October 12, 2026 10:27 am

October 12, 2026 10:27 am

राहुल गांधी को इस्तीफा सौंपने के बाद राजा वडिंग का बड़ा बयान, बोले- ‘राजा वडिंग जैसा था, वैसा ही रहेगा

इस्तीफे की मांग करने वालों पर तंज, सचिन पायलट की भूमिका को लेकर भी बोले; कहा- चुनाव की तैयारी पूरी थी, क्रिकेट बैट भी खरीद लिए थे

बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपने कार्यकाल, संगठन में हुए बदलाव और पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट को लेकर कई अहम बातें कहीं।

राजा वडिंग ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने इस्तीफे की मांग करने वालों पर तंज कसते हुए कहा, “होते हैं कुछ साथी, जो इस तरह का काम करते हैं। रब उनको चढ़दी कला में रखे। इस्तीफा मैं आज राहुल गांधी को देकर आया हूं।”
सचिन पायलट की भूमिका पर उठाए सवाल
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी के तौर पर सचिन पायलट की नियुक्ति और उसके बाद संगठन में हुए बदलाव को लेकर भी वडिंग ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्हें सूत्रों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि नए प्रदेश अध्यक्ष की जरूरत की बात प्रभारी की ओर से रखी गई थी।
वडिंग ने सचिन पायलट को लेकर कहा कि जब उन्हें पंजाब का प्रभारी बनाया गया था तो वह औपचारिक रूप से बधाई देने उनके पास गए थे। दोनों के बीच करीब 15 मिनट बातचीत हुई, लेकिन इसके बाद उनकी मुलाकात नहीं हुई। वडिंग ने यह भी कहा कि उनके पास पायलट की भूमिका को लेकर कोई ठोस सबूत नहीं है।

‘राजा वडिंग जैसा था, वैसा ही रहेगा’
प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ने के बाद अपनी राजनीतिक भूमिका को लेकर राजा वडिंग ने कहा कि पद बदलने से उनके व्यक्तित्व और काम करने के तरीके में कोई बदलाव नहीं आएगा।
उन्होंने कहा, “राजा वडिंग जैसा था, वैसा ही रहेगा। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं प्रधान हूं या पूर्व प्रधान।”
वडिंग ने यह भी कहा कि वह पार्टी के एक आम कार्यकर्ता के रूप में भी काम करने के लिए तैयार हैं। मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह आम कार्यकर्ता बनकर भी काम कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मन में जो बात होती है, भगवान उसे पूरा कर देता है।
भूपेश बघेल के पुराने बयान का भी किया जिक्र
राजा वडिंग ने पूर्व पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने उस समय कहा था कि प्रदेश अध्यक्ष बदलना गुड्डे-गुड़िया का खेल नहीं है।
वडिंग ने कहा कि अगर आज भूपेश बघेल पंजाब प्रभारी होते तो उनके अनुसार कही गई वह बात पूरी होती और राजा वडिंग ही प्रदेश अध्यक्ष बने रहते।
चुनाव की तैयारी पूरी थी, क्रिकेट बैट भी खरीद लिए थे
प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर अपने मन की बात रखते हुए राजा वडिंग ने कहा कि पंजाब में चुनाव नजदीक आ गए थे और उनकी तैयारी पूरी थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने चुनाव के लिए क्रिकेट बैट तक खरीद लिए थे।
वडिंग ने कहा, “चुनाव की तैयारी पूरी थी, क्रिकेट बैट भी खरीद लिए थे, लेकिन कोई नहीं। रब दोबारा मौका देगा तो दोबारा खेलेंगे।”
राजा वडिंग का इस्तीफा ऐसे समय हुआ है जब पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की प्रक्रिया चल रही है और 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की तैयारी कर रही है।

उन्होंने अपने करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि कार्यकाल लंबा या छोटा हो सकता है, लेकिन ऐसा होना चाहिए जिसे लोग याद रखें। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद वडिंग ने यह भी कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने पंजाब से जुड़े अपने विचार रखे हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 0 5 3
Total Users : 429053
Total views : 684239

शहर चुनें