November 24, 2026 7:46 am

November 24, 2026 7:46 am

मकान का कब्जा दिलाने की एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगने वाला अदालत का बेलिफ 50 हजार रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

पलवल जिला न्यायालय में तैनात बेलिफ को एसवी एंड एसीबी की टीम ने आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते दबोचा

आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये ले चुका था, शेष 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा

अतिरिक्त सिविल जज की अदालत के आदेश पर मकान का कब्जा दिलाने के लिए किया गया था नियुक्त

बाबूगिरी न्यूज़

चंडीगढ़, 23 नवंबर। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की फरीदाबाद इकाई के उपकेंद्र पलवल की टीम ने आज कार्रवाई करते हुए जिला न्यायालय, पलवल में बेलिफ के पद पर तैनात श्याम सुंदर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 30, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर मांगी थी 70 हजार रुपये की रिश्वत

शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से राधा कॉलोनी, आईटीआई के नजदीक, पलवल स्थित 287 वर्ग गज का दो मंजिला मकान खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया था। बाद में इस मकान को लेकर विवाद होने पर मामला अदालत में पहुंचा। अदालत के आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम कराई गई और उसे मकान का कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी किए गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मकान का कब्जा दिलाने के लिए अदालत द्वारा आरोपी श्याम सुंदर को बेलिफ के रूप में नियुक्त किया गया था। इसी दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसे मकान का कब्जा दिलाने का आश्वासन दिया और इसके बदले 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। आरोप है कि शिकायतकर्ता पहले ही आरोपी को 20 हजार रुपये नकद दे चुका था। इसके बाद आरोपी लगातार शेष 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था।

आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। टीम ने आरोपी श्याम सुंदर को आगरा चौक, पलवल पर उसकी कार में बैठकर शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। इस कार्रवाई में एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार ने ट्रैप का नेतृत्व किया, जबकि राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री ओम दत्त, एक्सईएन, एफएमडीए, फरीदाबाद उपस्थित रहे। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पहले ली गई 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगामी जांच जारी है।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन और ‘सतर्क-हरियाणा’ ऐप

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी भी सरकारी कार्य को करने की एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर करें।
इसके अतिरिक्त, नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा फोटो, वीडियो और ऑडियो जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। ऐप के माध्यम से शिकायतकर्ता अपनी शिकायत से संबंधित आवश्यक जानकारी और साक्ष्य सीधे ब्यूरो तक पहुंचा सकते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 0 7 4 8
Total Users : 460748
Total views : 728120

शहर चुनें