एयर रेड वार्निंग, रेस्क्यू व मेडिकल रिस्पॉन्स का होगा प्रदर्शन
मॉक एक्सरसाइज के दौरान सायरन बजने पर घबराएं नहीं- गगनदीप सिंह
बाबूगिरी न्यूज़
पंचकूला, 25 नवम्बर। जिला कमांडेंट होम गार्ड गगनदीप सिंह ने बताया कि भूकंप एवं किसी भी आपातकालीन आपदा की स्थिति में प्रशासनिक तैयारियों, सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय तथा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं बचाव क्षमताओं का आकलन और उन्हें सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज का आयोजन 26 नवम्बर को दोपहर 1 बजे राजकीय संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-20 में किया जाएगा।
उपायुक्त सतपाल शर्मा के मार्गदर्शन में कमांडेंट गगन दीप सिंह ने सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज की तैयारियों को लेकर उपायुक्त कार्यालय की नई बिल्डिंग के कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को मॉक एक्सरसाइज के सफल एवं प्रभावी आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने दमकल विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम पंचकूला, आपदा प्रबंधन विभाग, हरियाणा राज्य परिवहन पंचकूला, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिविल डिफेंस पंचकूला तथा जिला के सभी विभागाध्यक्षों को मॉक एक्सरसाइज के लिए आवश्यक तैयारियां एवं समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि सिविल डिफेंस मॉक एक्सरसाइज का आयोजन 26 नवम्बर को दोपहर 1 बजे सेक्टर-20 स्थित राजकीय संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में किया जाएगा। संपूर्ण अभ्यास उपायुक्त के निर्देशन एवं निगरानी में संपन्न होगा। इस दौरान एयर रेड वार्निंग सिस्टम, ब्लैकआउट उपाय, निकासी (इवैक्यूएशन) प्रक्रिया, रेस्क्यू ऑपरेशन, मेडिकल रिस्पॉन्स मैकेनिज्म, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तथा जन-जागरूकता से जुड़े पहलुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। अभ्यास के दौरान नागरिक सुरक्षा कंट्रोल रूम को हॉटलाइन के माध्यम से सूचना प्राप्त होगी। एयर रेड की सूचना आमजन को सायरन के माध्यम से दी जाएगी, जिसके उपरांत घटनास्थल से घायलों का रेस्क्यू किया जाएगा। इस अभ्यास में सिविल डिफेंस एवं सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स, आपदा मित्र तथा होम गार्ड के स्वयंसेवक भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त होते ही सभी आपातकालीन सेवाएं सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के लिए लघु सचिवालय पहुंचेंगी। सेक्टर-20 के संस्कृति स्कूल में फर्स्ट एड पोस्ट स्थापित की जाएगी। घटनास्थल से घायलों को रेस्क्यू कर फर्स्ट एड पोस्ट तक लाया जाएगा तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल, सेक्टर-6 भेजा जाएगा। इस दौरान एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार एवं मेडिकल राहत की समुचित व्यवस्था रहेगी। सर्च एवं रेस्क्यू अभियान स्वयंसेवकों, आपदा मित्रों तथा एनसीसी के सहयोग से संचालित किया जाएगा। अभ्यास के दौरान आग लगने की स्थिति तथा ऊंचाई पर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मॉक एक्सरसाइज के दौरान सायरन बजने पर किसी प्रकार की घबराहट या अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सायरन का उपयोग केवल अभ्यास एवं एहतियाती उद्देश्य से किया जाएगा।
इस अवसर पर डिप्टी सिविल सर्जन डिजास्टर मैनेजमेंट डाॅ. अरविंद, हरियाणा रोडवेज के फोरमेन ब्रिजेश कुमार, कंपनी कमांडर सतनाम सिंह, प्लटन कमांडर नवदीप सिंह, रेडक्रॉस सोसायटी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।













Total Users : 461256
Total views : 728872