सिरसा में CM का प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक, अफसरों से ठेकेदारों तक कार्रवाई का संदेश
15 शिकायतें सुनीं, 13 का मौके पर समाधान, अधिकारियों के निलंबन, ठेकेदार पर FIR और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश देकर तय की जवाबदेही
मुख्यमंत्री का दो टूक संदेश : जनता के पैसे और विकास कार्यों की गुणवत्ता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
चंडीगढ़, 22 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज सिरसा में पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। जन परिवाद समिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने जिस सख्ती और निर्णायक अंदाज में अधिकारियों की जवाबदेही तय की, उससे प्रशासनिक तंत्र को स्पष्ट संदेश मिल गया कि सरकार में लापरवाही और गैर-जिम्मेदारी के लिए कोई जगह नहीं है। मुख्यमंत्री ने न केवल शिकायतें सुनीं, बल्कि गंभीर अनियमितताओं पर मौके पर ही कड़े कार्रवाई संबंधी निर्देश देकर यह साबित किया कि सुशासन केवल नारों से नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणामों से स्थापित होता है।
पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक में मुख्यमंत्री ने 15 शिकायतों की सुनवाई की, जिनमें से 13 का मौके पर ही निपटारा किया गया। दो मामलों में जांच करवाकर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक का सबसे बड़ा संदेश शहरी स्थानीय निकाय विभाग से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही के मामले में देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने संबंधित कार्यकारी अभियंता, एमई और जेई को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने, पेनल्टी वसूलने और ब्लैकलिस्ट करने के आदेश दिए। डीएमसी का एक माह का वेतन काटने के निर्देश देकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि जवाबदेही केवल छोटे कर्मचारियों की नहीं, बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों की भी होगी।
अफसरशाही को दो टूक : कुर्सी नहीं, काम बोलेगा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी धन जनता की मेहनत की कमाई है और इसका सही उपयोग सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। काम अधूरा छोड़ने, गुणवत्ता से समझौता करने अथवा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी। ग्राम पंचायत डिंग में पाइपलाइन बिछाने के बाद गलियों की मरम्मत नहीं होने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तत्काल मरम्मत करवाने, ठेकेदार से पेनल्टी वसूलने और नए ठेकेदार के माध्यम से 31 मार्च तक काम पूरा करवाने के निर्देश दिए। अरनियावाली में खेत के खाल का अधूरा निर्माण पूरा करवाने के भी निर्देश दिए।
किसान-गरीब और जरूरतमंद के लिए संवेदनशीलता भी दिखाई
मुख्यमंत्री की कार्यशैली का दूसरा पक्ष जरूरतमंदों की शिकायतों पर देखने को मिला। गिगोरानी की निराश्रित बेटी एकता की समस्या को विशेष मामला मानते हुए सरकार के पास भेजने के निर्देश दिए, ताकि उसे नियमानुसार सहायता मिल सके। अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना की सहायता राशि वास्तविक आश्रित बच्चों तक पहुंचाने के लिए भी नीतिगत समाधान की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए। किसान रामगोपाल को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लंबित क्लेम 20 दिसंबर तक दिलाने के निर्देश देकर मुख्यमंत्री ने किसान के अधिकार को प्राथमिकता दी। अतिरिक्त उपायुक्त की जांच में बैंक की लापरवाही सामने आने पर उन्होंने अन्य पात्र किसानों को भी निर्धारित समयसीमा में क्लेम जारी करने के निर्देश दिए।
निष्पक्ष जांच, लंबित कार्यों पर समयसीमा तय
हत्या के आरोपों से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक मामले में एएसपी, तहसीलदार और कष्ट निवारण समिति के सदस्य की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई। वहीं दूसरे मामले में नियमानुसार पॉलीग्राफ टेस्ट करवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ट्रैक्टर-थ्रेशर वापस दिलाने, सेवानिवृत्त शिक्षक के लंबित लाभ 10 दिन में जारी करने और बिजली लाइन के कारण क्षतिग्रस्त पार्क व सड़क की मरम्मत करवाने के निर्देश देकर मुख्यमंत्री ने अलग-अलग विभागों को समयबद्ध कार्रवाई का संदेश दिया।
नशामुक्ति का संकल्प और प्रशासनिक सख्ती, सिरसा दौरे में दिखा नेतृत्व का दोहरा स्वरूप
मुख्यमंत्री ने सिरसा प्रवास के दौरान कालांवाली में यूथ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया। पद्मश्री सरदार सिंह की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में नशामुक्त समाज का संकल्प प्रमुख रहा। सिरसा की जन परिवाद समिति की बैठक ने मुख्यमंत्री की कार्यशैली का स्पष्ट चित्र प्रस्तुत किया। एक तरफ जरूरतमंदों, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता, तो दूसरी तरफ लापरवाह अधिकारियों और ठेकेदारों के प्रति कठोरता।
सिरसा से प्रशासन को राजनीतिक और प्रशासनिक संदेश
मुख्यमंत्री का संदेश साफ है कि सरकार जनता की सेवा के लिए है, जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर कटवाने के लिए नहीं। विकास कार्यों में लापरवाही करने वालों की जवाबदेही तय होगी और जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। सिरसा से निकला यह संदेश केवल एक जिले तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे प्रशासनिक तंत्र के लिए स्पष्ट चेतावनी है कि जनता के काम में कोताही की तो जवाब भी देना होगा और कार्रवाई का सामना भी करना होगा।












Total Users : 460199
Total views : 727364