पंचकूला में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से जागरूकता फैलाने का किया आह्वान
रमेश गोयत
पंचकूला, 12 अगस्त 2026। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पंचकूला में HIV/एड्स जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि HIV/एड्स के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता, शिक्षा और जिम्मेदार व्यवहार सबसे प्रभावी हथियार हैं।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि युवाओं के बीच आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य युवाओं के योगदान को पहचानने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति समाज में जागरूकता पैदा करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रव्यापी इंटेंसिफाइड इनफॉरमेशन, एजुकेशन एंड कम्युनिकेशन कैंपेन 3.0 की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान आगामी 12 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने युवाओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
हरियाणा में करीब 60 हजार लोग HIV के साथ जी रहे
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा में लगभग 60 हजार लोग HIV के साथ जीवन जी रहे हैं। हालांकि राज्य ने HIV संक्रमण और एड्स से होने वाली मृत्यु को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 की तुलना में नए HIV संक्रमणों में लगभग 25 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि एड्स से होने वाली मृत्यु में करीब 80 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2024 में HIV निदान का स्तर 71.9 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 93.01 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 तक अनुमानित संक्रमित लोगों में से 93.01 प्रतिशत की पहचान की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि देशभर के केवल 15 सुरक्षित जिलों में हरियाणा के कुरुक्षेत्र और कैथल शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा के पंचकूला, यमुनानगर और भिवानी जिले सक्षम श्रेणी तक पहुंच चुके हैं। राज्य ने HIV के 95:95:99 लक्ष्य की दिशा में भी तेजी से कदम बढ़ाए हैं।
जांच से उपचार तक मजबूत सेवा श्रृंखला
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने HIV की जांच से लेकर उपचार तक मजबूत सेवा श्रृंखला विकसित की है। प्रदेश में 105 परामर्श एवं जांच केंद्र, 29 ART एवं लिंक ART केंद्र, 41 लक्षित हस्तक्षेप परियोजनाएं तथा 15 ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी केंद्र कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 8 लाख लोगों की निशुल्क HIV जांच की गई। वहीं उच्च जोखिम तथा ब्रिज आबादी के करीब 1 लाख 89 हजार लोगों तक HIV से संबंधित सेवाएं पहुंचाई गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि HIV के विरुद्ध अभी तक कोई प्रभावी टीका उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इससे बचाव का सबसे प्रभावी कवच शिक्षा, जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार ही है।
उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक जागरूक युवा से अपील की कि वह कम से कम 10 अन्य लोगों तक HIV से जुड़े सही तथ्यों और बचाव की जानकारी पहुंचाने का संकल्प ले।
HIV के साथ जीवन जी रहे लोगों को आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार HIV के साथ जीवन जी रहे लोगों को सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे लोगों को 2,250 रुपये प्रतिमाह वित्तीय सहायता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से अब तक इस योजना के तहत 82 करोड़ 84 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। चालू वर्ष के लिए भी 28 करोड़ 53 लाख रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के जिन पांच जिलों में अभी ART केंद्र नहीं हैं, वहां ART केंद्र स्थापित करने के लिए समयबद्ध और ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि HIV से प्रभावित लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।
युवाओं ने हर क्षेत्र में बढ़ाया हरियाणा का गौरव
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में हरियाणा के युवाओं की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने खेल प्रतियोगिताओं, परीक्षाओं, सेना, विज्ञान, कला और संस्कृति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने हमेशा ऐसे खिलाड़ी देश को दिए हैं जिन्होंने भारत का नाम दुनिया के सामने ऊंचा किया है। पेरिस ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवाओं में अवसर, खेल अकादमियां, खेल नर्सरियां, प्रशिक्षण सुविधाएं और आधुनिक खेल ढांचे का लगातार विस्तार इसी सोच का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने खेल विभाग का बजट बढ़ाकर 668 करोड़ 42 लाख रुपये किया है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के लिए 7 स्वर्ण पदक जीते, जिनमें से 5 स्वर्ण पदक बेटियों ने हासिल किए।
युवाओं की शक्ति से बनेगा जागरूक हरियाणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा सही जानकारी और वैज्ञानिक सोच के साथ समाज में जागरूकता फैलाएं तो HIV/एड्स को लेकर मौजूद भ्रांतियों और भेदभाव को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे HIV से जुड़े सही तथ्यों को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाएं तथा संक्रमित लोगों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि HIV/एड्स के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जागरूकता और जनभागीदारी के अटूट संकल्प के साथ हरियाणा को HIV/एड्स के खिलाफ और अधिक सक्षम बनाया जाएगा। उन्होंने इसी जनसंकल्प के साथ HIV/एड्स जागरूकता अभियान के शुभारंभ की घोषणा की।















Total Users : 399245
Total views : 644478