November 20, 2026 12:56 pm

November 20, 2026 12:56 pm

25 जून 2026 से हरियाणा में शुरू हुई ई-जीरो एफआईआर सुविधा, एक लाख रुपये से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में स्वतः दर्ज हो रही है ई-जीरो एफआईआर

25 जून 2026 से हरियाणा में शुरू हुई ई-जीरो एफआईआर सुविधा, एक लाख रुपये से अधिक की साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में स्वतः दर्ज हो रही है ई-जीरो एफआईआर

डायल 1930 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों को ई-जीरो एफआईआर में बदलकर संबंधित साइबर पुलिस थानों को भेजा जा रहा है

डीजीपी अजय सिंघल बोले—तकनीक आधारित पुलिसिंग से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और पीड़ितों को त्वरित सहायता पहुंचाने में मिलेगी मदद

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों को त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा ई-जीरो एफआईआर (e-Zero FIR) व्यवस्था लागू की गई है। इस आधुनिक व्यवस्था के माध्यम से साइबर ठगी के मामलों में एफआईआर दर्ज करवाने की प्रक्रिया को सरल, त्वरित और अधिक प्रभावी बनाया गया है। हरियाणा में यह सुविधा 25 जून 2026 से शुरू की गई है और 14 नवंबर 2026 तक प्रदेश में कुल 1,533 ई-जीरो एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

एक लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी पर स्वतः बनेगी ई-जीरो एफआईआर

इस व्यवस्था के तहत साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर प्राप्त होने वाली एक लाख रुपये से अधिक की वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों को स्वतः ई-जीरो एफआईआर में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके बाद संबंधित ई-जीरो एफआईआर को आगे की कानूनी कार्रवाई, नियमित एफआईआर के पंजीकरण और विस्तृत जांच के लिए संबंधित क्षेत्राधिकार वाले साइबर पुलिस थाने में भेजा जाता है।

पीड़ितों को थानों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत, जांच प्रक्रिया में आएगी तेजी

इस पहल का सबसे बड़ा लाभ यह है कि साइबर ठगी के पीड़ितों को एफआईआर दर्ज करवाने के लिए अलग-अलग पुलिस थानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। शिकायत प्राप्त होने के साथ ही उसे एफआईआर की प्रक्रिया से जोड़कर संबंधित पुलिस इकाई तक पहुंचाया जाता है। इससे जांच प्रक्रिया में तेजी आती है और समय रहते ठगी की रकम को होल्ड करवाने तथा आरोपियों तक पहुंचने के प्रयासों को मजबूती मिलती है।

तकनीक आधारित पुलिसिंग से साइबर अपराधों पर लगेगा प्रभावी अंकुश: डीजीपी अजय सिंघल

डीजीपी हरियाणा अजय सिंघल ने कहा कि ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था हरियाणा पुलिस की तकनीक आधारित और नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। साइबर वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में शिकायत प्राप्त होते ही एफआईआर की प्रक्रिया शुरू होने से पीड़ितों को त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध करवाने और साइबर अपराधियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम, जांच और नागरिकों की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

समय पर शिकायत मिलने से ठगी की राशि को होल्ड करवाने की संभावना बढ़ती है: एसपी मयंक गुप्ता

एसपी मयंक गुप्ता ने बताया कि ई-जीरो एफआईआर सुविधा ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया है। डायल 1930 पर प्राप्त एक लाख रुपये से अधिक की ठगी से संबंधित शिकायतों को स्वतः ई-जीरो एफआईआर में परिवर्तित कर संबंधित साइबर पुलिस थाने भेजा जाता है, जहां नियमित एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जाती है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की घटना होने पर पीड़ित द्वारा तुरंत शिकायत करना बेहद जरूरी है। जितनी जल्दी शिकायत दर्ज होगी, ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने और उसे होल्ड करवाने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।

कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी लागू हो रही है ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था

उल्लेखनीय है कि साइबर अपराधों के मामलों में ई-जीरो एफआईआर व्यवस्था को लागू करने की दिशा में हरियाणा के साथ हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और लद्दाख में भी यह पहल की जा रही है। वहीं, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान में भी अलग-अलग निर्धारित वित्तीय सीमाओं के आधार पर यह व्यवस्था पहले से लागू की जा चुकी है।

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें कॉल: डीजीपी

डीजीपी अजय सिंघल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर बिना देरी किए तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल

www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करवाएं। त्वरित शिकायत से ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने और संभावित वित्तीय नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 8 5 0 9
Total Users : 458509
Total views : 725047

शहर चुनें