अधिकारी सीएम अनाउंसमेंट्स को पूरा करने में लाएं तेजी: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में नायब सिंह सैनी ने दिए विशेष निर्देश
कहा, मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
अब तक की गई 7988 में से 5743 मुख्यमंत्री घोषणाएं पूरी, 1101 पर तेजी से चल रहा कार्य
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 नवंबर-हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में रैलियों एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरे करवाए जाएं ताकि जनता को इनका समुचित लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर में मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी तथा खेल मंत्री श्री गौरव गौतम सहित अनेक विधायक उपस्थित रहे।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में संबंधित विभागों और विधायकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से विधायकों के साथ घोषणाओं की प्रगति का आकलन किया जा रहा है, ताकि लंबित विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके और उनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं का समाधान सुनिश्चित हो।
अब तक की गई 7988 में 5743 घोषणाएं पूरी:
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के दौरों के दौरान अब तक कुल 7988 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 5743 घोषणाओं से संबंधित कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 1101 पर तेजी से कार्य चल रहा है। इसके अतिरिक्त, 805 घोषणाएं लंबित हैं तथा 339 घोषणाओं को क्रियान्वयन के लिए अव्यवहार्य (नॉट फिजिबल) पाया गया है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित रैलियों के दौरान की जाने वाली घोषणाओं के लिए पहले से ही संबंधित विभागों से इनकी व्यवहारिकता के संबंध में सहमति ले ली जाती है, इसके बावजूद यदि भूमि की अनुपलब्धता सहित अन्य किसी कारण से घोषणा को पूरा करने के लिए क्रियान्वयन संभव नहीं हो पाता तो यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने विधायकों से कहा कि वे लंबित घोषणाओं पर विशेष ध्यान दें और संबंधित विभागों के साथ मिलकर इनके क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करवाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिनों विभिन्न विभागों के बजट एवं व्यय की भी समीक्षा की गई थी, ताकि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके और आवंटित बजट का निर्धारित अवधि में सदुपयोग सुनिश्चित हो।
गोलमेज चर्चाओं में विभागवार हुई घोषणाओं की समीक्षा:
बैठक के उपरांत 17 मेजों पर विभागवार गोलमेज चर्चाएं आयोजित की गईं। इस दौरान विधायकों ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की वर्तमान स्थिति, क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों और आगामी आवश्यक कार्रवाई पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इन चर्चाओं के दौरान लिए गए निर्णयों और निर्धारित कार्य-बिंदुओं को विभागवार संकलित किया जा जाएगा, ताकि उन पर प्रभावी कार्रवाई और नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, डॉ. सुमिता मिश्रा, जी. अनुपमा, अनुराग अग्रवाल, विजयेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री दरबार साहिब में माथा टेकाऔर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए की अरदास
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ 25 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर अमृतसर स्थित सचखंड श्री हरमंदिर साहिब (श्री दरबार साहिब) पहुंचकर माथा टेका और गुरु घर में अपनी श्रद्धा एवं आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुरु साहिब के चरणों में नमन करते हुए देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपनाते हुए हम सभी को मानवता, सेवा, समानता, भाईचारे और सद्भाव के मार्ग पर चलना चाहिए।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भाजपा नेता दीप सैनी के आवास पर पहुंचकर जताया शोक
मुख्यमंत्री ने पूर्व सरपंच रणबीर सिंह के निधन पर परिवार को दी सांत्वना
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 नवंबर । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता दीप सैनी के पिता पूर्व सरपंच रणबीर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उन्हें इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया और कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, चेयरमैन गुरनाम सैनी, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
हरियाणा अनुबंध कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा के सम्बन्ध में संस्थाओं की पहचान के लिए समिति का पुनर्गठन
पांच सदस्यीय समिति निर्धारित करेगी पात्रता; संस्थाओं की प्रमाणित सूची भी तैयार करेगी
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 नवंबर-’हरियाणा सरकार ने हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 के दायरे में शामिल की जाने वाली संस्थाओं की पात्रता का निर्धारण करने के लिए पांच सदस्यीय समिति का पुनर्गठन किया है।
इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। यह समिति अधिनियम की धारा 2(एफ) के तहत प्राधिकरण की परिभाषा में विभिन्न संस्थाओं को शामिल करने के लिए विशिष्ट एवं वस्तुनिष्ठ पात्रता मानदंड निर्धारित करेगी। इसके साथ ही, समिति अधिनियम के दायरे में आने के लिए पात्र संस्थाओं की प्रमाणित सूची भी तैयार करेगी।
पुनर्गठित समिति की अध्यक्षता वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव करेंगे, जबकि संबंधित संगठन के प्रशासनिक सचिव समिति के सदस्य होंगे। मानव संसाधन विभाग के विशेष सचिव को समिति का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, महाधिवक्ता, हरियाणा का प्रतिनिधि, जो अतिरिक्त महाधिवक्ता से नीचे के पद का नहीं होगा, समिति में विधिक सदस्य के रूप में शामिल होगा। भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि पवन कुमार को भी समिति का सदस्य बनाया गया है।
15 दिसंबर को मुख्यमंत्री तीर्थयात्रियों की ट्रैन को हरी झंडी दिखा कर करेंगे रवाना
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी हरियाणा सरकार, आवेदन के लिए खुला पोर्टल
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 नवंबर- हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर को 4 दिवसीय निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस विशेष ट्रैन को हरीझंडी दिखाकर रवाना करेंगें। यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने हेतु पोर्टल खोल दिया गया है ।
इस संबंध में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ आदित्य दहिया ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वो यथाशीघ्र अपना रजिस्ट्रेशन करवा लें। रजिस्ट्रेशन सरल पोर्टल पर https://saralharyana.gov.in पर किया जा रहा है।
डॉ आदित्य दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा आगामी दिनों में विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या तथा महाराष्ट्र स्थित श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। योजना के तहत पात्रता के लिए श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक पात्र श्रद्धालु पोर्टल खुलने के बाद ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
27 नवंबर तक एचटेट अभ्यर्थी कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
– 28 व 29 नवंबर को ऑनलाइन ही कर सकेंगे विवरणों में संशोधन
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़ , 25 नवंबर – हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के अध्यक्ष डॉ० शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2026 (एचटेट) लेवल-1, 2 व 3 का आयोजन 26 व 27 दिसंबर, 2026 को किया जा रहा है।
इच्छुक अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर 27 नवंबर, 2026 (रात्रि 11:59 बजे) तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी जिन द्वारा ऑनलाइन आवेदन किए गए हैं, परंतु अभी तक शुल्क जमा नहीं करवाया गया है, वे आवेदन की अंतिम तिथि 27 नवंबर, 2026 से पूर्व अपना शुल्क जमा करवाते हुए आवेदन प्रक्रिया तत्काल पूर्ण करना सुनिश्चित करें। ऑनलाइन आवेदन व परीक्षा शुल्क के सफलतापूर्वक जमा करने के बाद अभ्यर्थी पुष्टिकरण पृष्ठ (Confirmation Page) का प्रिंट लेना सुनिश्चित कर लें।
धूपड़ ने बताया कि एचटेट-2026 परीक्षा के लिए आवेदन 18 नवंबर, 2026 से लाईव किए जा चुके हैं। परीक्षा से संबन्धित सूचना बुलेटिन (Information Bulletin) बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी सूचना बुलेटिन (Information Bulletin) में दर्शाए गए महत्वपूर्ण निर्देशों को ध्यान से पढक़र/समझकर अपनी पात्रता सुनिश्चित कर लें।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी 28 व 29 नवंबर, 2026 को अपने विवरणों में ऑनलाइन संशोधन कर सकते हैं। 27 नवंबर, 2026 उपरांत ऑनलाइन आवेदन तथा 29 नवंबर, 2026 उपरांत विवरण सुधार की अनुमति नहीं होगी। इस सन्दर्भ में कोई भी प्रार्थना पत्र/प्रतिवेदन किसी भी माध्यम से स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए वेबसाइट www.bseh.org.in का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारी/सूचना से वंचित न रह जाएं।
हरियाणा में वैश्विक निवेश को मिलेगी नई गतिः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जाएगा यूके और जर्मनी दौरे पर
28 नवंबर से 5 दिसंबर तक प्रमुख उद्योगपतियों, वैश्विक निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ होंगी महत्वपूर्ण बैठकें
व्यापार, निवेश, शिक्षा, कौशल विकास और एआई तकनीक पर सहयोग पर होगी चर्चा, जर्मनी में होगा हरियाणा का स्टेट रोड-शो
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 नवंबर — हरियाणा में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक एवं निवेश मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल 28 नवंबर से 5 दिसंबर, 2026 तक यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर रहेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल प्रमुख वैश्विक कंपनियों, निवेशकों, प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थानों तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करेगा। प्रतिनिधिमंडल में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहेंगे।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि हरियाणा सरकार प्रदेश को वैश्विक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में पहले भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जापान, सिंगापुर और स्वीडन का दौरा कर चुका है। इन दौरों के दौरान विभिन्न कंपनियों के साथ निवेश, औद्योगिक सहयोग और साझेदारी को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं और लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निवेश के लिए सहमति बनी है। इसी कड़ी में अब प्रतिनिधिमंडल यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के दौरे पर जा रहा है।
व्यापार, निवेश, शिक्षा, AI और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर होगा फोकस
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि यूके दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल विभिन्न बिजनेस लीडर्स, वैश्विक निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेगा। इसके अतिरिक्त, सी.आई.आई. के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी हरियाणा में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री हरियाणा मूल के प्रवासी भारतीयों से भी संवाद करेंगे और उन्हें प्रदेश की विकास यात्रा से जुड़ने तथा हरियाणा में निवेश के माध्यम से राज्य की आर्थिक प्रगति में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित करेंगे।
उन्होंने बताया कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को मुख्यमंत्री विभिन्न प्रमुख उद्योगों, कंपनियों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इसके साथ ही भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (CETA) के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में व्यापार एवं निवेश की संभावनाओं को लेकर विशेष राउंडटेबल बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में शिक्षा, कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा होगी और विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री यूके के सांसदों एवं अन्य प्रमुख प्रतिनिधियों को हरियाणा आने तथा अप्रैल 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।
मुख्यमंत्री इस दौरान यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज के सेंटर फॉर साइंस एंड पॉलिसी के प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद करेंगे। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी ऑफ ऑक्सफोर्ड में अध्ययनरत भारतीय विद्यार्थियों से संवाद कर उनके अनुभवों, विचारों और हरियाणा के विकास में उनकी संभावित भूमिका पर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री क्वीन्स एलिजाबेथ स्कूल, बार्नेट का भी दौरा करेंगे, जहां शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग और हरियाणा में शैक्षणिक कैंपस स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, वैश्विक मंच पर गूंजेगा गीता का संदेश
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि लंदन में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव का भी विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र के महत्ता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, श्रीमद्भगवद्गीता के सार्वभौमिक संदेश—कर्म, कर्तव्य और मानव कल्याण—को विश्वभर में प्रसारित करने तथा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने पर विशेष बल दिया जाएगा।
जर्मनी में हरियाणा का स्टेट रोड-शो, निवेशकों और प्रमुख कंपनियों के साथ होंगी मैराथन बैठकें
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि जर्मनी दौरे के दौरान 2 दिसंबर को हरियाणा स्टेट रोड-शो आयोजित किया जाएगा। इस रोड-शो के माध्यम से हरियाणा की मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना, निवेश अनुकूल नीतियों, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और निवेश की व्यापक संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को हरियाणा सरकार की उद्योग एवं निवेश प्रोत्साहन नीतियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, विभिन्न कंपनियों और निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने तथा औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी के प्रतिष्ठित अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान फ्राउनहोफर के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में हरियाणा में प्रस्तावित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना को लेकर विस्तृत चर्चा होगी। इस संबंध में समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। प्रस्तावित सेंटर में माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स और एनर्जी स्टोरेज जैसे अत्याधुनिक एवं रणनीतिक महत्व के क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे हरियाणा में अनुसंधान, नवाचार, तकनीकी विकास और उद्योगों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
इसी प्रकार, 4 और 5 दिसंबर को मुख्यमंत्री जर्मनी की विभिन्न प्रमुख कंपनियों, उद्योगपतियों और संभावित निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। इन बैठकों के माध्यम से हरियाणा में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक व्यावसायिक साझेदारी के नए अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
हरियाणा में आधार सेवाओं की पहुंच होगी और आसान, UIDAI ने 17 आधार सेवा केंद्र किए स्थापित
प्रदेश के 17 जिलों में संचालित हो रहे आधार सेवा केंद्रों पर मिलेंगी आधार से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं, नए आधार नामांकन की सेवा पूरी तरह निःशुल्क
बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 25 नवंबर – भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ द्वारा हरियाणा के नागरिकों को आधार सेवाएं सुगमता से उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 आधार सेवा केंद्र (ASK) संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को आधार से संबंधित सेवाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे नागरिकों को सामान्य आधार संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ तक आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
UIDAI द्वारा स्थापित ये आधार सेवा केंद्र हिसार, गुरुग्राम, सोनीपत, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, सिरसा, कैथल, भिवानी, पानीपत, मेवात (नूंह), जींद, झज्जर, करनाल, रोहतक और पलवल में स्थित हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य नागरिकों को आधार सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधा और आसान पहुंच उपलब्ध करवाना है। नागरिक अपने निवास स्थान के नजदीक स्थित आधार सेवा केंद्र पर जाकर सुविधानुसार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। ये केंद्र पहले से संचालित अन्य आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों के अतिरिक्त सुविधा केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं।
हिसार का आधार सेवा केंद्र SCO-43, प्रथम तल, सेक्टर-13, मेन पार्किंग, तोशाम रोड, डाबचौक के नजदीक स्थित है। गुरुग्राम में यह प्लॉट नंबर 804, प्रथम तल, चक्करपुर मेन मार्केट रोड, सरस्वती विहार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में है। सोनीपत में U-38, ओल्ड महावीर कॉलोनी, पुरखास रोड, HP पेट्रोल पंप के नजदीक, यमुनानगर में SCO नंबर 3/4, आनंद कॉलोनी, गाबा अस्पताल के नजदीक, अंबाला में SCO-19, हुडा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-9 तथा कुरुक्षेत्र में SCO-94, सेक्टर-17, हुडा में आधार सेवा केंद्र संचालित हैं।
इसी प्रकार फतेहाबाद में स्ट्रीट नंबर-3, सूर्या एन्क्लेव, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के नजदीक, सिरसा में ओल्ड कोर्ट कॉलोनी, ट्रैफिक थाने के सामने, कैथल में मध्य मार्ग, नेहरू गार्डन कॉलोनी, गली नंबर-8 के नजदीक, भिवानी में SCO-3, हुडा मार्केट तथा पानीपत में जाटल रोड, संजय चौक के नजदीक आधार सेवा केंद्र स्थित हैं। नूंह (मेवात) में दिल्ली-अलवर रोड, बालाजी पेट्रोल पंप के सामने, हिदायत कॉलोनी, जींद में SCO-191, डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर, LIC कार्यालय एवं जिला न्यायालय के नजदीक, झज्जर में रोहतक रोड, भगत सिंह चौक के नजदीक, करनाल में SCO-40, सेक्टर-6 मेन मार्केट रोड, रोहतक में पैसिफिक सिटी सेंटर, जाट भवन के नजदीक तथा पलवल में सिविल लाइंस कॉलोनी, मथुरा रोड पर आधार सेवा केंद्र उपलब्ध हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि इन केंद्रों पर नागरिकों को नया आधार नामांकन करवाने, नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग जैसे जनसांख्यिकीय विवरणों में संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा UIDAI के दिशा-निर्देशों के अनुसार अन्य आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। नया आधार बनवाने की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है, जबकि अन्य सेवाओं के लिए, जहां लागू हो, UIDAI द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है।
ये आधार सेवा केंद्र सभी आयु वर्गों के नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं। इनमें बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए भी सुलभ, समावेशी एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले नागरिकों को आधार संबंधी कार्य करवाने के लिए अधिक सुविधाजनक विकल्प मिल रहे हैं।
UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ में किसी विशेष कार्य के लिए जाने वाले नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से 10 से 15 दिन पहले ऑनलाइन अपॉइंटमेंट अवश्य बुक कर लें। इसके लिए UIDAI के अपॉइंटमेंट पोर्टल https://sewa.uidai.gov.in पर जाकर अग्रिम समय लिया जा सकता है। इससे नागरिक अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकेंगे और कार्यालय में व्यवस्थित तरीके से सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ की इस पहल का उद्देश्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देना, आधार सुविधाओं की पहुंच आसान बनाना और आमजन का समय एवं अनावश्यक यात्रा बचाना है।













Total Users : 461418
Total views : 729103