September 19, 2026 10:54 pm

September 19, 2026 10:54 pm

कालका-पिंजौर में सड़क और पेयजल व्यवस्था सुधारने की जरूरत: कुमारी सैलजा

ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता अधिवेशन में संगठन की मजबूती पर दिया जोर, कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर समस्याएं उठाने का आह्वान

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़

चंडीगढ़/कालका/पिंजौर, 19 सितंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं CWC सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन की मजबूती के लिए काम करना चाहिए। कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान के लिए उचित मंच पर मजबूती से आवाज उठाएं। संगठन की असली ताकत सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं।

कुमारी सैलजा शनिवार को कालका विधानसभा क्षेत्र के पिंजौर स्थित के फार्म में आयोजित कांग्रेस के ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। सम्मेलन की अध्यक्षता कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने की। कार्यक्रम में पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर कुमारी सैलजा का स्वागत किया।

कुमारी सैलजा ने कालका-पिंजौर क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां सड़कों की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है। कई स्थानों पर सड़कें खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास का महत्वपूर्ण आधार होती हैं, इसलिए इनकी समय पर मरम्मत और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने पेयजल व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने की जरूरत बताई। कुमारी सैलजा ने कहा कि क्षेत्र के कई हिस्सों में नियमित रूप से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को परेशानी होती है। कभी पानी की आपूर्ति होती है और कभी लंबे समय तक लोगों को इंतजार करना पड़ता है। आम जनता को पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। प्रशासन को नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि कालका-पिंजौर क्षेत्र में बड़ी आबादी रहती है, इसलिए यहां की सड़कों, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं को जनसंख्या की जरूरत के अनुसार विकसित किया जाना आवश्यक है। विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए और लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए।

कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के नेतृत्व में दृढ़ निश्चय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ब्लॉक और बूथ स्तर पर अधिक से अधिक बैठकें आयोजित की जाएं। कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में लोगों से सीधा संवाद करें तथा उनकी समस्याओं को संगठन और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करना होगा।

अधिवेशन में संगठन की आगामी गतिविधियों और स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पंचकूला विधायक चंद्रमोहन, प्रदेश कांग्रेस कमेटी डेलीगेट अजय सिंगला, ब्लॉक अध्यक्ष कालका सुनील शाम, जिला अध्यक्ष संजय, अश्वनी नागरा, एसपी अरोड़ा, विजय बंसल, जिला परिषद अध्यक्ष सुनील शर्मा, नरेश मान, गुरभाग सिंह धमाला, रघुवीर सोढ़ी और संतोष शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 6 3 8 3
Total Users : 416383
Total views : 667451

शहर चुनें