November 19, 2026 1:48 am

November 19, 2026 1:48 am

गेहूं की बिजाई पिछड़ी, सिरसा और फतेहाबाद के किसानों को तत्काल नहरी पानी दे सरकार – कुमारी सैलजा

एक सप्ताह की आपूर्ति को बताया अपर्याप्त, आंदोलनरत किसानों पर दर्ज एफआईआर की समीक्षा और बेबुनियाद मामले वापस लेने की मांग

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़/सिरसा, 18 नवंबर। सिरसा की कांग्रेस सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव कुमारी सैलजा ने हरियाणा में गेहूं की बिजाई में हो रही देरी पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से सिरसा और फतेहाबाद जिलों में नहरी पानी की आपूर्ति तत्काल बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों को केवल एक सप्ताह पानी मिलने से बड़ी संख्या में किसान अपने खेतों की सिंचाई कर समय पर बिजाई नहीं कर पा रहे हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रकाशित आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में अब तक करीब 1.79 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बिजाई हुई है। पिछले साल इसी अवधि में यह रकबा करीब 4.44 लाख हेक्टेयर था। इस तरह गेहूं की बिजाई करीब 6.55 लाख एकड़ पीछे है। उन्होंने कहा कि सिरसा और फतेहाबाद में सिंचाई के इंतजार में बैठे किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। बिजाई में और देरी से पैदावार और किसानों की आमदनी प्रभावित होने की आशंका है।
सांसद ने आरोप लगाया कि नहरी पानी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों की बात सुनने और पानी उपलब्ध कराने की जगह सरकार उनके खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज कर रही है। सांसद ने मांग की कि प्रशासन किसान प्रतिनिधियों से तत्काल बातचीत करे, दर्ज मामलों की समीक्षा कराए और बेबुनियाद पाए जाने वाले मामले वापस ले।
कुमारी सैलजा ने कहा कि सिंचाई विभाग दोनों जिलों के लिए नहरी पानी छोड़ने की तारीख और आपूर्ति की अवधि सार्वजनिक करे, ताकि किसान उसके अनुसार खेत तैयार कर सकें। विभाग यह भी सुनिश्चित करे कि नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचे। सांसद  ने कहा कि बिजाई का समय सीमित है, इसलिए सरकार आपूर्ति बढ़ाने का फैसला तुरंत ले और उसकी जानकारी गांवों तक पहुंचाए।

नानकमत्ता में सैलजा ने हस्ताक्षर कर अभियान में लिया हिस्सा
नानकमत्ता, 18 नवंबर। उत्तराखंड दौरे के दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र स्थित कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लिया। सांसद ने भाजपा सरकार और उसके नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के विरोध में चलाए जा रहे अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए। सैलजा ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, कुशासन और जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। सांसद।ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार से जवाबदेही चाहती है और भाजपा को सत्ता से हटाने का संकल्प ले चुकी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 7 6 0 8
Total Users : 457608
Total views : 723687

शहर चुनें