शिकायतों के समाधान के लिए पॉलिसी में बदलाव का निर्णय : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
कहा, नौकरियों के लिए कैलेंडर जारी करेगी सरकार
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आमजन की शिकायतों के आधार पर प्रदेश स्तर की नीतियों में आवश्यक बदलाव करने का निर्णय लिया गया है, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से मिल सके। वे रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्टï निवारण समिति की मासिक बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की शिकायतों के समाधान, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि दो शिकायतें अगली बैठक के लिए लंबित रखी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए बताया कि लंबित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, उससे हुए नुकसान की भरपाई करवाने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा मामले में मिलीभगत और लापरवाही पाए जाने पर एक एक्सईएन, एक जेई और एक एमई को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि डीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नशा मुक्ति अभियान को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे से बचाने और नशा तस्करों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हर महीने नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। नशे की गुप्त शिकायतों के लिए मानस पोर्टल शुरू किया गया है। इसके साथ ही नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संकल्प सोसाइटी और विशेष टास्क फोर्स का गठन किया गया है। मुख्यमंत्री स्वयं सोसाइटी के चेयरमैन हैं, जबकि पूर्व डीजीपी ओपी सिंह को इसका सीईओ बनाया गया है। इस अभियान में एसएचओ, सरपंच, ग्राम सचिव, एनजीओ और केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित की गई 90 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति सीज की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया को हिरासत में लिए जाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री ने ऐसी खबरों का खंडन करते हुए इसे ड्रामा बताया। उन्होंने कहा कि विधायक को न तो गिरफ्तार किया गया है और न ही हिरासत में लिया गया है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए जारी बजट का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि विधायक की मांग पर वर्ष 2024-25 में 94 लाख 92 हजार रुपये, वर्ष 2025-26 में 35 कार्यों के लिए 201 लाख रुपये, वर्ष 2026-27 में 28 कार्यों के लिए एक करोड़ 65 लाख रुपये की राशि दी गई। पिछले तीन वर्षों में 67 विकास कार्यों के लिए कुल 4 करोड़ 7 लाख 90 हजार रुपये जारी किए गए हैं।
सरकारी भर्तियों के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 5600 पुलिस पदों पर भर्ती की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अन्य विभागों की भर्तियों के लिए भी जल्द इंटरव्यू शुरू किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दिसंबर के अंत तक इन भर्तियों के परिणाम जारी करने का लक्ष्य है। इसके बाद प्रदेश में नई भर्तियों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसरों की जानकारी पहले से मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना-2.0 के संबंध में उन्होंने कहा कि 20 वर्ष से अधिक समय से दुकानों पर काबिज पात्र दुकानदारों को मालिकाना हक देने के लिए योजना का पोर्टल एक माह के लिए दोबारा खोला जाएगा। इससे वे पात्र लोग भी योजना का लाभ उठा सकेंगे, जो किसी कारणवश पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। किसानों की नहरी पानी की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजाई के सीजन को देखते हुए किसानों द्वारा दो सप्ताह तक नहरी पानी उपलब्ध करवाने की मांग पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूह हरियाणा में अच्छा काम कर रहे हैं और सरकार भी उनकी मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को हर काम में अटकलों की बजाय अच्छे कार्य भी देखने चाहिए। स्वच्छता के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार की नियत में खोट था तभी पंजाब पिछड़ता गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में आगामी चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाकर फिर से खुशहाल पंजाब बनाने की दिशा में काम करेगी।
इस अवसर पर डबवाली विधायक आदित्य देवीलाल, पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक रामचंद कंबोज, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा मौजूद रहे।
विकास कार्यों में लापरवाही पर सीएम सख्त, कार्यकारी अभियंता, एमई और जेई को निलंबित करने के निर्देश
ठेकेदार पर एफआईआर, पेनल्टी और ब्लैकलिस्ट करने के आदेश; डीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश
मुख्यमत्री ने जन परिवाद समिति की बैठक में 15 शिकायतों की सुनवाई, 13 का मौके पर निपटारा
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकास कार्यों में गंभीर अनियमितता और लापरवाही बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कार्यकारी अभियंता, एमई और जेई को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने, पेनल्टी वसूलने और उसे ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री ने डीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री रविवार को पंचायत भवन, सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए लोगों की शिकायतें सुन रहे थे। बैठक में कुल 15 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 13 का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि दो मामलों में जांच करवाकर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित ठेकेदारों की भी जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को बिना किसी दबाव के काम करने का अवसर दिया जाता है, इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि वे निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करें। काम अधूरा छोड़ने या गुणवत्ता से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधूरे विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाने के निर्देश
ग्राम पंचायत डिंग की शिकायत पर सुनवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियों की जल्द मरम्मत करवाई जाए। उन्होंने काम अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार से पेनल्टी वसूलने और नए ठेकेदार के माध्यम से नियमानुसार 31 मार्च तक कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम बीच में छोड़ने वाले ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
गांव अरनियावाली निवासी लालाराम के खेत के खाल का निर्माण अधूरा छोड़ने संबंधी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने सिंचाई एवं काडा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए।
निराश्रित बेटी और योजना के लाभार्थियों को राहत दिलाने के निर्देश
गिगोरानी निवासी एकता ने शिकायत में बताया कि पिता की मृत्यु के बाद उसकी माता ने दूसरी शादी कर ली थी और वह अपनी दादी के साथ रह रही थी। दादी की मृत्यु के बाद पेंशन आना बंद हो गई, जिससे उसके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। इस पर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निराश्रित सहायता के लिए निर्धारित नियमों में संशोधन की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस मामले को विशेष केस के रूप में सरकार के पास भेजा जाए, ताकि नियमानुसार समाधान निकालकर प्रार्थी को सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
चंडीगढ़िया मोहल्ला निवासी कुमार कार्तिकेय ने शिकायत दी कि उसके छोटे भाई और उसकी पत्नी की मृत्यु के बाद दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता राशि बच्चों की फैमिली आईडी में परिवार की मुखिया के रूप में दर्ज नानी के खाते में जमा करवाई गई, लेकिन अब नानी बच्चों को यह राशि देने से इनकार कर रही है। इसी प्रकार सविता रानी ने भी शिकायत दी कि योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि उसे और उसके बच्चों को देने के बजाय उसकी सास को जारी कर दी गई। मुख्यमंत्री ने दोनों मामलों में केस तैयार कर सरकार को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पॉलिसी में आवश्यक बदलाव कर वास्तविक आश्रितों को सहायता राशि उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
ट्रैक्टर-थ्रेशर वापस दिलाने और हत्या के आरोप की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
ख्योवाली निवासी कमल कुमार ने अपने मामा सुभाष की नहर में डूबने से हुई मौत के मामले में दो व्यक्तियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस की रिपोर्ट में बताया गया कि पोस्टमार्टम और जांच के अनुसार मौत का कारण डूबना तथा अत्यधिक शराब के प्रभाव में होना सामने आया है। मुख्यमंत्री ने मामले में नियमानुसार पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने के निर्देश दिए, ताकि जांच में स्थिति स्पष्ट हो सके।
अलीपुर टीडूखेड़ा निवासी ताराराम ने अपने बेटे बूटाराम की मौत के मामले में पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक मानसिक परेशानी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने एएसपी, तहसीलदार और कष्ट निवारण समिति के सदस्य अशोक कुमार की तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच करने और सभी तथ्यों को सामने लाने के निर्देश दिए।
मंगालिया निवासी किरण ने शिकायत दी कि बालासर निवासी कुलविंद्र ने काम के लिए उसका ट्रैक्टर और थ्रेसर किराये पर लिया था, लेकिन न तो किराया दिया और न ही मशीनरी वापस लौटाई। पुलिस की ओर से बताया गया कि आरोपी एक अन्य मामले में जेल में है और उसका प्रोडक्शन वारंट जारी करवाने के लिए आवेदन किया गया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को मामले में शीघ्र कार्रवाई कर शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
किसान को 20 दिसंबर तक बीमा क्लेम देने के निर्देश
गांव कंवरपुरा निवासी रामगोपाल की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम नहीं मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने एचडीएफसी बैंक और बीमा कंपनी के अधिकारियों को 20 दिसंबर तक किसान के खाते में क्लेम राशि जमा करवाने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि एचडीएफसी बैंक में उसका किसान क्रेडिट कार्ड खाता है और खाते से बीमा प्रीमियम भी काटा गया था, लेकिन उसे बीमा क्लेम नहीं मिला।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर अतिरिक्त उपायुक्त द्वारा की गई जांच में बैंक की लापरवाही सामने आई और किसान को नियमानुसार क्लेम का पात्र पाया गया। बैंक अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन एंट्री में तकनीकी समस्या के कारण कई किसानों के प्रीमियम की जानकारी अपडेट नहीं हो पाई थी, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी पात्र किसानों को 20 दिसंबर तक बीमा क्लेम की राशि जारी की जाए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कार्तिक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उनके रिटायर्ड शिक्षक मृतक पिता के सभी लाभ 10 दिन में देने के निर्देश शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दिए। सेक्टर 19 निवासी चड़त सिंह के घर तक रास्ता देने के निर्देश दिए। ईरा रेज़िडेशियल वेलफेयर एसोसिएशन की शिकायत पर कारवाई करते हुए मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि उनकी लाइन डालने से खराब हुए पार्क और सड़क को दुरुस्त करवा कर दिया जाए।
बैठक में पूर्व राज्यपाल गणेशी लाल, विधायक आदित्य चौटाला, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा सहित जन परिवाद समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कालांवाली के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री ने की एक करोड़ रुपये देने की घोषणा
सुरेश कुमार सिंगला के नेतृत्व में कई नेताओं व पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन, मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़ 22 नवंबर- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला सिरसा की कालांवाली विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शहरों और गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने तथा जन आकांक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य करवाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।
इस अवसर पर सुरेश कुमार सिंगला के नेतृत्व में राकेश कुमार, पार्षद अमन जैन, सुभाष शर्मा, मिंटू सिंगला, मनोज और श्यामलाल कंबोज सहित अनेक नेताओं एवं पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से काम करें। उन्होंने नशे को समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। हरियाणा सरकार ने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की 94 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों और केमिस्ट एसोसिएशन को साथ लेकर टास्क फोर्स एवं संकल्प सोसायटी का गठन किया गया है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए 3,000 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे गए हैं। वहीं, 1.80 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति भी प्रतिबद्ध है और उनकी फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित की जा रही है। सब्जी एवं आलू उत्पादकों को भावांतर भरपाई योजना के तहत करीब 350 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से औद्योगिक इकाइयों की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए आईटीआई संस्थानों को आधुनिक एवं मजबूत बनाने पर करीब 350 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसके अलावा वर्ष 2029 तक पुरानी एवं क्षतिग्रस्त नहरों और माइनरों के सुदृढ़ीकरण की योजना तैयार की गई है।
इस अवसर पर संत बलजीत सिंह दादूवाल , पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, भाजपा डबवाली जिलाध्यक्ष रेणु शर्मा, राजेंद्र देसूजोधा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा तथा पूर्व चेयरमैन रविंद्र बलियाला, पूर्व विधायक मक्खन लाल सिंगला, मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मत्स्य पालन के लिए अनुसूचित जाति को दिए जा रहे अनेक लाभ
पात्र व्यक्ति योजना का उठाएं पूरा लाभ
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर: मत्स्य पालन विभाग के माध्यम से अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के लिए मत्स्य पालन क्षेत्र में अनेक प्रकार के अनुदान व लाभ दिये जा रहे है। सभी पात्र व्यक्ति सरकार की इस योजना का पूरा लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करें।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों के लिए मछली पालन के लिए प्रथम वर्ष पट्टा राशि पर विभाग द्वारा प्रत्येक लाभार्थी को 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अथवा पट्टे की वास्तविक राशि का 50 प्रतिशत (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में प्रदान किया जाएगा। यह अनुदान केवल पंचायती तालाबों , सरकारी जलाश्यों पर मान्य होगा। यह राशि केवल प्रथम वर्ष की पटटा ऋण राशि पर प्रदान की जाएगी तथा अनुदान की अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर दो लाख रुपये प्रति लाभार्थी होगी।
उन्होंने बताया कि मछली पालन के लिए द्वितीय एवं आगामी वर्षों की पट्टा राशी पर विभाग द्वारा प्रत्येक लाभार्थी को 40 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर अथवा पट्टे की वास्तविक राशि का 40 प्रतिशत (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में प्रदान किया जाएगा। यह अनुदान केवल पंचायती तालाबों / सरकारी जलाश्यों पर मान्य होगा। इस मद के तहत द्वितीय वर्ष से पांचवें वर्ष तक पट्टा राशि पर अनुदान प्रदान किया जायेगा तथा अनुदान की अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर एक लाख साठ हजार रुपये प्रति लाभार्थी होगी।
उन्होंने बताया कि मछली पकड़ने के ठेके पर अनुदान के तहत विभाग द्वारा जिला के अधिसूचित पानी (नदी, नहरें तथा ड्रेन) में मछली पकड़ने के अधिकारों की नीलामी प्रतिवर्ष की जाती है। अधिसूचित पानी में मछली पकड़ने के अधिकारों की प्राप्ति पर अनुसूचित जाति के व्यक्ति को स्वीकृत बोली की 50 प्रतिशत की दर से वित्तीय सहायता मिलेगी, जो कि अधिकतम सीमा 5 लाख रुपये है।
इसके अलावा खाद-खुराक पर अनुदान के अंतर्गत मत्स्य पालक को खाद-खुराक पर कुल लागत रुपये एक लाख 50 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर का 60 प्रतिशत या धनराशि 90 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर (जो भी कम हो) अनुदान रूप में प्रदान किया जायेगा, जिसकी अधिकतम सीमा 4 हेक्टेयर पर 3 लाख 60 हजार रुपये प्रति लाभार्थी होगी। जाल खरीद पर अनुदान के तहत विभाग द्वारा लाभार्थी को मछली पकड़ने व मत्स्य पालन हेतु जाल खरीद पर 40 हजार रुपये के जाल खरीद पर 60 प्रतिशत या धनराशि 24 हजार रुपये प्रति लाभार्थी (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में प्रदान किया जायेगा।
प्रवक्ता ने बताया कि रेहड़ी, स्टोव ध् गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित पर अनुदान के तहत मत्स्य विभाग द्वारा अनुसूचित जाति के परिवारों को मछली एवं मछली उत्पाद की बिक्री हेतु रेहड़ी (स्टोव ध् गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित) इत्यादि पर अनुदान प्रदान करने का प्रावधान है। इस मद में 60 हजार रुपये की रेहड़ी (स्टोव ध् गैस चूल्हा, बर्तन आदि सहित) की खरीद पर 60 प्रतिशत या अधिकतम धनराशि 36 हजार रुपये प्रति लाभार्थी (जो भी कम हो) अनुदान के रूप में प्रदान किया जायेगा। अनुसूचित जाति के व्यक्ति इस योजना का लाभ लेने हेतु संबंधित जिला मत्स्य अधिकारी के कार्यालय में सम्पर्क कर सकते है।
वन विभाग के 831 पदों के लिए पीएसटी 23 नवंबर से, 16,424 अभ्यर्थी होंगे शामिल
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने किया पीएसटी स्थल का निरीक्षण, जिला उपायुक्त एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा डिप्टी रेंजर, फॉरेस्टर एवं फॉरेस्ट गार्ड पदों के लिए पीएसटी का आयोजन 23 से 30 नवंबर 2026 तक करनाल में किया जाएगा। इन पदों के लिए पीएमटी में सफल कुल 16,424 अभ्यर्थी पीएसटी में शामिल होंगे, जिनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिला अभ्यर्थी हैं।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने आज पीएसटी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला उपायुक्त एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
आयोग के अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएसटी के आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
करनाल के उपायुक्त आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से पीएसटी के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन आयोग के साथ समन्वय स्थापित कर आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएसटी का आयोजन 23 नवंबर से 30 नवंबर तक आउटर रिंग रोड, गांव दादूपुर खुर्द, विवान होटल के नजदीक, NH-44, करनाल में होगा। पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में तथा महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ 4 घंटे में पूरी करनी होगी।
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि पीएसटी स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सबसे पहले वेटिंग एरिया बनाया गया है। इसके अलावा बैग रखने के लिए नि:शुल्क बैगेज काउंटर, बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद बिब नंबर तथा रजिस्ट्रेशन के बाद ट्रैकिंग चिप देने की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों को स्टार्टिंग पॉइंट से दौड़ शुरू करनी होगी, 12.5 किलोमीटर के पीएसटी ट्रैक पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार यू-टर्न लेकर दौड़ पूरी करनी होगी। अंतिम छोर पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर अभ्यर्थी अपनी दौड़ पूरी करने का समय देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक बार भाग लेना होगा। प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। पीएसटी प्रक्रिया पूरी होने तक एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चिकित्सा आधार पर छूट प्राप्त करनी है तो इसके लिए आयोग कार्यालय, पंचकूला में रिप्रेजेंटेशन देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने साथ मेडिकल एवं अन्य संबंधित दस्तावेज अवश्य लेकर आएं। उन्होंने बताया कि पीएसटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। करनाल बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से भी मुफ्त बस सेवा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी एडमिट कार्ड पर दिए निर्देशों का पालन करें तथा एडमिट कार्ड पर दिए गए रिपोर्टिंग समय से पहले पीएसटी स्थल पर पहुंचे ताकि किसी भी तरह की असुविधा न हो। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
इस मौके पर एएसपी रविन्द्र कुमार, एसडीएम करनाल देवेन्द्र शर्मा, डीएसपी सोनू, एचएसएससी के सदस्य एवं नोडल अधिकारी भूपेंद्र चौहान, सदस्य कपिल भी मौजूद रहे।
नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान को मिल रही है नई गति: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी, होगी सख्त कार्रवाई
पंजाब सरकार पर साधा निशाना: पंजाब में नशे, भ्रष्टाचार और झूठे वादों के कारण युवा पीढ़ी हो रही है बर्बाद; डबल इंजन की सरकार बनने पर ही होगा पंजाब का विकास
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हरियाणा उदय’ कार्यक्रम के तहत सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित भव्य ‘नशा मुक्त हरियाणा’ मैराथन के 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया और युवाओं को खेलों व शिक्षा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य ‘नशा मुक्त हरियाणा’ बनाना है। उन्होंने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को भी हमारी युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने का अधिकार नहीं है। ऐसे असामाजिक तत्व या तो नशे का कारोबार छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, अन्यथा सरकार उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की सख्त नीतियों के तहत अब तक नशा कारोबारियों की लगभग 94 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज की जा चुकी है।
नशा मुक्ति केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों की सराहना
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, सिविल अस्पतालों और नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से लाखों युवाओं को नशे के चंगुल से बाहर निकालकर मुख्यधारा में जोड़ा गया है। उन्होंने माताओं और बहनों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपने परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। इस दौरान स्थानीय महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री को दही खिलाने पर उन्होंने इसे “दूध-दही का खाना” की गौरवशाली हरियाणवी परंपरा से जोड़ते हुए युवाओं से नशे की जगह पौष्टिक आहार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को समय दें और यदि कोई बच्चा गलत संगत में पड़ जाए तो उससे दूरी बनाने के बजाय मित्र बनकर उसे नशे की आदत से बाहर निकालें।
सिरसा के किन्नू को जीआई टैग और किसानों को बधाई
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर किसानों को बधाई दी और बताया कि किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट पर भी तेजी से काम चल रहा है। साथ ही, इस बार हुई बंपर फसल और अच्छे भाव मिलने पर किसानों ने भी हरियाणा सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा दिखाए गए सब्जबाग चुटकुलों में तब्दील हो गए हैं और 5 साल चुटकुले ही चलते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया और वहां भय का ऐसा वातावरण है कि यदि कोई मां या व्यक्ति शिकायत करने जाता है तो शिकायत लिखने के बजाय उसी के खिलाफ पर्चा दर्ज हो जाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने लिस्ट इसलिए जल्दी जारी की ताकि उनके प्रत्याशी इधर-उधर न हो जाएं या भाग न जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसान, युवा, बहनें, व्यापारी और इंडस्ट्री में कमी नहीं है, बल्कि कमी पंजाब सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और नीयत में है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग चुटकलों, भ्रष्टाचार, नशा फैलाने और झूठे वादे करने वाली सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएंगे। लोगों के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में हरियाणा प्रमुख भूमिका निभाएगा और ‘ग्रोथ इंजन’ के रूप में काम करेगा, तथा पंजाब में भी डबल इंजन की सरकार बनेगी।
नशे के खिलाफ हरियाणा के युवाओं ने भरी हुंकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कालांवाली में यूथ मैराथन को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री ने 5 किलोमीटर की मैराथन के प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर बढ़ाया उत्साह, कहा- नशे के सौदागर या तो धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें
खेलों की शक्ति से नशे के खिलाफ जन आंदोलन खड़ा करेगी सरकार, प्रदेश में 1.58 लाख से अधिक नशा पीड़ितों की पहचान कर करवाया इलाज
नशे के खिलाफ लड़ाई में परिवार, स्कूल, अस्पताल और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी, युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी बचाने का आह्वान
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प हरियाणा की युवा शक्ति को नशे के चंगुल से बचाकर उसे खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। नशे के सौदागरों के प्रति सरकार की नीति पूरी तरह कठोर है, जबकि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है। नशे का कारोबार करने वाले या तो यह धंधा छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, प्रदेश की धरती पर उनके लिए कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को सिरसा जिले के कालांवाली में नशा मुक्ति हरियाणा के संकल्प के साथ आयोजित यूथ मैराथन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने 5 किलोमीटर की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। मैराथन में 18 वर्ष से कम, 18 से 45 वर्ष तथा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एक लाख चालीस हजार से ज्यादा ने पंजीकरण करवाया*। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की एक साथ भागीदारी को सामाजिक एकजुटता और स्वस्थ जीवन शैली का प्रतीक बताते हुए मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों का अभिनंदन किया।
जीवन की मैराथन में अनुशासन, धैर्य और सही दिशा जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैराथन जीवन का भी एक बड़ा सबक सिखाती है। लंबी दौड़ केवल तेज दौड़ने से नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और सही दिशा बनाए रखने से जीती जाती है। जीवन भी एक मैराथन है और नशे का रास्ता कुछ समय का आकर्षण दिखाकर अंततः इंसान को उसके परिवार, सपनों और भविष्य से दूर कर देता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी नशे के दुष्प्रभावों को समझाते हुए युवाओं को इससे दूर रहने का संदेश दिया है। युवाओं को कुछ समय का नशा नहीं, बल्कि पूरी जिंदगी की उड़ान चाहिए।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। इससे मां की उम्मीदें टूटती हैं, पिता के सपने बिखरते हैं और परिवार का भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने माता-पिता से अपील की कि वे बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें। उनके व्यवहार में बदलाव दिखाई दे तो डांटने से पहले उनकी बात सुनें। स्कूल और कॉलेज भी पढ़ाई के साथ-साथ चरित्र निर्माण और विद्यार्थियों को सही दिशा देने के केंद्र बनें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान दूध-दही और जवानों की धरती के साथ-साथ खेल शक्ति के रूप में भी है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वर्ष 2026 के एशियाई खेलों में भारत द्वारा जीते गए 85 पदकों में से 32 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने हासिल किए। यानी भारत के लगभग हर तीसरे पदक में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान रहा। उन्होंने कहा कि एक समय था जब खेलों को केवल शौक माना जाता था, लेकिन आज खेलों में सम्मान, रोजगार और अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने के अवसर उपलब्ध हैं। युवाओं को मैदान में उतरकर मेहनत करनी चाहिए और अपने सपनों को पदकों में बदलना चाहिए।
नशामुक्त हरियाणा के लिए सात संकल्पों पर काम कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस या प्रशासन के दम पर नहीं जीती जा सकती, इसके लिए परिवार, स्कूल, अस्पताल और समाज की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। प्रदेश को नशामुक्त बनाने और युवा शक्ति को इस बुराई से बचाने के लिए सरकार ने ‘संकल्प’ सोसायटी का गठन किया है। इसके माध्यम से सात प्रमुख संकल्पों पर काम किया जा रहा है। इनमें ड्रग मुक्त थाना क्षेत्र, तस्कर मुक्त जिला, नशे की गोलियों से मुक्त केमिस्ट शॉप, नशे के विरुद्ध परिवार का सहयोग, इलाज युक्त अस्पताल, सुविधा युक्त स्कूल तथा युवाओं के लिए खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों के बेहतर विकल्प उपलब्ध करवाना शामिल है।
उन्होंने बताया कि संकल्प सोसायटी की अध्यक्षता वे स्वयं कर रहे हैं । जिला स्तर पर उपायुक्त की अध्यक्षता में कमेटियां गठित की गई हैं। ब्लॉक स्तर पर भी इकाइयां बनाई गई हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पार्षदों, थाना प्रभारियों तथा सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इस प्रकार परिवार से लेकर प्रशासन और अस्पताल से लेकर स्कूल तक सभी स्तरों पर जिम्मेदारी तय की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हरियाणा उदय’ अभियान के तहत नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 10 से अधिक मैराथन, दो साइक्लोथोन संस्करण, राहगिरी कार्यक्रमों सहित 2,484 कार्यक्रमों में 18 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की है। सरकार की कोशिश है कि नशे के खिलाफ जागरूकता केवल किसी एक दिन का कार्यक्रम न रहकर जन आंदोलन बने।
नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सक्रिय किया गया है और पंचकूला में अंतरराज्यीय ड्रग सचिवालय स्थापित किया गया है। जिला, रेंज और राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स सेल भी काम कर रहे हैं। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने नशे के कारोबार से अर्जित *94* करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की हैं तथा 180 संपत्तियों को ध्वस्त किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य केवल कार्रवाई दिखाना नहीं, बल्कि नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाकर परिणाम देना है।
उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में नशे की गिरफ्त में आए 1 लाख 58 हजार 830 लोगों की पहचान कर उनका इलाज करवाया गया है। प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और 13 जिलों के सिविल अस्पतालों में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। नशा पीड़ितों की मदद और ड्रग पैडलिंग की गतिविधियों की सूचना देने के लिए टोल फ्री एंटी ड्रग हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त भारत सरकार की मानस हेल्पलाइन 1933 पर भी नशीले पदार्थों से संबंधित शिकायतें दर्ज करवाई जा सकती हैं। शिकायतकर्ता की गोपनीयता सुनिश्चित की जाती है।
सरदार सिंह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत, खेलों से जुड़कर बनाएं स्वस्थ भविष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी एवं पूर्व कप्तान श्री सरदार सिंह इस मैराथन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उपस्थित हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में महज 22 वर्ष की आयु में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी संभाली थी और वर्ष 2014 के एशियाई खेलों में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें अर्जुन पुरस्कार, पद्मश्री और मेजर ध्यानचंद खेल रत्न से सम्मानित किया गया*। उनका खेल जीवन अनुशासन, मेहनत और समर्पण की प्रेरणादायक मिसाल है।
मुख्यमंत्री ने नशे की लत छोड़कर सामान्य जीवन में लौटे युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे युवा दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बनें। सरकार नशे की गिरफ्त से बाहर निकलने वाले लोगों को हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे, नशा रोकने में अपने मित्रों की मदद करेंगे तथा अपने स्वास्थ्य, कौशल और जीवन के लक्ष्यों के लिए समय निकालेंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है तो उसकी सूचना संबंधित हेल्पलाइन पर दें। नशे में फंसे व्यक्ति से दूरी बनाने के बजाय उसे नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई और आह्वान किया कि सभी मिलकर यह प्रण लें कि न तो स्वयं नशा करेंगे और न ही किसी को नशा करने देंगे।
कार्यक्रम में भारतीय हॉकी के पूर्व कप्तान एवं मैराथन के ब्रांड एंबेसडर सरदार सिंह, भाजपा जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल,पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह, डबवाली जिला अध्यक्ष रेणू शर्मा, सिरसा जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चैयरमेन देवकुमार शर्मा, चेयरमैन रामचंद्र कंबोज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा एवं नागरिक उपस्थित रहे।











Total Users : 460199
Total views : 727364