November 19, 2026 1:46 pm

November 19, 2026 1:46 pm

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के पीएसओ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गोली लगने से गई जान

गांव मोखरा स्थित अपने घर पर देर रात मिला एएसआई प्रदीप का शव, सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारने की आशंका; पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच

बाबूगिरी न्यूज़
रोहतक, 19 नवम्बर। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के निजी सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) के रूप में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) प्रदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना देर रात की बताई जा रही है। प्रदीप अपने गांव मोखरा स्थित घर पर मौजूद थे। गोली लगने के बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रदीप को गोली उनकी सर्विस पिस्टल से लगी। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए उनके द्वारा खुद को गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलते ही रोहतक जिला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में प्रदीप को गोली लगी।
बताया जा रहा है कि प्रदीप वर्ष 2003 बैच में कमांडो के रूप में भर्ती हुए थे। वह काफी समय से सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारी निभा रहे थे और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सुरक्षा दल में तैनात थे।
परिचितों के अनुसार, प्रदीप मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार और जानकारों में शोक है। परिवार के सदस्य इस घटना से गहरे सदमे में हैं।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। आत्महत्या की आशंका सहित अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 7 8 1 7
Total Users : 457817
Total views : 724013

शहर चुनें