वेव एस्टेट के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर की कार्रवाई, हथियार के स्रोत और खरीदने के मकसद का पता लगाने में जुटी पुलिस
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
मोहाली, 21 नवंबर। मोहाली पुलिस ने जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर का एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी की पहचान हरदीप सिंह (32) पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव चनौली, थाना नूरपुर बेदी, जिला रूपनगर के रूप में हुई है। पुलिस अब उससे हथियार के स्रोत और इसे खरीदने के पीछे के मकसद को लेकर पूछताछ कर रही है।
मोहाली पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी वरुण शर्मा के दिशा-निर्देशों पर की गई। एसपी (ऑपरेशन) आकाशदीप औलख, एसपी (जांच) सौरव जिंदल और डीएसपी (जांच) राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में ऑपरेशन सेल मोहाली की टीम ने इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक 20 नवंबर 2026 को ऑपरेशन सेल की टीम वेव एस्टेट, सेक्टर-85/86 मोहाली के पास मौजूद थी। इसी दौरान एएसआई कमलप्रीत शर्मा को सूचना मिली कि हरदीप सिंह के पास अवैध हथियार है और वह नाबी यूनिवर्सिटी, सेक्टर-80 मोहाली के सामने अपने किसी साथी का इंतजार कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने थाना सोहाना में 20 नवंबर को आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मुकदमा नंबर 372 दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर कार्रवाई करते हुए हरदीप सिंह को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से .32 बोर का एक अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं
पुलिस के अनुसार आरोपी दसवीं पास और शादीशुदा है। उसके खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं पाया गया है। अब पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया में जुटी है।
पुलिस रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि आरोपी अवैध पिस्तौल कहां से लेकर आया था, उसने इसे किससे खरीदा और हथियार रखने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध या संलिप्तता तो नहीं है। जांच के बाद ही हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।












Total Users : 460231
Total views : 727407