हरियाणा में बिना खर्ची-पर्ची मेरिट के आधार पर मिल रही सरकारी नौकरियां: मुख्यमंत्री
पंजाब की जनता बदलाव के लिए तैयार, 2027 में बनेगी भाजपा की सरकार : नायब सिंह सैनी
रमेश गोयत
पंचकूला/चंडीगढ़ 11 अक्तूबर: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आज वैश्विक स्तर पर देश का सम्मान बढ़ा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन माता मनसा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और देश की 140 करोड़ जनता के सामूहिक प्रयासों से भारत ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अपने लंबे शासनकाल के दौरान पार्टी स्पष्ट नीतियों और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ देश को आगे बढ़ाने में सफल नहीं रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के पास ठोस मुद्दों का अभाव है और वे झूठे आरोपों के माध्यम से युवाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब विपक्ष की राजनीति को समझ चुकी है।
मेरिट आधारित भर्ती से युवाओं को मिल रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार गरीब से गरीब व्यक्ति के कल्याण और समाज के सभी वर्गों के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं का लाभ मिले और युवाओं को योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भर्ती प्रक्रिया में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का बोल बाला था , जबकि वर्तमान व्यवस्था में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता दी जा रही है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शांति और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में लोगों के बीच भय का माहौल था और कई मामलों में एफआईआर दर्ज कराने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पुलिस को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यदि कोई व्यक्ति किसी को डराने या धमकाने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाती है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है, ताकि प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय के जीवनयापन कर सके।
पंजाब में 2027 में बनेगी भाजपा सरकार
पंजाब विधानसभा चुनावों से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा, महिलाएं, किसान और गरीब वर्ग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त कर रहे हैं और भाजपा को मजबूत करना चाहते हैं।
हरियाणा और पंजाब की स्थिति की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवा खेलों में पदक जीतकर और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। वहीं, उन्होंने पंजाब में युवाओं के बीच नशे की समस्या पर चिंता जताई और कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए प्रभावी प्रयासों की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने ईमानदारी के नाम पर जनता से जो वादे किए थे, उन पर वह खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग सरकार की असलियत को पहचान चुके हैं और उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विकास, पारदर्शी शासन, युवा सशक्तीकरण और जनकल्याण के मुद्दों पर भाजपा को पंजाब में जनता का समर्थन प्राप्त होगा।
इस अवसर पर मेयर शाम लाल बंसल, हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग की चैयरपर्सन बंतो कटारिया, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, उपायुक्त एवं माता मनसा देवी पूजास्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक सतपाल शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मितल, मीडियां संपर्क प्रमुख प्रवीण अत्र सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।













Total Users : 428553
Total views : 683625