November 25, 2026 7:17 pm

November 25, 2026 7:17 pm

एमडीसी थाना पहुंचे डीसीपी अमरिंदर सिंह, लंबित मामलों की समीक्षा कर दिए समयबद्ध निपटारे के निर्देश

26 पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर किया सम्मानित, सर्दी और धुंध में ड्यूटी करने वाले जवानों को बांटी विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट

बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 25 नवंबर। पंचकूला पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों ने थानों का निरीक्षण तेज कर दिया है। इसी कड़ी में डीसीपी अमरिंदर सिंह ने बीती शाम एमडीसी थाना का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था, लंबित मुकदमों, शिकायतों की जांच और पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और प्रत्येक मामले का निष्पक्ष एवं निर्धारित समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में किए जा रहे इस निरीक्षण के दौरान डीसीपी अमरिंदर सिंह ने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमारी, चौकी इंचार्ज और जांच अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने लंबित मुकदमों और शिकायतों की प्रगति की जानकारी लेते हुए पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता को न्याय के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक शिकायत पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए और कोई भी मामला बिना पर्याप्त कारण के लंबित नहीं रहना चाहिए।


जांच में तथ्यों और साक्ष्यों को दें प्राथमिकता
डीसीपी ने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मामले की जांच में सभी तथ्यों और साक्ष्यों को ध्यान में रखा जाए। पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और शिकायतकर्ता तथा पीड़ित पक्ष को समय पर न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका उचित समाधान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास कायम रखने के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करना जरूरी है।


शस्त्रागार, मालखाने और रिकॉर्ड रूम की जांच
थाने के भौतिक निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने शस्त्रागार में रखे हथियारों की जांच की और पुलिसकर्मियों की कार्यदक्षता का जायजा लिया। इसके अलावा विभिन्न मुकदमों में जब्त किए गए वाहनों, रिकॉर्ड रूम और मालखाने का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी सरकारी अभिलेख व्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए।

धुंध में जवानों की सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर जैकेट
आगामी सर्दी और धुंध के मौसम को देखते हुए डीसीपी ने फील्ड में तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए विशेष पहल की। उन्होंने राइडर और अन्य फील्ड ड्यूटी पर तैनात जवानों को विंटर रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित कीं। ये जैकेट ठंड से बचाव के साथ-साथ कोहरे और कम दृश्यता की स्थिति में सड़क पर पुलिसकर्मियों की पहचान स्पष्ट करने में भी मददगार होंगी। इससे यातायात एवं अन्य फील्ड ड्यूटी के दौरान जवानों की सुरक्षा बढ़ाने में मदद मिलेगी।


उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 26 पुलिसकर्मी सम्मानित
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने और बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से डीसीपी अमरिंदर सिंह ने सराहनीय सेवाएं देने वाले 26 पुलिसकर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी और लगन से ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों का सम्मान करना जरूरी है। इससे न केवल सम्मानित होने वाले कर्मचारियों का उत्साह बढ़ता है, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।


पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना प्राथमिकता : पंकज नैन
इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि पंचकूला के सभी थानों, चौकियों और महत्वपूर्ण पुलिस इकाइयों का नियमित निरीक्षण करने का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना है। प्रत्येक नागरिक को समय पर न्याय दिलाना पंचकूला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और उसका निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान किया जाए। पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और समर्पण से ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से पूरी पुलिस फोर्स को बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर एमडीसी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमारी, टूरिस्ट पुलिस पोस्ट इंचार्ज, सभी जांच अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 6 1 3 8 3
Total Users : 461383
Total views : 729051

शहर चुनें