणा भसीन, अजय शर्मा, अमरजीत कुमार, हरियाणा सरकार की बैडमिंटन कोच सुनीता सिंह, टेबल टेनिस कोच साक्षी तथा राकेश शर्मा सहित अनेक अधिकारी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
पहले दिन के प्रमुख मुकाबलों के परिणाम
टेबल टेनिस (महिला वर्ग):
जालंधर की रिपु दमन ने दिल्ली की प्रज्ञा द्विवेदी को 3-0 से हराया।
रिपु दमन ने अमृतसर की वीर पाल कौर को भी 3-0 से शिकस्त दी।
दिल्ली की रेखा खुल्लर ने जयपुर की सनी चौधरी को 3-0 से हराया।
टेबल टेनिस (पुरुष वर्ग):
चंडीगढ़ के प्रेम चंद ने जालंधर के दविंदर को 3-0 से हराया।
दिल्ली के वीरेश सैनी ने रोहतक के दिनेश कुमार को 3-0 से पराजित किया।
शिमला के देव भूषण ने अजमेर के अक्षय गहलोत को 3-0 से हराया।
बैडमिंटन (महिला वर्ग):
दिल्ली की रजनी वज़ीर ने लुधियाना की रिया नंदा को 15-4, 15-0 से हराया।
बीकानेर की नेहा गुप्ता ने दिल्ली की रीना शर्मा को 15-5, 15-10 से मात दी।
रोहतक की अंजू ने अजमेर की सोनाक्षी चौहान को 15-5, 15-6 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में नेहा गुप्ता ने जोधपुर की विधि चौधरी को 15-9, 15-7 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बैडमिंटन (पुरुष वर्ग):
चंडीगढ़ के सिद्धार्थ जाखड़ ने दिल्ली के सागर शर्मा को 15-7, 15-7 से हराया।
उदयपुर के अजय मिश्रा ने करनाल के संदीप को 15-12, 8-15, 15-7 से पराजित किया।
चंडीगढ़ के पंकज ने जयपुर के अर्पित शर्मा को 15-10, 13-15, 15-8 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले गुरुवार को खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।













Total Users : 371217
Total views : 606554