पंचायतों और नगर निकायों के अधिकारों के हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता व प्रभावी सेवा वितरण पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया शुभारंभ
पंचायतों और नगर निकायों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आय के नए स्रोत विकसित करने पर करें मंथन : मुख्यमंत्री
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि तथा विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल रहे उपस्थित
मुख्यमंत्री ने कहा, गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र
पढ़ी-लिखी पंचायतें, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण और लाल डोरा मुक्त अभियान से हुए सुधार : नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री का आह्वान, पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए जल संरक्षण और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर दें जोर
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विकसित भारत-2047 की परिकल्पना तभी साकार होगी, जब देश का हर गांव और शहर का हर वार्ड आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनेगा। पंचायतों और नगर निकायों को केवल सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने होंगे। इसके लिए स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, वित्तीय प्रबंधन और जनभागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय सरकारों को अधिकार, क्षमता और अपने वित्तीय संसाधनों के आधार पर आत्मनिर्भर बनाना ही इस राष्ट्रीय सम्मेलन का मूल उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के शुभारंभ सत्र को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। पंचायतों एवं नगर निकायों को अधिकारों का हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता तथा प्रभावी सेवा वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल,स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) महानिदेशक डॉ राज नेहरू भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा, गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के माध्यम से पंचायतों एवं नगर निकायों को संवैधानिक दर्जा दिया गया था, लेकिन अब इन्हें वास्तविक रूप से सशक्त स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्तमान आवश्यकताओं से जोड़ने का काम किया है। गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा की प्राथमिकताएं ही पंचायतों की कार्ययोजना का आधार बननी चाहिए। सरपंच और पार्षद लोकतंत्र की जमीनी ताकत हैं, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े होते हैं और लोगों की समस्याओं को सबसे पहले समझते हैं।
पढ़ी-लिखी पंचायतें, महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण और लाल डोरा मुक्त अभियान से हुए सुधार
मुख्यमंत्री ने हरियाणा में वर्ष 2014 से पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए किए गए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में पढ़ी-लिखी पंचायतों की व्यवस्था लागू की गई और वर्ष 2020 में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। इसी प्रकार लाल डोरा मुक्त अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाया गया, जिसे बाद में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के रूप में पूरे देश में लागू किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में किए गए सुधारों का उद्देश्य पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीणों को उनके अधिकारों से जोड़ना रहा है।
पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए जल संरक्षण और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर दें जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों की आय बढ़ाने के लिए जल संरक्षण, पानी के बिलों की वसूली तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। हरियाणा सरकार ने गांवों में पानी के बिल के रूप में जितनी राशि एकत्रित की जाएगी, उतनी ही मैचिंग ग्रांट देने का निर्णय लिया है, ताकि पंचायतों की आमदनी बढ़ सके। उन्होंने कहा कि गिरते भूजल स्तर और पानी की कमी को देखते हुए प्रत्येक जनप्रतिनिधि को जल संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। स्थानीय निकायों को अपनी आय के नए स्रोत तलाशने के साथ-साथ शहरों में स्वच्छता, पेयजल, सड़क, सीवरेज और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए।
गांवों और वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देकर किया जाएगा सम्मानित
मुख्यमंत्री ने पंचायतों, गांवों और वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों और वार्डों के विकास के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित कर बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों एवं निकायों को सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे जनप्रतिनिधियों में अपने क्षेत्र को बेहतर बनाने की भावना विकसित होगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि परिवर्तन के वाहक हैं। उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे दोनों दिन होने वाले विचार-विमर्श में सक्रिय भागीदारी निभाएं और ऐसे व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत करें, जिन्हें धरातल पर लागू कर पंचायतों एवं नगर निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशिया पावर इंडेक्स की रिपोर्ट में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस रिपोर्ट के अनुसार एशिया की सबसे शक्तिशाली ताकतों में भारत तीसरे स्थान पर है। इस सूची में पहले स्थान पर अमेरिका और दूसरे स्थान पर चीन है।
कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, फाइनेंस एवं प्लानिंग विभाग के एसीएस सुधीर राजपाल,
भारत सरकार के 16वें वित्त आयोग के पूर्व सदस्य तथा फ्लेम विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर एवं अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार पांडा, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के वीसी प्रोफेसर संजय कौशिक, प्रोफेसर एन.के बिश्नोई, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, जिला प्रशासन से पुलिस आयुक्त शिवास कविराज तथा डीसी उत्तम सिंह सहित हरियाणा तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए पंचायती राज संस्थाओं तथा नगर निकायों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, जनता की अपेक्षाएं उतनी ही बेहतर ढंग से पूरी होंगी : केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा, पंचायतों तथा स्थानीय निकाय की जमीन और संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर बढ़ाएं आय
गांवों की साझा संपत्तियों के संरक्षण के लिए महीने में एक दिन श्रमदान करें ग्रामीण, गांवों की संपत्तियों की देखरेख के लिए बनाएं केयरटेकर व्यवस्था : मनोहर लाल
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर।केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, जनता की अपेक्षाएं उतनी ही बेहतर ढंग से पूरी होंगी। गांव में सरपंच और शहर में पार्षद, मेयर एवं चेयरमैन सीधे जनता से जुड़े होते हैं और लोगों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी उन्हीं की होती है। ऐसे में स्थानीय संस्थाओं को पर्याप्त वित्तीय संसाधन, अधिकार और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों को सरकारी अनुदान पर निर्भर रहने के साथ साथ अपनी आय के स्रोत भी विकसित करने चाहिए।
मनोहर लाल सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से पंचायतों एवं नगर निकायों को अधिकारों का हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता तथा प्रभावी सेवा वितरण विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल तथा स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) महानिदेशक डॉ. राज नेहरू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पंचायतों की जमीन और संपत्तियों का बेहतर उपयोग कर बढ़ाएं आय
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंचायतों के पास उपलब्ध जमीन, भवन और तालाब आय के महत्वपूर्ण स्रोत बन सकते हैं। पंचायत की जमीन को पारदर्शी तरीके से उचित दरों पर ठेके पर देने, तालाबों में मछली पालन, किराये के भवन और मार्केट विकसित करने से नियमित आमदनी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पंचायतों के पास एफडी के रूप में जमा धनराशि को निष्क्रिय रखने के बजाय ऐसी संपत्तियां विकसित करने पर विचार करना चाहिए, जिनसे लंबे समय तक आय प्राप्त हो। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आह्वान किया कि वे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करें।
गांवों की साझा संपत्तियों के संरक्षण के लिए महीने में एक दिन श्रमदान करें ग्रामीण : मनोहर लाल
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने गांवों में सामूहिक श्रमदान की परंपरा को फिर से शुरू करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक गांव में महीने में एक दिन निर्धारित किया जाना चाहिए, जब ग्रामीण एकत्रित होकर श्रमदान करें। ग्राम सभा पहले से तय करे कि उस दिन स्कूल की मरम्मत, दीवारों की पुताई, गलियों और फिरनी की सफाई, तालाबों की देखरेख तथा पौधरोपण जैसे कौन से कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि श्रमदान से गांव की साझा संपत्तियों का निर्माण और रखरखाव होगा तथा ग्रामीणों में अपनी संपत्ति के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी का भाव भी मजबूत होगा।
गांवों की संपत्तियों की देखरेख के लिए बनाएं केयरटेकर व्यवस्था
मनोहर लाल ने कहा कि गांवों में स्कूल, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की नियमित देखरेख जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक गांव में केयरटेकर की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने करनाल लोकसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां 15 ग्राम केयरटेकर लगाए गए हैं और एक पोर्टल बनाया गया है। ग्रामीण सड़क, भवन या अन्य सार्वजनिक संपत्ति में नुकसान होने पर उसकी फोटो पोर्टल पर अपलोड कर संबंधित विभाग को भेज सकते हैं। विभाग को निर्धारित अवधि में समस्या का समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायतों को आय बढ़ाने के साथ उपलब्ध धनराशि का सही उपयोग और सार्वजनिक संपत्तियों का रखरखाव भी सुनिश्चित करना चाहिए।
जे.सी. बोस विश्वविद्यालय का ‘यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच-2026’ अभियान जर्मनी में संपन्न
विश्वविद्यालय ने जर्मनी की प्रतिष्ठित आरडब्ल्यूटीएच आखेन यूनिवर्सिटी के साथ ‘ड्यूल डिग्री’ की संभावनाएं तलाशीं
दोनों संस्थानों में इंटर्नशिप, ड्यूल-डिग्री और शैक्षणिक आदान-प्रदान को लेकर सकारात्मक चर्चा
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर, 2026 — अपने ‘यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच – 2026’ अभियान को संपन्न करते हुए जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने जर्मनी स्थित आरडब्ल्यूटीएच आखेन यूनिवर्सिटी का दौरा किया।
विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल जिसमें कुलसचिव प्रो. अजय रँगा और प्रो. संजीव गोयल शामिल रहें, ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए ‘ड्यूल डिग्री’ कार्यक्रम शुरू करने और आठवें सेमेस्टर की शोध इंटर्नशिप पर केंद्रित सार्थक चर्चा की।
यह विचार-विमर्श आरडब्ल्यूटीएच आखेन के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अंतर्गत ‘इंस्टीट्यूट ऑफ जनरल मैकेनिक्स’ में आयोजित किया गया। डॉ. एस. स्वयंज्योति और संस्थान की शैक्षणिक टीम ने प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों पक्षों ने सकारात्मक संवाद किया और सहयोग के आगामी चरणों में इंस्टीट्यूट ऑफ जनरल मैकेनिक्स के निदेशक प्रो. बर्नड मार्कर्ट को सक्रिय रूप से शामिल करने पर सहमति जताई।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में 104वें स्थान पर काबिज आरडब्ल्यूटीएच आखेन यूनिवर्सिटी जर्मनी का सबसे बड़ा प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय है और इंजीनियरिंग, प्रौद्योगिकी तथा उद्योग-आधारित अनुसंधान के क्षेत्र में यूरोप के सर्वाधिक प्रतिष्ठित संस्थानों में गिना जाता है। आखेन के इस दौरे के साथ विश्वविद्यालय का बहु-देशीय ‘यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच – 2026’ अभियान संपन्न हो गया, जिसके तहत इससे पहले राइनिशे होखशुले कोलोन (जर्मनी), टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ क्लुज-नेपोका (रोमानिया) और स्ज़ेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी, ग्योर (हंगरी) के साथ रणनीतिक शैक्षणिक संवाद हुए।
इस संवाद के केंद्र में शैक्षणिक सहयोग के तीन प्रमुख बिंदु रहे, जिन पर सैद्धांतिक सहमति बनी। दोनों संस्थानों ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में ड्यूल डिग्री कार्यक्रम शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया और आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों के लिए इन प्रस्तावों को आरडब्ल्यूटीएच आखेन यूनिवर्सिटी के रेक्टर कार्यालय तथा जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के सक्षम प्राधिकारियों के समक्ष आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। इसके साथ ही, दोनों संस्थानों ने आरडब्ल्यूटीएच आखेन में आठवें सेमेस्टर की इंटर्नशिप पर भी चर्चा की, जिससे जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विश्व-स्तरीय जर्मन अनुसंधान और शिक्षण परिवेश का सीधा अनुभव प्राप्त हो सकेगा। संवाद में निरंतर संस्थागत समन्वय को बढ़ावा देने के लिए छात्र एवं संकाय आदान-प्रदान कार्यक्रमों तथा पारस्परिक हित के क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान गतिविधियों को भी शामिल किया गया।
यूरोपीय दौरे के सफल समापन की सराहना करते हुए कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए ‘यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच – 2026’ अभियान महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय इंटर्नशिप के साथ-साथ मैकेनिकल और कंप्यूटर इंजीनियरिंग जैसे मुख्य विषयों में ड्यूल-डिग्री के मार्ग खोलना विश्वविद्यालय की इंडो-जर्मन विरासत को आगे बढ़ाता है और यह विद्यार्थियों को वैश्विक मानकों के अनुरूप योग्यता एवं शोध उत्कृष्टता से सशक्त करेगा।
कुलसचिव प्रो. अजय रँगा ने आरडब्ल्यूटीएच आखेन में हुई वार्ता को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस वैश्विक स्तर के तकनीकी विश्वविद्यालय के साथ संवाद एवं सहयोग विश्वविद्यालय के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा कि ड्यूल डिग्री, इंटर्नशिप और शैक्षणिक आदान-प्रदान पर सार्थक चर्चा के साथ यूरोपीय आउटरीच का समापन आने वाले दिनों में हमारे विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों के लिए परिवर्तनकारी वैश्विक अवसर खोलेगा।
प्रो. संजीव गोयल ने कहा कि इस दौरे ने दीर्घकालिक शैक्षणिक संबंधों की एक मजबूत नींव रखी है। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूटीएच आखेन की गहन शोध क्षमता और अंतरराष्ट्रीय अनुभव से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को अत्यधिक लाभ होगा और विश्वविद्यालय इन पहलों को आगे बढ़ाने के लिए तत्परता से कार्य करेगा।
पात्रता मानदंड, अवधि, शुल्क संरचना, क्रेडिट ट्रांसफर रूपरेखा और पाठ्यक्रम समन्वय से संबंधित विशिष्ट नियमों को आगामी बैठकों में अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके पश्चात दोनों विश्वविद्यालयों से वैधानिक स्वीकृतियां मिलने पर औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
वेव्स फिल्म बाजार के तीसरे दिन भी हरियाणा पवेलियन में फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का पहुंचना जारी
पश्चिम बंगाल की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने हरियाणा की फिल्म नीति और फिल्म निर्माण की संभावनाओं में दिखाई रुचि
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर- गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा की सहभागिता लगातार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। फिल्म बाजार के तीसरे दिन भी हरियाणा पवेलियन में फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का आगमन जारी रहा।
इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग की राज्य मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती ने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने हरियाणा सरकार की फिल्म नीति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हरियाणा में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा फिल्म उद्योग के विकास की दिशा में उठाए गए कदमों में भी विशेष रुचि दिखाई।
इसके अलावा, दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (SUPVA), रोहतक के कुलपति डॉ. अमित आर्य भी हरियाणा पवेलियन पहुंचे। इस दौरान फिल्म एवं दृश्य कला के क्षेत्र में हरियाणा की संभावनाओं तथा राज्य में फिल्म निर्माण और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने, राज्य की सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से फिल्म नीति के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा की भागीदारी इन प्रयासों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।
फिल्म फेस्टिवल में हरियाणा का प्रतिनिधित्व अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, संयुक्त निदेशक नीरज कुमार एवं एपीआरओ विकास मोर कर रहे हैं।
रेवाड़ी में बनेगा 300 बिस्तर का नागरिक अस्पताल : आरती सिंह राव
– बवानी खेड़ा में 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल तथा कुरुक्षेत्र में एलएनजेपी
अस्पताल में सिविल सर्जन के कार्यालय के भवन निर्माण को भी मिली मंजूरी
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर – हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचा को दिन प्रतिदिन मजबूत किया जा रहा है , इसी कड़ी में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिविल अस्पताल रेवाड़ी के परिसर में 300 बिस्तर का नागरिक अस्पताल बनाने की स्वीकृति दे दी है, इसके भवन के निर्माण पर लगभग 34828.77 लाख रुपए की लागत आने का अनुमान है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेवाड़ी और आसपास के जिलों में द्वितीयक और तृतीयक स्वास्थ्य सेवाओं के बढ़ते दबाव को देखते हुए वर्तमान सिविल अस्पताल के बुनियादी ढांचे को एक आधुनिक, व्यापक और उच्च-क्षमता वाले अस्पताल परिसर में अपग्रेड करने की आवश्यकता थी। इसी उद्देश्य से प्रस्तावित 300 बिस्तरों वाले इस नए अस्पताल ब्लॉक को 2 बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर तथा ऊपर 6 मंजिल भवन फ्रेम्ड आरसीसी संरचना के रूप में तैयार किया जाएगा। यह नया भवन भारतीय जन स्वास्थ्य मानकों (IPHS) के अनुरूप होगा, जिसमें अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक, क्लिनिकल, क्रिटिकल केयर और सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने भिवानी जिला के बवानी खेड़ा में 50 बिस्तरीय सिविल हॉस्पिटल बनाने की स्वीकृति दे दी है जिस पर 5519.04 लाख रुपए की लागत आएगी। क्योंकि बवानी खेड़ा में पहले से चले आ रहे अस्पताल के भवन की हालत खस्ता हो गई थी, ऐसे में वर्तमान जरूरतों को देखते हुए अधिक बिस्तर वाले आधुनिक अस्पताल के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी , अब उस घोषणा को अमलीजामा पहनाया जा रहा है।
आरती सिंह राव ने आगे जानकारी दी कि कुरुक्षेत्र में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में सिविल सर्जन के कार्यालय के निर्माण हेतु भी मुख्यमंत्री ने 2630.57 लाख रुपए की स्वीकृति दे दी है।
इग्नू की दिसंबर परीक्षाएं 25 नवंबर से, हरियाणा में 1.69 लाख परीक्षार्थी होंगे शामिल
-हरियाणा की 11 जेलों में भी होंगी इग्नू की परीक्षाएं, 1,492 बंदी देंगे परीक्षा
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 23 नवंबर – इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षाएं 25 नवंबर 2026 से प्रारंभ होकर 14 जनवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में हरियाणा से कुल 1,69,046 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश भर में कुल 30 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 11 परीक्षा केंद्र विभिन्न जेलों में बनाए गए हैं। इन जेल परीक्षा केंद्रों पर कुल 1,492 बंदी परीक्षार्थी भी परीक्षा देंगे।
यह जानकारी इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल के क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. धर्म पाल ने दी। उन्होंने बताया कि भिवानी, फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत एवं रोहतक जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला करनाल में तीन परीक्षा केंद्र जिला जेल करनाल, बुद्धा कॉलेज तथा विनायक पॉलिटेक्निक कॉलेज में स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि परीक्षाएं प्रतिदिन दो सत्रों में आयोजित होंगी। प्रथम सत्र प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। डॉ. धर्म पाल ने आगे बताया कि परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों एवं व्यवस्थाओं से परीक्षा केंद्रों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत करवाने के लिए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र करनाल द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के परीक्षा नियंत्रकों के लिए एक विशेष ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में परीक्षा संचालन, प्रश्न पत्रों की सुरक्षित प्राप्ति एवं वितरण, उत्तर पुस्तिकाओं के रखरखाव, परीक्षा संबंधित रिकॉर्ड के संधारण तथा विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
डॉ. धर्म पाल ने बताया कि विद्यार्थियों के हॉल टिकट विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.ignou.ac.in पर उपलब्ध हैं। विद्यार्थी वेबसाइट अथवा समर्थ पोर्टल से अपने हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से अपील की कि वे परीक्षा से पूर्व अपना हॉल टिकट एवं पहचान पत्र अवश्य तैयार रखें तथा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।
कचरे की तारों से कैनवास पर उकेर रहे कला के अनूठे रंग, बेकार सामग्री को दे रहे रचनात्मक पहचान
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा पवेलियन में लोगों को भा रही फरीदाबाद के कलाकार उदित नारायण बैसला की कलाकृतियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी कर चुके कलाकार की अनूठी कला और पर्यावरण संरक्षण के संदेश की सराहना
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर।कला की कोई सीमा नहीं होती और न ही उसके सृजन के लिए पारंपरिक साधनों की अनिवार्यता है। जरूरत होती है तो बस एक रचनात्मक दृष्टि की, जो बेकार समझी जाने वाली वस्तुओं में भी खूबसूरती तलाश ले।
फरीदाबाद के कलाकार उदित नारायण बैसला इसी सोच को अपनी कला के माध्यम से साकार कर रहे हैं। वे पुरानी तारों, प्लास्टिक और अन्य अनुपयोगी सामग्री से ऐसी कलाकृतियां तैयार करते हैं, जो देखने वालों को आश्चर्यचकित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देती हैं। इन दिनों नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हरियाणा पवेलियन में उनकी कलाकृतियां आगंतुकों के विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
एक अनूठे विचार ने बदल दी कला की दिशा :
उदित नारायण बैसला की इस अनूठी कला की शुरुआत एक सामान्य-सी घटना से हुई। एक दिन उन्होंने प्लास्टिक की तार को जलते हुए देखा। आग की लपटों में तार के बदलते आकार ने उनके मन में रचनात्मक विचार को जन्म दिया। उन्होंने सोचा कि यदि इस तार को अपनी कल्पनाशीलता से आकार दिया जाए, तो इससे आकर्षक कलाकृति बनाई जा सकती है। इसी सोच के तहत उन्होंने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चश्मे की आकृति तैयार की। इस प्रयोग को मिली सराहना ने उनके आत्मविश्वास को नई उड़ान दी और उन्होंने अनुपयोगी सामग्री को कला का माध्यम बनाने को ही अपनी पहचान बना लिया।
बिना रंग और ब्रश के जीवंत कलाकृतियां :
उनकी कला की विशिष्टता यह है कि इसमें न रंगों की जरूरत पड़ती है और न ही ब्रश की। पुरानी तारों को मोड़कर, जोड़कर और प्लास्टिक के विभिन्न टुकड़ों को कलात्मक ढंग से संयोजित कर वे महापुरुषों के चित्र, चेहरे के भाव और विभिन्न दृश्य उकेरते हैं। उनकी कलाकृतियों में तारों की बनावट, आकृतियों की बारीकी और सामग्री का अनूठा संयोजन देखते ही बनता है। प्रत्येक रचना को तैयार करने में धैर्य, एकाग्रता और विशेष कौशल की आवश्यकता होती है। यही वजह है कि उनकी हर कलाकृति अपनी अलग पहचान रखती है।
कला के साथ पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा :
उदित नारायण बैसला की रचनात्मकता केवल कलात्मक अभिव्यक्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से वे समाज को पुनः उपयोग और कचरा प्रबंधन का महत्वपूर्ण संदेश भी दे रहे हैं। उनका मानना है कि जिसे हम अनुपयोगी समझकर फेंक देते हैं, उसका भी रचनात्मक इस्तेमाल किया जा सकता है। प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक कचरे की बढ़ती चुनौती के बीच उनकी कला यह प्रेरणा देती है कि अपशिष्ट पदार्थों को सही सोच और कौशल के साथ उपयोगी एवं आकर्षक रूप दिया जा सकता है। इस प्रकार वे अपनी कला के जरिए पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में जागरूकता बढ़ा रहे हैं।
प्रधानमंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों को भेंट कर चुके हैं अपनी कलाकृतियां :
उदित नारायण बैसला की कलाकारी को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। वे अपनी बनाई कलाकृतियां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को भेंट कर चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 22 नवंबर को आयोजित हरियाणा राज्य दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी उनकी कलाकृतियों को सराहा। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उदित नारायण बैसला की यह पहल साबित करती है कि रचनात्मकता के लिए महंगे संसाधनों की नहीं, बल्कि नई सोच और कल्पनाशीलता की जरूरत होती है। उनकी कलाकृतियां न केवल कचरे को नया जीवन दे रही हैं, बल्कि यह संदेश भी दे रही हैं कि जिसे दुनिया बेकार समझती है, एक कलाकार की नजर उसे बेमिसाल बना सकती है।
देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में पहुंची सुपवा
आईएफएफआई में डीएलसीसुपवा के स्टॉल का औपचारिक उद्घाटन
सुपवा और इसकी प्रतिभाओं से देश-दुनिया को करा रहे रूबरू – कुलगुरु
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर- देश के प्रतिष्ठित और सबसे बड़े भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई), गोवा में दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा), रोहतक ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। पणजी में आयोजित हो रहे अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में सुपवा की ओर से पहली बार स्टॉल स्थापित की गई है। इसका औपचारिक उद्घाटन नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एनएफडीसी) के चेयरमैन व मलयालम फिल्म अभिनेता जी कृष्ण कुमार व सुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने किया।
इस दौरान यूनिवर्सिटी के ईसी मैंबर एवं नेशनल अवॉर्डी फिल्म डायरेक्टर अतुल गंगवार, अकेडमिक काउंसिल के मैंबर एवं केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के सलाहकार सत्यनारायण, नेशनल अवॉर्डी फिल्म डायरेक्टर मनीष सैनी व कमलेश मिश्र भी मौजूद रहे। पहली बार आईएफएफआई पहुंचने पर अतिथियों ने यूनिवर्सिटी का डेब्यू पोस्टर भी लॉन्च किया। एनएफडीसी चेयरमैन व मलयालम फिल्म अभिनेता जी कृष्ण कुमार ने कहा कि इस स्टॉल के माध्यम से यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक उपलब्धियों, रचनात्मक गतिविधियों, कला-संस्कृति और यहां फिल्म एवं टेलीविजन की पढ़ाई कर रहे छात्रों की उपलब्धियों को देश-विदेश से आए फिल्मकारों, कलाकारों, प्रतिनिधियों और सिनेमा प्रेमियों के सामने प्रस्तुत करना वाकई सराहनीय कदम है। कुलगुरु डॉ अमित आर्य ने कहा कि सुपवा की इस सहभागिता का उद्देश्य यूनिवर्सिटी की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना व फिल्म, टेलीविजन, दृश्य कला, डिजाइन और प्रदर्शन कला के क्षेत्र में इसकी ओर से किए जा रहे नवाचारों और प्रयासों से वैश्विक समुदाय को परिचित कराना है। यूनिवर्सिटी की स्टॉल पर आने वाले लोगों को यहां संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों, छात्रों की रचनात्मक प्रस्तुतियों, फिल्मों, प्रोजेक्ट्स और अन्य कलात्मक गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है।
ईसी मेंबर एवं नेशनल अवॉर्डी फिल्म डायरेक्टर अतुल गंगवार ने कहा कि आईएफएफआई जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर सुपवा की उपस्थिति यूनिवर्सिटी के लिए गौरव का विषय है। यह मंच न केवल अपनी प्रतिभाओं व उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि देश-दुनिया के फिल्मकारों, कलाकारों, रचनात्मक संस्थानों व विशेषज्ञों के साथ संवाद और सहयोग की नई संभावनाएं भी खोलता है। एकेडमिक काउंसिल के मेंबर एवं केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के सलाहकार सत्यनारायण ने कहा कि सुपवा का उद्देश्य छात्रों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव, रचनात्मक सोच व वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए तैयार करना है। आईएफएफआई में यूनिवर्सिटी की सहभागिता इसी दिशा में बड़ा महत्वपूर्ण कदम है।
नेशनल अवॉर्डी फिल्म डायरेक्टर मनीष सैनी ने कहा कि हरियाणा की कला, संस्कृति व रचनात्मक विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाने में भी सुपवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सुपवा के छात्र अपनी प्रतिभा, मेहनत और नए विचारों के माध्यम से फिल्म एवं कला जगत में अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। आईएफएफआई में सुपवा की स्टॉल को लेकर फिल्म जगत से जुड़े लोगों व महोत्सव में पहुंचे प्रतिनिधियों में उत्सुकता देखने को मिल रही है। यूनिवर्सिटी की यह पहल छात्रों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने के साथ-साथ संस्थान की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने में भी सहायक साबित होगी।
मेला श्री कपाल मोचन आदि बद्री में आयुष विभाग की प्रदर्शनी में आयुर्वेदिक जीवन शैली का दिया जा रहा संदेश
रसोई घर एक आदर्श औषधालय, संतुलित आहार, योग एवं प्राणायाम से स्वस्थ जीवन संभव
बाबूगिरी न्यूज़
चण्डीगढ़, 23 नवंबर – हरियाणा के जिला यमुनानगर के बिलासपुर में 20 से 24 नवम्बर तक आयोजित मेला श्री कपाल मोचन आदि बद्री में प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदर्शनी में आयुष विभाग द्वारा भी स्टॉल लगाया गया है, जहां आने वाले श्रद्धालुओं को आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, यूनानी एवं पंचकर्म चिकित्सा पद्धतियों आदि के बारे में जानकारी देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान विशेष रूप से ‘‘रसोई घर एक आदर्श औषधालय’ की अवधारणा पर जोर देते हुए बताया जा रहा है कि हमारे घर में उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थ सही मात्रा एवं सही समय पर सेवन करने से शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि आयुर्वेदिक आहार, विहार एवं योग के समन्वय से स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
उन्होेंने बताया कि आयुर्वेदिक आहार में दूध, दही, छाछ, मूंग व मसूर की दाल, दलिया, ओट्स, गेहूं, बाजरा, हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, सीमित मात्रा में घी एवं सूखे मेवे और नारियल पानी जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना लाभकारी है। संतुलित आयुर्वेदिक आहार शरीर को ऊर्जा प्रदान करने, पाचन शक्ति सुधारने, मानसिक शांति एवं सकारात्मक मनोदशा बनाए रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने तथा बालों और हड्डियों के स्वास्थ्य में सहायक होता है।
उन्होंने आम जनता को योग एवं प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करने की सलाह दी है। श्रद्धालुओं को प्रतिदिन 30 से 40 मिनट योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
जनगणना 2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कपाल मोचन मेले में लगाया गया विशेष स्टॉल
इसके अतिरिक्त, मेले में प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में जनगणना 2027 को लेकर विशेष स्टॉल लगाया गया है। इस स्टॉल के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आमजन को आगामी जनगणना प्रक्रिया, स्व-गणना, जनगणना के महत्व तथा इसमें पूछे जाने वाले सवालों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार को विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में सहायता प्रदान करते हैं। श्रद्धालुओं को बताया जा रहा है कि स्व-गणना के माध्यम से नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं तथा जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकते हैं।
25 नवम्बर को पंचकूला जिला के उपभोक्ताओं की बिजली सम्बन्धी शिकायतों की होगी सुनवाई
बाबूगिरी न्यूज़
चण्डीगढ़ , 23 नवम्बर – उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली की आपूर्ति उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है । उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निगम द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं । उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम सर्कल फोरम पंचकूला के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के चेयरमैन एवं सदस्य मंच की कार्यवाही 25 नवम्बर को अधीक्षण अभियंता, पंचकूला के कार्यालय में की जाएगी । इस दौरान केवल पंचकूला जिला के उपभोक्ताओं से सम्बंधित शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।
यूएचबीवीएन के प्रवक्ता ने इस सम्बन्ध में जानकारी देते हुए बताया कि मंच के सदस्य, पंचकूला जिले के उपभोक्ताओं की सभी प्रकार की समस्याओं की सुनवाई करेंगे जिनमें मुख्यतः बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग से सम्बंधित शिकायतें, कनैक्शन काटने और जोड़ने बिजली आपूर्ति में बाधाएं, कार्यकुशलता, सुरक्षा और हरियाणा बिजली विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना आदि शामिल हैं । बहरहाल, मंच द्वारा बिजली अधिनियम की धारा 126 तथा धारा 135 से 139 के अन्तर्गत बिजली चोरी और बिजली के अनधिकृत उपयोग के मामलों में दंड तथा जुर्माना और धारा 161 के अन्तर्गत जांच एवं दुर्घटनाओं से सम्बंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जाएगी।
सैनिक स्कूल कुंजपुरा में प्रवेश के लिए 2 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 23 नवंबर – सैनिक स्कूल कुंजपुरा (करनाल ) में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में प्रवेश के लिए ऑल इंडिया सैनिक स्कूल्स एंट्रेंस एग्जाम के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह जानकारी देते हुए स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा ने बताया कि रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूलों में प्रवेश राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाता है। इच्छुक अभिभावक एवं विद्यार्थी एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है।
लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया में हरियाणा के मूल निवासियों के लिए कुल सीटों का 67 प्रतिशत तथा अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए 33 प्रतिशत हिस्सा निर्धारित है। इसके अतिरिक्त अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के लिए निर्धारित आरक्षण के साथ-साथ रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए भी नियमानुसार आरक्षण का प्रावधान है।
इसी प्रकार आयु की बात करे तो कक्षा छठी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए। वहीं, कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए जन्म तिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच निर्धारित की गई है। प्रवेश परीक्षा ओएमआर आधारित होगी।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक प्रवेश विवरणिका में पात्रता, आरक्षण, आयु सीमा, परीक्षा पैटर्न और अन्य शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें तथा अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
प्रदेश में मछली संरक्षण एवं पुनर्वास कार्यक्रम को दिया जा रहा है बढ़ावा : श्याम सिंह राणा
-कहा , हर जिले की जलभराव वाली भूमि और उपयुक्त जल निकायों में 2-2 लाख मछली बीज का करेगी संचयन
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 23 नवंबर – हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण , पशु पालन एवं डेयरी तथा मत्स्य मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि अब प्रदेश सरकार राज्य के प्रत्येक जिले की जलभराव वाली भूमि और उपयुक्त जल निकायों में 2-2 लाख मछली बीज का संचयन करेगी।
राणा ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत हाल ही में यमुनानगर जिला के गांव बुद्ध माजरा के जल सागर से की गई है, जबकि पिछले वर्ष गांव बल्लेवाला में 2 लाख मछली बीज का संचयन किया गया था। उन्होंने बताया कि “मछली-बीज के संचयन” की इस पहल से न केवल मछली उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि जलीय जैव विविधता का संरक्षण भी होगा और स्थानीय मछुआरों व उद्यमियों के लिए आजीविका के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य जल संसाधनों का बेहतर सदुपयोग करते हुए मत्स्य पालन क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाना और मत्स्य पालकों की आय बढ़ाना है। अब तक 49,034 एकड़ जल-क्षेत्र को मछली पालन के अधीन लाकर 1.47 लाख मीट्रिक टन मछली उत्पादन किया जा चुका है। साथ ही, खारे पानी से प्रभावित 4,953 एकड़ जलक्षेत्र को सफेद झींगा पालन के अंतर्गत लाया गया है।
राणा ने यह भी बताया कि अब तक लगभग 4,300 टन क्षमता की कोल्ड चेन और 18 मछली-फीड मिल स्थापित की जा चुकी हैं। इस वर्ष राज्य में तीन मोबाइल जल परीक्षण प्रयोगशाला वैन भेजी गई हैं, जो किसानों को उनके तालाब पर ही मिट्टी और जल परीक्षण की सुविधा उपलब्ध करवाएंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि सरकार द्वारा करनाल और सिरसा में दो प्रोसेसिंग यूनिट लगाई जाएंगी तथा हिसार और फरीदाबाद में दो मछली मंडियों का निर्माण किया जाएगा। भिवानी और सिरसा जिलों में उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
श्याम सिंह राणा ने बताया कि मत्स्य विभाग का योजना बजट वर्ष 2014-15 के लगभग 6.99 करोड़ रुपये से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में लगभग 242.40 करोड़ रुपये किया गया है जो कि प्रदेश सरकार की किसान हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने प्रदेश के किसानों से जल और जलीय संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया ताकि हरियाणा को मत्स्य पालन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुँचाया जा सके।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने पहली बार आयोजित की राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी
58 टीमों ने लिया हिस्सा
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 23 नवंबर – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए पहली बार राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया।
इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 63 टीमों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 58 टीमों ने तीन-तीन विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आठ टीमों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरे चरण में इन आठ टीमों के बीच रोचक एवं ज्ञानवर्धक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैश्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने द्वितीय तथा वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। धूपड़ ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप रटने की प्रवृत्ति के स्थान पर अनुभव आधारित शिक्षा, आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को महत्व देना है।
भावांतर भरपाई योजना के तहत रबी फसलों का पंजीकरण और भौतिक सत्यापन जरूरी
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 23 नवंबर -हरियाणा सरकार द्वारा लागू की गई “भावान्तर भरपाई योजना” का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर पहले फ़सल का पंजीकरण करवाना और उसके बाद उसका भौतिक सत्यापन करवाना आवश्यक है।
उद्यान विभाग के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने भावांतर भरपाई योजना को लेकर किसानों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। इस सूचना के अनुसार, ‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर बिजाई के समय के अनुसार आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर और किन्नू जैसी रबी फसलों का पंजीकरण जारी है।
उन्होंने बताया कि भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के बाद फसलों के क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करवाना आवश्यक है। इसके लिए किसानों को निर्धारित प्रोफार्मा भरकर बागवानी विभाग के ब्लॉक अथवा जिला कार्यालय में जमा करवाना होगा। भौतिक सत्यापन के आवेदन का प्रारूप बागवानी विभाग की वेबसाइट hortharyana.gov.in के साथ-साथ विभाग के ब्लॉक और जिला कार्यालयों में भी उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि अधिक या विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने जिले के जिला उद्यान अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी या मार्केटिंग बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं।












Total Users : 460752
Total views : 728126