July 16, 2026 3:02 am

July 16, 2026 3:02 am

CHANDIGARH: 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी, 26,800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

रमेश गोयत
चंडीगढ़, 15 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह लगभग 26,800 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। दौरे की शुरुआत हरियाणा के जींद से होगी, जहां प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद वे चंडीगढ़ और फिर पंजाब के जालंधर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

जींद से चलेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन
प्रधानमंत्री जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन सेल आधारित ट्रेन को रवाना करेंगे। भारत में डिजाइन और विकसित की गई यह ट्रेन 10 कोचों वाली दुनिया की सबसे लंबी तथा 3,200 हॉर्सपावर क्षमता के साथ सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है।
यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से संचालित होगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन पूरी तरह शून्य रहेगा और केवल जल वाष्प ही उप-उत्पाद के रूप में निकलेगी। इससे डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण घटेगा और रेल परिवहन अधिक पर्यावरण अनुकूल बनेगा।

हरियाणा को 14,700 करोड़ रुपये की सौगात
जींद के एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री लगभग 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इनमें प्रमुख रूप से—
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-1 से 5 का उद्घाटन।
अंबाला-काला अंब फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण।
जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन।
हांसी-बरवाला राजमार्ग परियोजना की आधारशिला।
कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन।
भिवानी और नारनौल के नए मेडिकल कॉलेज राष्ट्र को समर्पित।
कुरुक्षेत्र में आधुनिक सिख संग्रहालय की आधारशिला।
चंडीगढ़ को 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं
दोपहर में प्रधानमंत्री चंडीगढ़ पहुंचकर 6,600 करोड़ रुपये से अधिक की स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

पीजीआई को मिलेंगी अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
प्रधानमंत्री पीजीआईएमईआर में—
एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर का उद्घाटन,
एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर का उद्घाटन,
150 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे।
इन परियोजनाओं से पूरे उत्तर भारत के मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शिक्षा और सड़क परियोजनाओं को भी मिलेगी गति
प्रधानमंत्री पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और सेक्टर-46 स्थित सरकारी कॉलेज में नए छात्रावासों की आधारशिला रखेंगे। साथ ही—
आईटी सिटी (मोहाली)-कुराली छह लेन ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन,
जीरकपुर ग्रीनफील्ड बाईपास का शिलान्यास,
अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड कॉरिडोर (पीआर-7) की आधारशिला भी रखेंगे।
जालंधर में 5,470 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
पंजाब के जालंधर में प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री—अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।
जालंधर कैंट स्टेशन भी इसी योजना के तहत राष्ट्र को समर्पित होगा।
दौलतपुर चौक-करतोली नई रेल लाइन का उद्घाटन करेंगे।
करतोली-अंबाला तथा अमृतसर (छेहर्टा)-वाराणसी रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 का उद्घाटन करेंगे।
दक्षिणी लुधियाना बाईपास परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।
विकास, हरित ऊर्जा और आधुनिक अवसंरचना पर रहेगा फोकस
प्रधानमंत्री का यह दौरा हरित ऊर्जा, आधुनिक रेल नेटवर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय राजमार्गों, शिक्षा और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को नई गति देने वाला माना जा रहा है। विशेष रूप से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भारत के स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 7 1 2 1 8
Total Users : 371218
Total views : 606555

शहर चुनें