सरस्वती नदी का पुनर्जीवन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर और अयोध्या में श्रीराम मंदिर की पुनर्स्थापना भारत के उभरते सौभाग्य के प्रतीक — केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत
कपाल मोचन तीर्थ आस्था, आत्मशुद्धि और भारत की साझा संस्कृति की विरासत का केंद्र — केंद्रीय मंत्री
हरियाणा की धरा कृषि, सैनिकों, खिलाड़ियों और आध्यात्मिक चिंतन के लिए भी प्रसिद्ध — केंद्रीय मंत्री
187 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर — केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हरियाणा में सरस्वती नदी के पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कार्य है। सरस्वती का पुनर्जीवन देश के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना करतारपुर साहिब का गलियारा खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना होना। ये तीनों घटनाएं भारत के उभरते सौभाग्य और गौरवशाली पुनर्जागरण के प्रतिबिंब हैं। उन्होंने कहा कि जिस दिन सरस्वती नदी विलुप्त हुई, उसी दिन से भारत के सौभाग्य का सूर्य अस्ताचल की ओर बढ़ना शुरू हो गया था। इसी प्रकार, जिस दिन भगवान श्रीराम का मंदिर ध्वस्त हुआ, वह भी भारत के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गौरव के लिए एक कठिन कालखंड था। लाखों लोगों के बलिदान और शताब्दियों के लंबे संघर्ष के बाद आज देश एक ऐसे यशस्वी दौर में पहुंचा है, जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर पुनर्स्थापित हुआ है और भारत का सौभाग्य सूर्य एक बार फिर उदित होकर पूरी दुनिया को अपनी आभा से आलोकित कर रहा है।
केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत यमुनानगर जिले में शुक्रवार को आयोजित श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्री आदिबद्री मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 187 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण तथा जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया है। इससे पहले, उन्होंने पुलिस विभाग के मोबाइल पुलिस बूथ का उद्घाटन किया और मेला परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी व विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टालों का अवलोकन भी किया।
अपने संबोधन में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कपालमोचन तीर्थ को नमन करते हुए कहा कि कपाल मोचन तीर्थ केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और भारत की साझा संस्कृति की विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। तीर्थयात्रा केवल किसी स्थान तक पहुंचने मात्र तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और मन में एक नया संकल्प लेने के साथ सकारात्मक परिवर्तन का अवसर भी होती है। कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा प्रदान करती है।
हरियाणा की धरा कृषि, सैनिकों, खिलाड़ियों और आध्यात्मिक चिंतन के लिए भी प्रसिद्ध
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हरियाणा की पहचान पहले कृषि और यहां के सैनिकों एवं रणबांकुरों से होती थी, जो सीमाओं पर खड़े होकर सदियों से देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते आए हैं। वर्तमान संदर्भ में हरियाणा की पहचान यहां के खिलाड़ियों, पहलवानों और बॉक्सरों से होती है। इसके साथ-साथ हरियाणा की धरती प्राचीन काल से ऋषियों, साधना, वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन की पवित्र धरती भी रही है। उन्होंने कपाल मोचन की पौराणिक महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि पौराणिक मान्यता के अनुरूप भगवान शिव भी ब्रह्महत्या के दोष से मुक्त होने के लिए कपाल मोचन में आकर स्नान किया था। यह कथा केवल डुबकी लगाने की प्रेरणा नहीं देती, बल्कि जीवन के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश भी देती है। मनुष्य से जीवन में काम करते हुए जाने-अनजाने कोई भूल हो सकती है, लेकिन प्रायश्चित और आत्मचिंतन के बाद सही दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग हमेशा खुला रहता है।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन की यह धरती हमें अपने भीतर से अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर मनुष्य बनने की प्रेरणा प्रदान करती है। यह पवित्र धरा हमें माता-पिता, गुरु, देश, समाज और प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का ठीक से निर्वहन करने का स्मरण कराते हैं।
भारत की संस्कृति में पूरी दुनिया को परिवार मानने का भाव
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हमारे ऋषियों और मनीषियों ने वैदिक मान्यताओं के अनुरूप प्रकृति, पर्यावरण और उसके प्रत्येक घटक का सम्मान करने का विधान किया है। यह भारत की धरती है, जहां ‘सर्व खल्विदं ब्रह्म’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का संदेश दिया। इस धरती पर रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक परिवार की तरह है। भारत की पवित्र धरती ने कंकर-कंकर में शंकर को पूजने की परंपरा बनाई है। उन्होंने कहा कि इन मान्यताओं का वास्तविक प्रतिदान जीवन में सेवा की भावना और गरीबों, समाज में पीछे रह गए व्यक्तियों, सांझा सांस्कृतिक तथा प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के जीवन से मर्यादा की प्रेरणा मिलती है, भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य और विवेक के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। श्री गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता की सेवा का संकल्प देता है, जबकि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा देता है। कपाल मोचन की विशेषता है कि इन सभी परंपराओं का साझा प्रतिरूप इस पावन धरती पर देखने को मिलता है।
16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत को गरीबों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि गरीबों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मुफ्त इलाज के साथ-साथ ओपीडी उपचार के लिए सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है। आज देशभर में हजारों जन औषधि केंद्र गरीबों को सस्ती दरों पर दवाइयां उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं।
हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के संकल्प को मिली गति
शेखावत ने कहा कि उन्हें जल शक्ति मंत्री के रूप में कपाल मोचन और इसके साथ जुड़ी मां सरस्वती की धारा को जीवंत करने के लिए काम करने का सौभाग्यपूर्ण अवसर मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा है कि हर घर तक स्वच्छ पेयजल निरंतर और नियमित रूप से पहुंचे। उन्हें जल शक्ति मंत्रालय में पांच वर्ष तक काम करने का अवसर मिला और सतत प्रयासों से देश के 80 प्रतिशत घरों तक पीने का पानी पहुंचाने में सफलता प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने से पानी के प्रदूषण से होने वाली बीमारियों को रोकने में बड़ी सफलता मिली है।
भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। भारत की तरफ देखने का पूरी दुनिया का दृष्टिकोण बदल रहा है। एक तरफ भारत आर्थिक दृष्टि से तेजी से प्रगति कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ सामरिक दृष्टि से आत्मनिर्भर होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। तकनीक के क्षेत्र में भी भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़े स्तर पर आर्थिक परिवर्तन हुआ है और 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि देश में आंतरिक शांति का दौर है और भारत आर्थिक दृष्टि से प्रगति कर रहा है। देश के 250 से अधिक जिलों में फैले नक्सलवाद को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति और केंद्रीय गृह मंत्री के प्रयासों से समाप्त करने में सफलता मिली है।
2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि आज हमारे सामने अपनी सभ्यता, संस्कृति और विरासत के संरक्षण के साथ-साथ देश की विकास गति को और अधिक बढ़ाने की जिम्मेदारी है। वर्ष 2047 तक भारत विकसित हो जाएगा और दुनिया की कोई ताकत अब भारत को विकसित होने से नहीं रोक सकती। लेकिन विकसित भारत के निर्माण में हमने क्या योगदान दिया है, यह आने वाले समय में हमारे लिए आकलन का विषय होगा। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी जब इस कालखंड का इतिहास लिखेगी, तो भारत की विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास की यात्रा का भी उल्लेख इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन जैसी पावन धरती से हमें जल संरक्षण, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों के लिए संकल्पबद्ध होने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्स्थापित और पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, रेणू बाला, मेयर सुमन बहमनी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्त आयुक्त डॉ सुमिता मिश्रा, पूर्व मंत्री कंवर पाल, एससी—एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमचसहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हरियाणा पवेलियन में चौपाल पर हुई चर्चा, नीलम और अनुषा ने सुनाई प्रेरणादायक कहानियां
हरियाणा ट्रेड फेयर अथॉरिटी की मुख्य प्रशासक ए. मोना श्रीनिवास ने शुरू की चौपाल पर चर्चा की पहल
हरियाणा पवेलियन में स्टॉल चला रही नीलम यादव और अनुषा ने बताया कैसे उन्होंने शुरू किया अपना उद्यम
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर — अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बने हरियाणा पवेलियन में शुक्रवार को एक नई शुरुआत की गई। यहां पवेलियन में हरियाणवी चौपाल पर चर्चा कार्यक्रम की शुरूआत की गई। यह शुरुआत हरियाणा ट्रेड फेयर अथॉरिटी, नई दिल्ली की मुख्य प्रशासक ए. मोना श्रीनिवास ने की। उन्होंने हरियाणा पवेलियन में दो महिलाओं नीलम यादव व अनुषा मंत्री से चौपाल पर चर्चा की, जिनकी कहानियां हम सभी के लिए प्रेरणादायक हैं। कैसे दोनों महिलाओं ने मेहनत और लगन के साथ अपना व्यवसाय खड़ा किया।
नीलम ने कैंसर जैसी बीमारी के बाद भी खड़ा किया उद्यम
हरियाणा के जिला गुरुग्राम के गांव ढाणी चिटर सैन, भोड़ा कलां की नीलम यादव ने बीमारी और आर्थिक तंगी के बीच हिम्मत न हारकर आत्मनिर्भरता की प्रेरणादायक मिसाल कायम की है। उन्होंने न केवल खुद को स्वरोजगार से जोड़ा, बल्कि लगभग 800 से 900 ग्रामीण महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा। उन्होंने बताया कि शादी के बाद उनके पति की आँखों की रोशनी कम होने से परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई, तो नीलम ने गाँव में छोटी-सी दुकान खोली। इसी दौरान उन्हें टीबी हो गया और लगभग तीन वर्षों तक इलाज चला। वर्ष 2017 में स्वयं सहायता समूह से जुड़कर नीलम ने गाँव-गाँव जाकर महिलाओं को प्रेरित किया और नए समूहों के गठन में अहम भूमिका निभाई। इससे उन्हें हर 15 दिन में लगभग ₹9,000 की आय होने लगी। कृषि विज्ञान केंद्र से निःशुल्क प्रशिक्षण लेकर उन्होंने अचार, पापड़ और मसाले बनाना सीखा। वर्ष 2021 में कैंसर का पता चलने पर भी उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा। इलाज के दौरान डॉक्टरों की जैविक व पौष्टिक भोजन की सलाह ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। आज वे बिना कृत्रिम प्रिजर्वेटिव के बाजरे का आटा, बाजरे की खिचड़ी, अचार, मसाले और अन्य पारंपरिक उत्पाद तैयार करती हैं, जिन्हें वे विभिन्न व्यापार मेलों और प्रदर्शनियों में प्रदर्शित करती हैं। महिला सशक्तिकरण और कृषि क्षेत्र में योगदान के लिए नीलम को सर्वश्रेष्ठ स्वयं सहायता समूह का सम्मान और सर्वश्रेष्ठ किसान पुरस्कार मिल चुका है। नीलम का सपना है कि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनें। वे कहती हैं, “हार परिस्थितियों से नहीं होती, हार तब होती है जब इंसान प्रयास करना छोड़ देता है। और मैंने कभी प्रयास करना नहीं छोड़ा।”
कोविड में खड़ा किया खुद का ब्रांड
गुरुग्राम की रहने वाली अनुषा मंत्री ने बताया कि कोविड में जब लोग जीने के लिए संघर्ष कर रहे थे तो उसने एक छोटी सी शुरुआत की और सुनहरा गोटा के नाम से शुरुआत की। उन्होंने बताया कि कोविड के कठिन दौर में सिर्फ़ एक फ़ोन कॉल से शुरू हुआ यह प्रयास आज 20 से अधिक परिवारों की आजीविका का आधार बन चुका है। ब्रांड की शुरुआत दुपट्टों से हुई, जिन्हें हैंडीक्राफ्ट श्रेणी में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर उतारा गया। उन दिनों भी उम्मीद से बेहतर प्रतिक्रिया मिली। दो वर्ष बाद पहली बार रिटेल में उतरने का अवसर मिला, जहाँ शो पूरी तरह सोल्ड आउट रहा। इससे ग्राहकों की भरपूर माँग और बहुमूल्य फ़ीडबैक मिला। रिटेल उद्योग में 20 से अधिक वर्षों के अनुभव के बाद उन्होंने पूरी तरह गोटा पट्टी कारीगरों के साथ काम करने का निर्णय लिया। ब्रांड ने दो वर्षों की तैयारी के बाद अपना साइज़ चार्ट तैयार किया और एक छोटी सिलाई यूनिट स्थापित की। इसके बाद दिवाली 2025 में लेडीज़ रेडी-टू-वियर परिधान लॉन्च किए गए। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास इस मिथक को तोड़ना है कि गोटा पट्टी केवल ओकेजन वियर के लिए उपयुक्त है। हम इस सदियों पुरानी कला में ऐसे अनूठे डिज़ाइन बनाते हैं, जो हर उम्र की महिलाओं को पसंद आएं। उन्होंने बताया कि ब्रांड की सबसे बड़ी ताकत उसके अनुभवी कारीगर हैं, जिन्होंने खुद को आधुनिक माँग के अनुसार ढाल लिया है। कारीगरों और दर्जियों के बीच बेहतरीन तालमेल है, और हर डिजाइन व हर उत्पाद पर सब मिलकर विचार-मंथन करते हैं। ब्रांड का लक्ष्य इस कला को जीवित रखना है, ताकि अगली पीढ़ी इसे आर्थिक रूप से व्यवहार्य मानकर अपनाएं और बड़े शहरों में नौकरी के लिए पलायन न करे। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सबसे बड़ी जीत यह है कि युवा न केवल उत्पाद बना रहे हैं, बल्कि ब्रांड की विकास यात्रा में खुशी से भागीदार भी हैं। यही युवा इस धरोहर को जिंदा रखेंगे। ये 7 वर्ष बहुत समृद्ध रहे हैं और हमारा सफ़र अभी बस शुरू हुआ है।
इंडो-जर्मन विरासत को आगे बढ़ाते हुए जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने जर्मनी में खोले नए शैक्षणिक अवसर
– विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल ने राइनिशे होखशुले कोलोन के साथ इंटर्नशिप और वर्क-स्टडी कार्यक्रमों की संभावनाएं तलाशीं
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर — जर्मनी के राइनिशे होखशुले, कोलोन (यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज) के साथ हुई उच्च-स्तरीय वार्ता के बाद जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद (हरियाणा) के विद्यार्थियों को अब जर्मनी में आठवें सेमेस्टर की इंटर्नशिप, अनूठे ‘वर्क-स्टडी मास्टर्स मॉडल’ और संकाय-छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रमों का सीधा लाभ मिलने जा रहा है।
इस दौरे के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अजय रँगा और प्रो. संजीव गोयल (मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग एवं प्रभारी, आईपीआर, इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन प्रभाग) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आरएच कोलोन के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस बैठक में आरएच कोलोन की ओर से प्रो. डॉ. थॉमस बार्थ (वाईस प्रेजिडेंट, पोर्टफोलियो एवं अंतर्राष्ट्रीयकरण तथा कार्यक्रम प्रमुख, बी.एससी. बिजनेस इंफॉर्मेटिक्स), प्रो. डॉ. अलेक्जेंडर पोलाक (प्रमुख, इंजीनियरिंग संकाय) और व्याख्याता डेनियल फेनिग (एम.इंजी.) शामिल हुए।
यह बैठक विश्वविद्यालय के ‘यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच – 2026’ अभियान में एक अहम हिस्सा है। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने रोमानिया की टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ क्लुज-नेपोका और हंगरी की स्ज़ेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी (ग्योर) के साथ भी रणनीतिक शैक्षणिक संवाद किया है।
वर्ष 1969 में उद्योग-उन्मुख तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एक इंडो-जर्मन परियोजना के रूप में स्थापित जे.सी. बोस विश्वविद्यालय अपनी जर्मन उत्कृष्टता की विरासत को निरंतर समृद्ध कर रहा है। कोलोन के औद्योगिक क्षेत्र में व्यावहारिक कार्य अनुभव के साथ कक्षा शिक्षण को जोड़ने के लिए प्रसिद्ध प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज ‘आरएच कोलोन’ के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय के रोजगार-परक शिक्षा के मूल सिद्धांतों के अनुरूप है।
शैक्षणिक संवाद के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए दोनों संस्थानों ने फरवरी 2027 से जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उनके आठवें सेमेस्टर के दौरान एक से तीन महीने की इंटर्नशिप के लिए आरएच कोलोन आमंत्रित करने पर सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की है। इससे विद्यार्थियों को जर्मन शैक्षणिक परिवेश और औद्योगिक कार्यप्रणाली का सीधा अनुभव प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त, कोलोन में चल रहे ‘वर्क-स्टडी मास्टर्स’ मॉडल पर भी चर्चा की गई, जिसके तहत विद्यार्थी सोमवार से गुरुवार तक आरएच कोलोन के सहयोग से साझेदार कंपनियों में कार्य करते है और शुक्रवार व शनिवार को विश्वविद्यालय में मास्टर्स की कक्षाएं लगते है। यह व्यवस्था विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय डिग्री के साथ-साथ व्यावसायिक अनुभव अर्जित करने में सक्षम बनाएगी। बैठक में पारस्परिक हित के क्षेत्रों में छात्र एवं संकाय गतिशीलता, संयुक्त अनुसंधान पहल और सहयोगात्मक शैक्षणिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
यूरोपीय दौरे की प्रगति की सराहना करते हुए कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय पांच दशक से भी अधिक समय पहले इंडो-जर्मन सहयोग से उपजी गौरवशाली विरासत का वाहक है। उन्होंने कहा कि रोमानिया और हंगरी में हालिया संवाद के साथ-साथ राइनिशे होखशुले कोलोन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ जुड़ना विश्वविद्यालय की स्थापना के मूल विजन को सार्थक करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जर्मनी में अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे प्रतिनिधिमंडल के ये प्रयास और व्यावहारिक शैक्षणिक मार्ग विद्यार्थियों को वैश्विक कार्यस्थलों के लिए सशक्त बनाएंगे।
कुलसचिव प्रो. अजय रँगा ने प्रस्तावित मॉडल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अध्ययन, इंटर्नशिप और वास्तविक औद्योगिक अनुभव का समन्वय करने वाला मार्ग आज के विद्यार्थियों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जर्मनी में विश्वविद्यालय के यूरोपीय शैक्षणिक आउटरीच का सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना हमारे अंतर्राष्ट्रीयकरण के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है और औपचारिकताओं के पूर्ण होते ही यह साझेदारी युवाओं के लिए परिवर्तनकारी अवसर खोलेगी।
प्रो. संजीव गोयल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल आरएच कोलोन के मजबूत औद्योगिक जुड़ाव से अत्यंत प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि आठवें सेमेस्टर की इंटर्नशिप और वर्क-स्टडी मास्टर्स मॉडल दोनों ही विद्यार्थियों को व्यापक वैश्विक अनुभव और व्यावहारिक विशेषज्ञता प्रदान करेंगे, और विश्वविद्यालय इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए तत्पर है।
पात्रता, शुल्क संरचना, क्रेडिट मान्यता और कार्यक्रम की रूपरेखा से संबंधित विस्तृत नियम आगामी महीनों में अंतिम रूप दिए जाएंगे, जिसके पश्चात दोनों संस्थानों की वैधानिक स्वीकृति के बाद औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
कपाल मोचन मेला आस्था, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
प्रदेशवासियों को मिली 187 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को सौगात
कपाल मोचन, आदि बद्री सहित चार प्रमुख तीर्थों के विकास के लिए गठित किया श्राइन बोर्ड
*लधार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को भी प्राथमिकता – मुख्यमंत्री
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर – हरियाणा की धरती पर आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक एकता की सदियों पुरानी परंपरा का प्रतीक श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला शुक्रवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। मेले के उद्घाटन अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कपाल मोचन ऐसा पावन स्थल है, जहां विभिन्न धर्मों और संप्रदायों की आस्था एक साथ दिखाई देती है। इस अवसर पर केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरु घर में माथा टेका और हवन यज्ञ के साथ श्री कपाल मोचन श्री आदिबद्री मेले का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने कपाल मोचन, ऋण मोचन और सूरजकुंड सरोवरों का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। इसी कड़ी में आज मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेशवासियों को विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए 187 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों का निर्माण तथा जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया है। उन्होंने कहा कि आस्था और विकास, दोनों साथ-साथ चलें, यही सरकार का संकल्प है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, सद्भावना, एकता और भाईचारे का ऐसा संगम है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक पहचान कराता है। यही भारत की आत्मा और हमारी साझा संस्कृति की ताकत है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को बिलासपुर में श्री कपाल मोचन-आदि बद्री मेले के उद्घाटन अवसर पर कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने देव उठनी एकादशी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भगवान श्री विष्णु योग-निद्रा से जागते हैं और मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। ऐसे पावन दिन और पवित्र तीर्थ पर श्रद्धालुओं के बीच आना उनके लिए परम सौभाग्य है।
युगों पुरानी धार्मिक विरासत का केंद्र है कपाल मोचन
मुख्यमंत्री ने कपाल मोचन तीर्थ के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि स्कंद महापुराण के अनुसार यह तीर्थ पावन सरस्वती और यमुना के मध्य स्थित द्वैतवन में है। प्राचीन काल में इसे ‘औशनस तीर्थ’ कहा जाता था। महाभारत और वामन महापुराण में भी इसका उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा जी ने इसी द्वैतवन में यज्ञ किया था, जिसमें देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों ने भाग लिया था।
गुरु गोबिंद सिंह जी के 52 दिन के प्रवास का साक्षी है यह तीर्थ
मुख्यमंत्री ने कहा कि कपाल मोचन की धरती दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चरणों से भी पावन हुई है। भंगाणी के युद्ध से पूर्व गुरु साहिब ने यहां 52 दिन प्रवास किया था। उन्होंने कपाल मोचन और ऋण मोचन सरोवरों में स्नान किया तथा अपने अस्त्र-शस्त्र धोए। दोनों सरोवरों के बीच स्थित प्राचीन अष्टकोणीय गुरुद्वारा आज भी इस ऐतिहासिक विरासत का साक्षी है। गुरु साहिब ने यहां के महंत को हस्तलिखित पट्टा और ताम्रपत्र भी प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब के वरदान और परंपरा के अनुरूप आज भी कार्तिक पूर्णिमा पर यहां श्री गुरु नानक देव जी का गुरु पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। लाखों श्रद्धालु इस अवसर पर पहुंचते हैं और कपाल मोचन, ऋण मोचन तथा सूरज कुंड में क्रमवार स्नान करते हैं। देव उठनी एकादशी से ही इस पांच दिवसीय पुण्य पर्व की शुरुआत होती है।
चार प्रमुख तीर्थों के विकास के लिए श्राइन बोर्ड का गठन
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों को सहेजना सरकार का दायित्व है। इसी उद्देश्य से श्री कपाल मोचन, श्री बद्री नारायण, श्री मंत्रा देवी और श्री केदारनाथ के व्यवस्थित विकास के लिए समर्पित श्राइन बोर्ड का गठन किया गया है। तीर्थ का कायाकल्प दो चरणों में किया जा रहा है। इस वर्ष मेले और तीर्थ के रखरखाव पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि गुरुओं के शौर्य और बलिदान से नई पीढ़ी को परिचित कराने के लिए तीन करोड़ रुपये की लागत से ‘गुरु गोबिंद सिंह युद्ध कला संग्रहालय’ बनाया गया है। वहीं, लोहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर जी की ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए भगवानपुर में 112 करोड़ रुपये की लागत से उनके स्मारक का निर्माण किया जा रहा है। मां सरस्वती के उद्गम स्थल आदि बद्री को भी प्रमुख तीर्थ एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गुरुओं की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुओं और महापुरुषों के प्रति श्रद्धा केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनके विचार और शिक्षाएं समाज के जीवन का हिस्सा बननी चाहिए। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार ने ‘संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना’ शुरू की है। इसके तहत महापुरुषों की जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित कर उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है। आगामी दिवसों में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व यमुनानगर में राज्य स्तरीय समारोह के रूप में मनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आठवीं कक्षा के इतिहास पाठ्यक्रम में सिख गुरुओं और बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का इतिहास शामिल किया है। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर शोध पीठ स्थापित की गई है। कुरुक्षेत्र के उमरी में 170 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश के पहले सिख संग्रहालय की आधारशिला प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने रखी है। कुरुक्षेत्र में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के संग्रहालय का निर्माण कार्य भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुनानगर के कलेसर में ‘श्री गुरु तेग बहादुर स्मृति वन’ विकसित किया जा रहा है और यमुनानगर का मेडिकल कॉलेज भी गुरु साहिब के नाम पर होगा। सिख संगत की वर्षों पुरानी मांग पूरी करते हुए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी का गठन किया गया है। सिरसा में गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को लगभग नौ एकड़ भूमि निःशुल्क सौंपी गई है।
धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को मिल रही नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु परंपरा को राष्ट्र की चेतना से जोड़ने का कार्य किया है। साहिबजादों के बलिदान की स्मृति में 26 दिसंबर को ‘वीर बाल दिवस’ घोषित किया गया, जिसे हरियाणा हर वर्ष राज्य स्तर पर मनाता है। लंगर को जीएसटी से मुक्त करने और अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूपों को पूरे सम्मान के साथ भारत लाने जैसे कदम भी गुरु परंपरा के प्रति सम्मान को दर्शाते हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं से अपनी विरासत को सहेजने, गुरुओं की वाणी को जीवन में उतारने तथा सशक्त, समरस हरियाणा और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, रेणू बाला, मेयर सुमन बहमनी, पूर्व मंत्री कंवर पाल, एससी—एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमचसहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हरियाणा में पोर्टल और डिजिटल भुगतान प्रणालियों का होगा ऑडिट; सरकारी पैसे की बढ़ेगी सुरक्षा
बैंकों और आईटी विशेषज्ञों की मदद से की जाएगी तकनीकी खामियों की पहचान
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर-हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी सरकारी विभागों को अपने ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल भुगतान प्रणालियों का व्यापक ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि उनमें तकनीकी खामियों की पहचान कर वित्तीय धोखाधड़ी की आशंका को रोका जा सके और सरकारी पैसे की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
आज यहां सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के 25 बैंकों के प्रतिनिधियों, सरकारी विभागों और सूचना प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि सरकारी धन के अनधिकृत लेन-देन और उसके किसी अन्य खाते में हस्तांतरण की आषंकाओं को रोकने के लिए सभी संबंधित संस्थानों को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने सार्वजनिक धन के प्रबंधन में एहतियाती उपायों और जवाबदेही को मजबूत करने पर जोर दिया।
श्री अनुराग रस्तोगी ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और विभागीय खर्चों के माध्यम से बड़ी राशि का भुगतान करती है। ऐसे में बैंकों को संबंधित विभागों के साथ मिलकर पेमेंट गेटवे, एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआई) इंटीग्रेशन तथा सरकारी धन के हस्तांतरण के लिए उपयोग किए जा रहे अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की तकनीकी जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी धन के संरक्षक के रूप में बैंकों की यह बड़ी जिम्मेदारी है कि भुगतान सही लाभार्थियों और निर्धारित खातों तक पहुंचे।
श्री रस्तोगी ने बैंकिंग विशेषज्ञों और तकनीकी पेशेवरों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के संभावित दुरुपयोग सहित धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जांच करने और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय सुझाने का आग्रह किया। उन्होंने बैंकों और सरकारी विभागों को अपनी तकनीकी टीमों के साथ परामर्श जारी रखने और वित्त विभाग को ठोस सुझाव उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने सरकारी भुगतान प्रणालियों और बैंकिंग प्लेटफॉर्म के बीच आपसी संपर्क वाले संवेदनशील बिंदुओं पर वित्तीय नियंत्रण व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने लेन-देन की नियमित निगरानी, भुगतान विवरण के सत्यापन और खातों का समय पर मिलान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैंकों और तकनीकी विशेषज्ञों से प्राप्त सुझावों पर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में अधिकारियों ने सरकारी पोर्टल और बैंकिंग प्लेटफॉर्म के बीच लेन-देन से संबंधित आंकड़ों के आदान-प्रदान में संभावित विसंगतियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने वित्तीय रिकॉर्ड की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए लेन-देन के विवरण के सत्यापन और खातों के नियमित मिलान की व्यवस्था को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
बैठक में क्रिड के आयुक्त एवं सचिव जे. गणेषन और सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग के निदेशक श्री समवर्तक सिंह खंगवाल, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), वित्त विभाग तथा अन्य सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
माई भारत एनएसएस अवार्ड (2023-24) के नामांकन 11 दिसंबर तक किए जाएंगे स्वीकार-शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023-24 के माई भारत एनएसएस अवार्ड के लिए पात्र नामांकनों की हार्ड कॉपी 11 दिसंबर 2026 तक संबंधित निदेशालय में जमा करवाई जा सकती है। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा तथा ई-मेल से भेजे गए नामांकन भी मान्य नहीं होंगे।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि जिन कार्यक्रम समन्वयकों के क्षेत्राधिकार में 100 से अधिक एनएसएस इकाइयां हैं, वे अधिकतम 1 एनएसएस कोऑर्डिनेटर, 2 एनएसएस इकाइयां (कार्यक्रम अधिकारी सहित) तथा 2 पुरुष एवं 2 महिला स्वयंसेवकों के नामांकन भेज सकेंगे। वहीं, 100 से कम एनएसएस इकाइयों वाले क्षेत्राधिकार के कार्यक्रम समन्वयक अधिकतम 1 एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक, 1 एनएसएस इकाई (कार्यक्रम अधिकारी सहित) तथा 1 पुरुष एवं 1 महिला स्वयंसेवक का नामांकन श्रेणीबद्ध रूप में प्रस्तुत कर सकेंगे।
श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि निर्धारित सीमा से अधिक भेजे गए अतिरिक्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित समन्वयकों व संस्थानों से अपील की है कि वे समय रहते नियमों के अनुरूप नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करें ताकि उत्कृष्ट कार्य करने वाली इकाइयों, अधिकारियों व स्वयंसेवकों को सम्मान का अवसर मिल सके।
पानी की हर बूंद का सही इस्तेमाल हो, किसानों को सब्सिडी मिलने में न हो देरी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
माइक्रो इरिगेशन का दायरा बढ़ाने के निर्देश; गन्ना किसानों को ड्रिप इरिगेशन अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे अधिकारी, किसान का 15 प्रतिशत अंशदान जमा होते ही मिलेंगे उपकरण
महेंद्रगढ़, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी और झज्जर जिलों में 61 आउटलेट के माध्यम से 11,040 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करने की तैयारी
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 20 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पानी की हर बूंद का सही और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करना समय की मांग है। खेती में पानी की बचत और सिंचाई की दक्षता बढ़ाने के लिए माइक्रो इरिगेशन को बड़े स्तर पर बढ़ावा देना जरूरी है। इसी दिशा में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को इस तकनीक का लाभ समय पर मिले और सब्सिडी जारी करने में देरी न हो। इसके लिए सब्सिडी की प्रक्रिया सरल की जाए, लंबित आवेदनों का तेजी से निपटारा हो और किसान का निर्धारित 15 प्रतिशत अंशदान जमा होते ही उसे माइक्रो इरिगेशन सिस्टम लगाने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने गन्ने की खेती करने वाले किसानों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें ड्रिप इरिगेशन अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा सिविल सचिवालय में माइक्रो इरिगेशन एंड कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (मिकाडा) की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव शल राजेश खुल्लर, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, मिकाडा के प्रशासक बीरेन्द्र सिंह, मुख्य अभियंता संजीव दत्त शर्मा, संयुक्त निदेशक राजेश यादव तथा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि नाबार्ड से ऋण सहायता के तहत माइक्रो इरिगेशन फंड (एमआईएफ) के अंतर्गत 402.41 करोड़ रुपये की लागत वाली चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के तहत महेंद्रगढ़, अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, भिवानी और झज्जर जिलों में 61 आउटलेट के माध्यम से 11,040 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी आउटलेट के लिए टेंडर तभी जारी किया जाए, जब उससे जुड़े कम से कम 60 प्रतिशत लाभार्थियों की सहमति मिल जाए।
बैठक में बताया गया कि ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ (पीडीएमसी) योजना के तहत किसानों को माइक्रो इरिगेशन सिस्टम पर 85 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। छोटे और सीमांत किसानों को केंद्र सरकार की ओर से 33 प्रतिशत तथा राज्य सरकार की ओर से 52 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है। वहीं, दो हेक्टेयर से अधिक भूमि वाले किसानों को केंद्र सरकार की ओर से 27 प्रतिशत और राज्य सरकार की ओर से 58 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है।
सब्सिडी जारी करने की मौजूदा प्रक्रिया में करीब 120 दिन का समय लगता है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रक्रिया की समीक्षा कर इसे सरल बनाया जाए और चरणों तथा समय को न्यूनतम संभव स्तर तक लाया जाए, ताकि किसानों को समय पर सब्सिडी मिल सके। उन्होंने लंबित आवेदनों का निपटारा भी तेजी से करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसान का 15 प्रतिशत अंशदान आवेदन जमा करते समय ही लिया जाए। इसके लिए पीडीएमसी पोर्टल को ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के साथ एकीकृत किया जाएगा, ताकि किसान का निर्धारित अंशदान शुरुआती चरण में ही जमा हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि किसान का अंशदान जमा होते ही उसे माइक्रो इरिगेशन सिस्टम लगाने के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाए।
आवेदनों के निपटारे में तेजी लाने और आंकड़ों के सुचारू आदान-प्रदान के लिए मुख्यमंत्री ने माइक्रो इरिगेशन पोर्टल को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पोर्टल के साथ एकीकृत करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों की ई-केवाईसी स्वतः हो सके। साथ ही हरेडा, राजस्व पोर्टल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पोर्टल और मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल सहित सभी संबंधित सरकारी पोर्टलों को भी मिकाडा के पोर्टलों के साथ जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष प्रयासों और योजनाओं को बड़े स्तर पर लागू करके प्रदेश में ड्रिप इरिगेशन और स्प्रिंकल खेती का दायरा बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने मौजूदा वॉटरकोर्स पॉलिसी की समीक्षा कर इसमें आवश्यक संशोधन करने के निर्देश दिए, ताकि इसे अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और किसान हितैषी बनाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से पहले से पूरी हो चुकी एसटीपी परियोजनाओं में किसानों से सहयोग लेने पर विचार करने को कहा। ताकि इनके संचालन और रखरखाव में किसानों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके, जिससे उनकी दीर्घकालिक स्थिरता बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
मिकाडा के अधिकारियों ने बैठक में बजट आवंटन को लेकर भी चर्चा की। इस पर मुख्यमंत्री ने वॉटरकोर्स और माइक्रो इरिगेशन योजनाओं, दोनों के लिए बजट बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मिकाडा की गतिविधियों को मनरेगा के साथ जोड़ने के भी निर्देश दिए, ताकि पात्र कार्यों को विभिन्न योजनाओं के संसाधनों के समन्वय से पूरा किया जा सके।













Total Users : 460263
Total views : 727448